MPC Meeting Repo Rate: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की तीन दिवसीय बैठक आज बुधवार से शुरू हो रही है। इस बैठक के नतीजे शुक्रवार को सामने आएंगे, जिसमें यह तय होगा कि रेपो रेट में कोई परिवर्तन किया जाएगा या नहीं। बाज़ार, उद्योग और निवेशकों की निगाहें इस फैसले पर टिकी हैं क्योंकि यह आगे की आर्थिक गतिविधियों और कर्ज की लागत पर सीधा प्रभाव डालता है।
यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब देश में मुद्रास्फीति ऐतिहासिक निचले स्तर पर बनी हुई है और जीडीपी ग्रोथ ने उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन किया है। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में रियल जीडीपी ग्रोथ 8.2 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह आंकड़ा 5.6 प्रतिशत था। यह तेजी भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और व्यापक सुधार का संकेत देती है। अक्टूबर में मुद्रास्फीति में आई नरमी भी नीति निर्माताओं के लिए राहत लेकर आई है। इसे अर्थव्यवस्था के ठोस फंडामेंटल और सरकार द्वारा किए गए प्रभावी प्राइस मैनेजमेंट उपायों का नतीजा माना जा रहा है।
बैंक ऑफ बड़ौदा के चीफ इकोनॉमिस्ट मदन सबनवीस के अनुसार, मौद्रिक नीति हमेशा भविष्य की स्थिति को ध्यान में रखकर बनाई जाती है। उन्होंने कहा कि चौथी तिमाही और वित्त वर्ष 27 के दौरान मुद्रास्फीति 4 प्रतिशत से ऊपर रह सकती है। ऐसे में रियल रेपो रेट 1-1.5 प्रतिशत के बीच बने रहने की उम्मीद है, जो बताता है कि मौजूदा पॉलिसी रेट उचित स्तर पर है। इसलिए, उनके अनुसार नीतिगत दर में बदलाव की गुंजाइश कम है। एसबीआई की हालिया रिपोर्ट भी इसी संकेत की ओर इशारा करती है। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ सप्ताह पहले तक 25 बेसिस पॉइंट की कटौती की संभावनाएं थीं, लेकिन मजबूत जीडीपी ग्रोथ और बदली आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए दिसंबर में किसी बदलाव की संभावना कम दिखाई देती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यील्ड को नियंत्रित रखने के लिए आरबीआई को लिक्विडिटी के मोर्चे पर तटस्थ और कैलिब्रेटेड रुख अपनाना पड़ सकता है।
हालांकि, सभी विशेषज्ञ इस पर एकमत नहीं हैं। एचएसबीसी ग्लोबल इन्वेस्टमेंट रिसर्च का अनुमान है कि निकट भविष्य में मुद्रास्फीति लक्ष्य से काफी नीचे रह सकती है। ऐसे में आरबीआई 5 दिसंबर को होने वाले एमपीसी निर्णय में रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती कर सकता है। यदि ऐसा हुआ, तो मौजूदा 5.50 प्रतिशत रेपो रेट घटकर 5.25 प्रतिशत पर आ जाएगी।
अन्य प्रमुख खबरें
Bullion Market में बढ़ी हलचलः Akshaya Tritiya से पहले चमका Gold, Silver हुई फीकी
India-Austria रिश्तों को नई उड़ान: रक्षा, खाद्य सुरक्षा और फिल्म सहयोग में ऐतिहासिक समझौते
Akshaya Tritiya 2026: सोने की चमक चरम पर, भारतीय घरों में छिपा दुनिया का सबसे बड़ा खजाना
West Asia Crisis के बीच राहत: देश में LPG Supply सामान्य, कालाबाजारी पर सरकार का सख्त प्रहार
वैश्विक राहत का असर: America-Iran Tension घटते ही Sensex 78,500 के पार, बाजार में चौतरफा तेजी
ग्लोबल संकेतों से बाजार में दमदार उछाल: सेंसेक्स-निफ्टी 1.6% चढ़े, निवेशकों की लौटी मुस्कान
ईंधन कीमतों पर लगाम लगाने की तैयारी: मोदी सरकार ला सकती है ‘Fuel Price Stabilization Mechanism'
मजबूत ग्लोबल संकेतों से सेंसेक्स-निफ्टी में जोरदार उछाल, निवेशकों में खरीदारी की होड़
Just Dial के Q4 नतीजों में दिखा मिला-जुला ट्रेंडः मुनाफा गिरा, रेवेन्यू बढ़ा