सत्य निकेतन हादसे के बाद सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन, दिल्ली में पांच मंजिला इमारतें होंगी सील

खबर सार :-

दिल्ली में रविवार को सत्य निकेतन इलाके में एक बहुमंजिला इमारत ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई। सीएम ने दिल्ली में पांचवीं मंजिल वाले भवनों को तत्काल सील करने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली में पांचवीं मंजिल वाले भवन तत्काल होंगे सील, CM ने दिए निर्देश

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार सुबह सत्य निकेतन में घटनास्थल का दौरा किया और सुरक्षा इंतजामों व चल रहे ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग के मालिक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने दिल्लीभर में पांच मंजिला इमारतों को तुरंत सील करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी MCD अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने आस-पास के PG और इमारतों की भी बारीकी से जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उन्हें सील करने का आदेश दिया। उन्होंने साफ़ कहा कि दिल्ली के निवासियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही के मामलों में किसी को बख़्शा नहीं जाएगा। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है, और बचाव व राहत कार्य जारी हैं।

दोषी अफसरों पर होगी कार्रवाई

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि बिल्डिंग के मालिक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और लापरवाही या चूक के दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि दिल्ली के निवासियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही के मामलों में किसी को बख़्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "यह बहुत पुरानी इमारत थी। बेसमेंट में पानी जमा होने से इसके पिलर कमजोर हो गए, जिससे पूरी इमारत ढह गई। इस मामले में कार्रवाई शुरू हो चुकी है और बिल्डिंग के मालिक के खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी। इसके ठीक पीछे बनी इमारत को पूरी तरह खाली करा लिया गया है और एहतियात के तौर पर उसे गिरा दिया जाएगा।"

सरकार बना रही नई पाॅलिसी

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "सरकार, नगर निगम के साथ मिलकर, PG अकोमोडेशन, नर्सिंग होम और सार्वजनिक जगहों पर चल रहे स्कूलों के लिए समय-समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट सुनिश्चित करने की नीति बना रही है। जो इमारतें स्ट्रक्चरल रूप से सुरक्षित प्रमाणित नहीं होंगी, उनमें किसी भी सार्वजनिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी।" रेखा गुप्ता ने कहा, "हम छात्रों को असुरक्षित PG अकोमोडेशन में रहने की अनुमति नहीं देंगे। इलाके से विस्थापित हुए छात्रों के लिए इंतजाम किए गए हैं, और सरकार उनकी ज़रूरतों और भलाई का पूरा ध्यान रख रही है। हम इस घटना से प्रभावित लोगों के माता-पिता के सीधे संपर्क में भी हैं। लापरवाही या ड्यूटी में चूक के दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

यह भी पढ़ेंः- सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत ढही, 3 की मौत, CM...

आर्यभट्ट कॉलेज बना आश्रय स्थल

इस बीच, आर्यभट्ट कॉलेज (साउथ कैंपस) को भी बंद कर दिया गया है और गेट पर एक नोटिस लगाया गया है। नोटिस में सभी संबंधित लोगों को बताया गया है कि सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की दुखद घटना के कारण सोमवार को पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी गतिविधियां बंद रहेंगी और कॉलेज को प्रभावित छात्रों के लिए अस्थायी आश्रय स्थल बनाया गया है। हालांकि, इस मुश्किल समय में मदद और सहयोग के लिए टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ मौजूद रहेंगे।

रविवार को गिरी थी पांच मंजिला इमारत

गौरतलब है कि रविवार दोपहर सत्य निकेतन की एक संकरी गली में पांच मंजिला बिल्डिंग गिर गई, जिसमें लड़कों का हॉस्टल था। यह बिल्डिंग लगभग 50 साल पुरानी थी। AIIMS दिल्ली ने आधिकारिक तौर पर इस घटना में छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। एक बयान में कहा गया, "दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने से घायल हुए ग्यारह मरीजों को JPN एपेक्स ट्रॉमा सेंटर (AIIMS) लाया गया। इन 11 मरीजों में से पांच को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि गंभीर हालत वाले एक मरीज की बाद में चोटों के कारण मौत हो गई। तीन मरीजों को भर्ती किया गया है और उनका इलाज चल रहा है; एक मरीज के अंग में चोट के कारण सर्जरी की गई। एक मरीज को मामूली चोटें आईं और निगरानी के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।"

यह भी पढ़ेंः- सत्य निकेतन हादसे में अब तक 6 की मौत, घटनास्थल पर पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता; जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई

अन्य प्रमुख खबरें