MP में बढ़ने लगी ठंड, इस सीजन में पहली बार 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़का पारा; 3 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

खबर सार :-

मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने 20 से 22 नवंबर तक अगले तीन दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है।
मध्य प्रदेश में 20 से 22 नवंबर तक आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी

खबर विस्तार : -

भोपाल: पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखने लगा है। इस सीजन में पहली बार राज्य का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। कटनी के करौंदी में कल रात तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, भोपाल और जबलपुर में पचमढ़ी के मुकाबले ज्यादा ठंड महसूस की गई। बढ़ती ठंड के बीच, राज्य के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में 20, 21 और 22 नवंबर के लिए आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के कारण राज्य के मौसम में बदलाव आने वाला है। इसका असर 20 नवंबर से दिखना शुरू हो जाएगा। जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर और नर्मदापुरम संभागों के लिए आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। शहडोल और डिंडोरी में भारी बारिश की संभावना है, जहां अगले 24 घंटों में 4 इंच से ज्यादा बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

सीधी और अनूपपुर में भारी बारिश की संभावना

पूर्वानुमान के मुताबिक, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भी मौसम प्रभावित हो सकता है। 21 नवंबर को सीधी और अनूपपुर में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

20 शहरों में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे

पूरे राज्य में ठंड लगातार बढ़ रही है। कल रात 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। करौंदी के बाद, शहडोल का कल्याणपुर दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा, उमरिया में 10.9°C, रीवा में 11°C, दमोह में 11.2°C, मलाजखंड में 11.8°C और जबलपुर में 11.9°C तापमान दर्ज किया गया। नौगांव में तापमान 12°C, छिंदवाड़ा और खजुराहो दोनों जगह 12.2°C, सीधी में 12.4°C, मंडला में 12.5°C, दतिया में 12.6°C और ग्वालियर में 12.8°C रहा। भोपाल में न्यूनतम तापमान 13°C था, जबकि सतना में 13.2°C, पचमढ़ी में 13.4°C और रायसेन में 13.5°C दर्ज किया गया। इंदौर और बैतूल में तापमान 14°C तक पहुंच गया, जबकि नरसिंहपुर में यह 14.4°C रहा।

ये भी पढ़ेंः- भीषण चक्रवाती तूफान में बदला 'अकवान', शुक्रवार को नरसपुर और पुरी के बीच पूर्वी तट से टकराने की आशंका

तापमान में और गिरावट की संभावना

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी जारी है, जिसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं और मौजूदा मौसमी प्रणालियों के कारण पूरे राज्य में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

FAQ

1- आज मध्य प्रदेश का मौसम कैसा रहेगा?

मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 19 नवंबर के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।

2- चक्रवात ‘अकवान’ के असर से मौसम में क्या बदलाव दिखेंगे?

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर 20 नवंबर से दिखना शुरू हो जाएगा। 20, 21 और 22 नवंबर के लिए आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

3- मौसम विभाग ने क्या चेतावनी जारी की है?

मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में 20 से 21 नवंबर तक आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है।

ये भी पढ़ेंः- गोरखपुर में बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी और बागवानी विश्वविद्यालय, आधारशिला रखेंगे CM योगी

अन्य प्रमुख खबरें