मध्य प्रदेश में स्वामित्व योजना की शुरुआत करेंगे नितिन नवीन, 30 हजार लोगों को मिलेगा जमीन का अधिकार

खबर सार :-

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को मध्य प्रदेश के इंदौर शहर पहुंचेंगे। वे यहां स्वामित्व योजना की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में सीएम डाॅ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे।
इंदौर में स्वामित्व योजना की शुरुआत करेंगे नितिन नवीन

खबर विस्तार : -

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में वर्षों से जमीन और मकान में रहने के बावजूद वैध दस्तावेज या पट्टा नहीं होने की समस्या झेल रहे करीब 30 हजार लोगों के लिए राहत मिलने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को इंदौर पहुंचेंगे। वे यहां सुपर कॉरिडोर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में स्वामित्व योजना की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह मध्य प्रदेश में पहला दौरा होगा। हालांकि, उनके कार्यक्रम को लेकर कोई स्वागत रैली या शोभायात्रा नहीं होगी। प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुताबिक, समय की कमी के चलते उनका दौरा मुख्य रूप से सरकारी कार्यक्रम तक सीमित रहेगा।

करीब 30 हजार लोगों को मिलेगा स्वामित्व

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को बताया कि स्वामित्व योजना के जरिए उन लोगों को जमीन और मकान का वैध अधिकार देने की दिशा में काम किया जा रहा है, जो लंबे समय से किसी स्थान पर रह रहे हैं, लेकिन उनके पास स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज या पट्टा उपलब्ध नहीं है। इंदौर और आसपास के इलाकों में करीब 30 हजार लोगों को स्वामित्व के पट्टे देने की तैयारी है। योजना के तहत जिस स्थान पर व्यक्ति वर्षों से रह रहा है, उसी जगह पर उसे स्वामित्व का अधिकार दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

चार करोड़ से अधिक मकान बनाए

विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक मकान बनाए जा चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवारों ने यह समस्या सामने रखी थी कि वे करीब 40 वर्षों से अपनी जमीन पर रह रहे हैं, लेकिन उनके पास उस जमीन का वैध अधिकार या पट्टा नहीं है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर स्वामित्व योजना को आगे बढ़ाया गया।

उज्जैन भी जाएंगे नितिन नवीन

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का इंदौर दौरा सीमित समय का रहेगा। हालांकि, वे मध्य प्रदेश के दो दिवसीय पर आ रहे हैं, लेकिन इंदौर में निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उज्जैन रवाना हो जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला मप्र का दौरा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उज्जैन के रामघाट पर आयोजित कार्यक्रम में भी वे हिस्सा लेंगे। 

ये भी पढ़ेंः- प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना: उत्तर प्रदेश के 8.25 लाख घरों में...

दोपहर 1:45 बजे इंदौर पहुंचेंगे

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन 17 सितंबर को दोपहर 1:45 बजे इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर विमानतल पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:55 बजे गांधी नगर ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर स्वामित्व योजना के अंतर्गत नई राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे। इंदौर के स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे शाम करीब 5:05 बजे उज्जैन पहुंचेंगे।

रामघाट पर शिप्रा आरती और ‘आशीर्वाद का दीया’

उज्जैन पहुंचने के बाद शाम करीब 6:45 बजे नितिन नवीन रामघाट जाएंगे। यहां वे मां शिप्रा की आरती में शामिल होने के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेंगे। इसके बाद रात 8 बजे रामघाट पर आयोजित भजन संध्या में भी शामिल होंगे। रात्रि विश्राम उज्जैन में करेंगे।

महाकाल की भस्म आरती में होंगे शामिल

अगले दिन 18 सितंबर को नितिन नवीन अलसुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेंगे और भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना होंगे। करीब 10 बजे इंदौर विमानतल से पंजाब के लिए प्रस्थान करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास को लेकर भाजपा संगठन ने दोनों शहरों में तैयारियां की हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से भी कार्यक्रम स्थलों और उनके आवागमन को लेकर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

ये भी पढ़ेंः- UPI यूजर्स को बड़ी राहत, नहीं लगेगा कोई शुल्क; ₹2,000...

अन्य प्रमुख खबरें