पिता अतीक अहमद की कब्र के पास आज सुपुर्द-ए-खाक होगा अबान, प्रयागराज में हाई अलर्ट

खबर सार :-

Abaan Ahmed Death : माफिया डॉन अतीक अहमद के परिवार के लिए गुरुवार का दिन सबसे बुरा था। क्योंकि सड़क हादसे में उनके सबसे छोटे बेटे अबान की मौत हो गई।
पिता अतीक की कब्र के पास आज दफनाया जाएगा अबान अहमद

खबर विस्तार : -

Atiq Ahmed Son Death: माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद (Aban Ahmed) और उसके दोस्त सोनू की गुरुवार को यूपी के झांसी में हुए एक भयानक सड़क हादसे (Jhansi Road Accident) में मौत हो गई। जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पोस्टमार्टम के बाद उनके शव झांसी से प्रयागराज लाए गए हैं। अबान को आज, शुक्रवार को दोपहर की जुम्मे की नमाज के बाद कसारी-मसारी स्थित पुश्तैनी कब्रिस्तान में मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। फिलहाल प्रयागराज पुलिस हाई अलर्ट पर है, क्योंकि अतीक की पत्नी व अबान की मां शाइस्ता और जैनब के बुर्के में आने की संभावना है।

पिता की कब्र के पास दफनाया जाएगा अबान

बता दें कि झांसी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की एक टीम ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया और इस प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने शवों को परिजनों को सौंप दिया। अबान को उनके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद अहमद की कब्र के पास दफनाया जाएगा। परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों की मौजूदगी में जनाजे की नमाज अदा की जाएगा। 

इसके बाद, अंतिम संस्कार के जुलूस के दौरान अनावश्यक भीड़ को इकट्ठा होने से रोकने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए शव को एम्बुलेंस से कब्रिस्तान ले जाया जा सकता है। कब्रिस्तान परिसर में स्थित मस्जिद में अंतिम संस्कार की नमाज अदा किए जाने की उम्मीद है। अबान के बड़े भाई अहजम और परिवार के कुछ अन्य सदस्य अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। आबान का अंतिम संस्कार कसारी मसारी कब्रिस्तान में शाम 4:00 से 5:00 बजे होने की उम्मीद है। कसारी मसारी कब्रिस्तान में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जेल में बंद भाई नहीं हो सकेंगे जनाजे में शामिल

हालांकि जेल में बंद अली और उमर अहमद को अबान के जनाजे में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई है। अली झांसी जेल में बंद है, उस पर 10 मुकदमे हैं। जबकि  उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है, उस पर 11 मुकदमे दर्ज हैं। अबान को दोपहर करीब 1:30 बजे जुमे की नमाज के बाद उनका शव एम्बुलेंस से कसारी-मसारी स्थित पुश्तैनी कब्रिस्तान लाया जाएगा। जहां उसके पिता अतीक अहमद और चाचा अशरफ की कब्रों के पास और अपने भाई असद की कब्र के ठीक बगल वाली कब्र में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। 

सड़क हादसे में गई अबान अहमद की जान

बता दें कि अबान अहमद अपने दोस्त सोनू और अन्य पांच साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। रास्ते में, झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास, उनकी तेज रफ़्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए।

अतीक अहमद के कुल कितने बेटे थे?

माफिया अतीक अहमद और शाइस्ता परवीन के कुल 5 बेटे थे।

  1. उमर अहमद (सबसे बड़ा बेटा)
  2. अली अहमद (दूसरा बेटा)
  3. असद अहमद (तीसरा बेटा)
  4. अहजम अहमद (चौथा बेटा)
  5. अबान अहमद (सबसे छोटा बेटा)

इसी कब्रिस्तान में दफनाए गए थे अतीक-अशरफ और असद

गौरतलब है कि 13 अप्रैल, 2023 को झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए असद अहमद को भी अगले दिन इसी कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया गया था। वह वर्ष 2005 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह रहे उमेश पाल की हत्या के मामले में वांछित था।  इसके दो दिन बाद, 15 अप्रैल, 2023 को प्रयागराज में न्यायिक हिरासत के दौरान अतीक अहमद (Atiq Ahmed) और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें भी अगले दिन उसी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

FAQ

1. कौन था अतीक अहमद ?

अतीक अहमद एक राजनेता और बाहुबली थे, जो उत्तर प्रदेश की फूलपुर लोकसभा सीट से सांसद (सपा) और प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) की पश्चिमी विधानसभा सीट से कई बार विधायक रहे।

2. अतीक अहमद की हत्या कब और किसने की?

15 अप्रैल 2023 की रात, प्रयागराज में पुलिस कस्टडी में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय, उसे और उसके भाई अशरफ अहमद को तीन हमलावरों (लवलेश तिवारी, अरुण मौर्य और सनी सिंह) ने बहुत करीब से सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। ये हमलावर मीडियाकर्मी बनकर आए थे।

3. अतीक अहमद के कुल कितने बेटे थे ?

अतीक अहमद के कुल पांच बेटे थे। उमर अहमद,अली अहमद, असद अहमद, अहजम अहमद,अबान अहमद। इसमें से असद और अबान की मौत हो चुकी है। जबकि दो बेटे उमर-अली जेल में बंद है। 

4. अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की कैसे हुई मौत ?

अतीक के छोटे बेटे अबान अहमद की मौत यूपी के झांसी में एक सड़क हादसे में हुई।

ये भी पढ़ेंः- सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की मौत, जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था झांसी

अन्य प्रमुख खबरें