गुलमर्ग और मनाली में पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की खूबसूरत सफेद चादर, ताजा बर्फबारी से मनमोहक हुआ नजारा

खबर सार :-

मशहूर पर्यटन स्थलों गुलमर्ग और मनाली में ताजा बर्फबारी से पहाड़ों ने सफेद बर्फ की खूबसूरत चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी से पर्यटकों—पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों में खुशी की लहर है। बर्फबारी से पूरा इलाका खूबसूरत विंटर वंडरलैंड में बदल गया है।
ताजा बर्फबारी से पर्यटकों-पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों में खुशी की लहर

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थलों गुलमर्ग और मनाली के आसपास हुई ताज़ा बर्फबारी ने पूरे इलाके को एक खूबसूरत विंटर वंडरलैंड में बदल दिया है। आस-पास के पहाड़ सफेद बर्फ की खूबसूरत चादर से ढके हुए हैं, जिससे नज़ारा सच में बहुत मनमोहक लग रहा है।

बर्फबारी से पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों में खुशी

गुलमर्ग के कोंगदुरी और अफरवत में ताज़ा बर्फबारी हुई है। इस ताज़ा बर्फबारी से इलाके में घूमने आए पर्यटकों में बहुत उत्साह और खुशी है। स्थानीय निवासी और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोग भी बहुत खुशी जाहिर कर रहे हैं।
ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी से गुलमर्ग में पर्यटन गतिविधियों फिर से शुरू होने की उम्मीद जगी है। इसे पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे पर्यटन से जुड़े लोगों में नई उम्मीद जगी है।

पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी बर्फ़ से ढ़की पहाड़ियां 

पर्यटन नगरी मनाली की ऊंची पहाड़ी चोटियों पर हुई ताज़ा बर्फबारी से पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से चमक उठी हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी से घाटी में ठंड भी बढ़ गई है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। ताज़ा बर्फबारी से मनाली की खूबसूरती और बढ़ गई है। आने वाले दिनों में मनाली पहुंचने वाले पर्यटकों को ऊंची चोटियों पर ताज़ी बर्फ़ का खूबसूरत नज़ारा देखने को मिल सकता है। बर्फ़ से ढकी पहाड़ियां पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने लगी हैं। इससे पहले, सोमवार को कुल्लू में मौसम बदला और मौसम की पहली बर्फबारी देखने को मिली। कुल्लू विधानसभा के बंजार के जलोरी पास में मौसम की पहली बर्फबारी हुई।

ये भी पढ़ें- नैनीताल और ऋषिकेश के अलावा सर्दियों में घूमें उत्तराखंड के ये खूबसूरत हिल स्टेशन, प्रकृति के बीच मिलेगा सुकून

अन्य प्रमुख खबरें