NHM Recruitment 2026: डेंटल सर्जन सहित 140 पदों पर निकली भर्ती, 3 जुलाई तक करें आवेदन

खबर सार :-
छत्तीसगढ़ के कोरिया (बैकुंठपुर) ज़िले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नेशनल हेल्थ मिशन के तहत कोरिया और MCB ज़िलों में 140 खाली पदों पर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित करते हुए एक आधिकारिक सूचना जारी की है।
NHM Recruitment 2026: डेंटल सर्जन सहित 140 पदों पर निकली भर्ती, 3 जुलाई तक करें आवेदन
खबर विस्तार : -

बैकुंठपुरः छत्तीसगढ़ के कोरिया और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), जिला कोरिया (बैकुंठपुर) ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत संविदा आधार पर विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत जिला कोरिया और एमसीबी में कुल 140 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 3 जुलाई तक ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

भर्ती प्रक्रिया शुरू

भर्ती प्रक्रिया 13 जून से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, बैकुंठपुर, जिला कोरिया के पते पर भेजना होगा। आवेदन केवल पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट या रजिस्ट्री के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

जारी अधिसूचना के अनुसार जिला कोरिया में डेंटल सर्जन, एमओ-आयुष (पुरुष एवं महिला), फिजियोथेरेपिस्ट, नर्सिंग ऑफिसर, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, एएनएम, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, काउंसलर, सिक्योरिटी गार्ड, ब्लॉक मैनेजर, जूनियर सेक्रेटेरियल असिस्टेंट सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।

किन पदों पर होगी भर्ती

वहीं एमसीबी जिले में डेंटल सर्जन, एमओ-आयुष, फिजियोथेरेपिस्ट, स्टाफ नर्स, नर्सिंग ऑफिसर, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, एमपीडब्ल्यू, लैब टेक्नीशियन, रेडियोग्राफर, फार्मासिस्ट, डेंटल असिस्टेंट, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, ब्लॉक मैनेजर अकाउंट और अन्य प्रशासनिक पदों सहित कुल 140 रिक्तियों को भरा जाएगा। इनमें कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर और स्टाफ नर्स के पदों की संख्या सबसे अधिक है।

शैक्षणिक योग्यता 

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग योग्यता निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड, संस्थान या विश्वविद्यालय से 8वीं, 10वीं, 12वीं, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग, बीएएमएस, बीएचएमएस, बीयूएमएस, बीडीएस, एमडीएस, बीपीटी, बीएमएलटी, डीएमएलटी, फार्मेसी डिप्लोमा, बीकॉम, बीसीए, एमबीए, एमएसडब्ल्यू या अन्य संबंधित डिग्री एवं डिप्लोमा होना आवश्यक है। कई पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में कार्य अनुभव और कंप्यूटर ज्ञान भी अनिवार्य रखा गया है।

आयु सीमा

आयु सीमा पदों के अनुसार निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु 64 से 70 वर्ष तक रखी गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2025 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।

चयन प्रक्रिया

चयन प्रक्रिया में आवेदन पत्रों की जांच, मेरिट सूची, स्किल टेस्ट, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हो सकते हैं। अंतिम चयन संबंधित पद के लिए निर्धारित पात्रता और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार प्रतिमाह 8,800 रुपये से लेकर 27,500 रुपये तक का मानदेय दिया जाएगा।

आवेदन शुल्क

आवेदन शुल्क भी वर्गवार निर्धारित किया गया है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 700 रुपये, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और महिला उम्मीदवारों को 500 रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग उम्मीदवारों को 300 रुपये शुल्क जमा करना होगा।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कोरिया की आधिकारिक वेबसाइट से भर्ती अधिसूचना डाउनलोड करनी होगी। नोटिफिकेशन में उपलब्ध आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर उसे सावधानीपूर्वक भरना होगा। इसके साथ आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे।

अंतिम तिथि

पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र को एक बंद लिफाफे में रखकर "कार्यालय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बैकुंठपुर, जिला कोरिया, छत्तीसगढ़" के पते पर अंतिम तिथि 3 जुलाई 2025 की शाम 5 बजे तक भेजना होगा। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन या अन्य माध्यमों से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग की यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

यह भी पढ़ेंः-ECIL Recruitment 2026: एम्स बिलासपुर में 33 पदों पर निकली भर्ती, 24 जून तक ऑफलाइन आवेदन का मौका
 

अन्य प्रमुख खबरें