Kanwar Yatra 2026: सीएम योगी ने कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा, मेरठ में दिखा आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा

खबर सार :-

Kanwar Yatra 2026: सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने भक्तों पर फूल बरसाकर यह संदेश दिया कि सरकार आस्था का सम्मान करती है।
मेरठ: सीएम योगी ने कांवड़ियों पर की फूलों की वर्षा

खबर विस्तार : -

CM Yogi Kanwar Yatra 2026 Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सावन के पवित्र महीने के दसवें दिन, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में भगवान शिव के भक्तों पर श्रद्धा के फूल बरसाए। गोरक्षपीठाधीश्वर के साथ रामायण सीरियल में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले मेरठ के सांसद अरुण गोविल समेत सभी जनप्रतिनिधियों ने आस्था को सम्मान देते हुए शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर भक्तों की आस्था का सम्मान किया। साथ ही, पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर फूलों की बारिश की गई। इस मौके पर पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश कांवड़ यात्रियों द्वारा लगाए जा रहे "हर-हर महादेव, बम-बम भोले " के जयकारों से गूंज उठा। 

हर-हर, बम-बम के जयकारों से गूंज उठा इलाका 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता और सद्भाव का एक अनूठा उदाहरण बताया। राज्य सरकार की ओर से उन्होंने सभी शिव-भक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले, मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का जायजा लिया। उन्होंने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए यात्रियों की भक्ति को नमन किया और प्रशासनिक अधिकारियों को उनकी सुरक्षा, सम्मान और सुविधा के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पवित्र गंगा जल से शिव मंदिरों में 'जलाभिषेक' करने निकले यात्रियों के "हर-हर, बम-बम" के जयकारों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

CM Yogi Adityanath

भक्तों पर फूल बरसाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने यह संदेश दिया कि यह सरकार आस्था का सम्मान करती है। कांवड़ यात्रा में निकली झांकी में ‘बाबा के गण’ विभिन्न स्वरूपों में भोले की मस्ती में डूबे दिखे।  और विभिन्न रूपों में दिखाई दिए। कुछ लोग भगवान भोलेनाथ की यात्रा के जश्न में नाच रहे थे, जबकि अन्य कार्तिकेय और गणेश के रूप में शिव परिवार के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे थे। रथ पर भूत-प्रेत के वेश में लोग भी सवार दिखे। "जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे" जैसे गीतों से पूरा माहौल भगवा रंग में रंगा हुआ लग रहा था। भक्त और आम लोग आस्था, जोश और उत्साह के इस पल को अपने मोबाइल फोन में कैद करते दिखे। 

कांवड़ियों को लेकर क्या बोले सीएम योगी

इस मौके पर मीडियो से बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। भगवान शिव के भक्त (कांवड़िये) हरिद्वार में हर की पौड़ी पर गंगाजल लेने के बाद जलाभिषेक करने के लिए पवित्र शिव मंदिरों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर भी भक्तों की भारी भीड़ जमा हुई है। 

मेरठ में उन्हें जन-प्रतिनिधियों के साथ कांवड़ियों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाने का मौका मिला। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों शिव भक्त पूरी आस्था और उत्साह के साथ इस यात्रा में शामिल हुए हैं। वे मेरठ में बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद में बाबा दूधेश्वर नाथ मंदिर और बागपत में पुरा महादेव मंदिर जैसी जगहों पर दर्शन कर रहे हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ियों के स्वागत और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी पूरी तरह तैयार हैं। भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था के कारण सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा करने वाले ये भक्त आस्था, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता और सद्भाव का जीता-जागता उदाहरण पेश करते हैं। जाति, क्षेत्र और राज्य की सीमाओं से ऊपर उठकर, उनकी हर सांस भगवान शिव को समर्पित है।

CM Yogi Adityanath

मुख्यमंत्री ने कहा कि माहौल उत्साह और जोश से भरा हुआ है। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिला प्रशासन, सेक्टर मजिस्ट्रेट, संयुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मियों सहित सभी स्तरों के अधिकारी श्रद्धा भाव के साथ इस अभियान में शामिल होकर सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। सामाजिक सेवा और धर्मार्थ संगठन विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर कांवड़ियों की जरूरतों और आराम का ध्यान रख रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने इन संगठनों का आभार भी व्यक्त किया। इसे भक्ति की पराकाष्ठा बताते हुए उन्होंने घोषणा की कि आज, कल और परसों (शिवरात्रि) हेलीकॉप्टरों से कांवड़ियों पर फूलों की वर्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सीएम ने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि वे पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra) में शामिल होने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करें और राज्य व देश भर में खुशी, शांति और सद्भाव का माहौल बनाए रखने के लिए अपनी निरंतर कृपा बनाए रखें।

ये भी पढ़ेंः- CM Yogi ने हेलिकॉप्टर से लिया कावड़ रूट का जायजा, कांवड़ियों पर बरसाए फूल...हुड़दंगियों को दी चेतावनी

अन्य प्रमुख खबरें