दिल्ली में आज सुबह कई जगह वायु गुणवत्ता सूचकांक चिंताजनक, सांसें खींच रही जहरीली हवाएं

खबर सार :-

देश की राजधानी दिल्ली में सांसों का संकट गहरा रहा है। आज सुबह कई स्थानों पर हवा इस कदर जहरीली हुईं कि लोगों का सांस लेना मुश्किल होने लग गया।
दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद की हवा जहरीली, कई इलाकों में एक्यूआई 500 के करीब

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रदूषण एक बार फिर डराने लगा है। यहां से गुजरने वाले जहरीली सांस लेने के लिए मजबूर हो रहे हैं। पूरा एनसीआर अब एक गैस चैंबर बन रहा है। यहां पर सांस लेना अब मुश्किल हो गया है। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 500 के खतरनाक स्तर के करीब है। प्रदूषण को लेकर सभी परेशान हैं। एनसीआर के साथ दिल्ली के चांदनी चौक की हालत सबसे खराब बताई जा रही है। यहां पर एक्यूआई 480 तक पहुंच गया है। यह स्थिति किसी के लिए ठीक नहीं है। 

 देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह कई स्थानों पर हवा इस कदर जहरीली हुईं कि लोगों का सांस लेना मुश्किल होने लग गया। आनंद विहार का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 414, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आसपास 417 और नेहरू स्टेडियन के आसपास एक्यूआई 374 रहा। यह हालत अब एनसीआर की हो रही है। इस पर नियंत्रण न लग पाया तो दिल्ली को गैस चैंबर में तब्दील होने में देर नहीं लगेगी। 

दीपावली के दूसरे दिन गहराया था संकट

यह दूसरी बार इस तरह की हवाएं जहरीली बन रही हैं। दीपावली के अगले दिन नौ नवंबर को दिल्ली में सुबह 10 बजे एक्यूआई 372 दर्ज किया गया था। इसे मौसम विज्ञानी और पर्यावरणविद बहुत खराब मानते हैं। शाम 7 बजे तक यह घटकर करीब 333 पर पहुंच गया था, लेकिन हवाओं की गुणवत्ता में ज्यादा सुधार नहीं हो सका। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 500 के खतरनाक स्तर के बेहद करीब पहुंच गया है।  

चांदनी चौक की हालत सबसे खराब

विभाग ने चेतावनी दी है कि हवा में नमी और प्रदूषकों के जमा होने से परेशानियां आएंगी। इस संबंध में बेहद डरावने आंकड़े हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दिल्ली के 59 में से 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया है। दिल्ली में सबसे खराब हालात चांदनी चौक के हैं। एक्यूआई यहां पर 480 तक पहुंच गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि सुबह के समय वातावरण में स्मॉग की मोटी चादर ने विजिबिलिटी (दृश्यता) को काफी कम कर दिया है। अब 13 से 18 नवंबर तक राजधानी में घना कोहरा और स्मॉग छाया रहेगा। 

इसी तरह एनसीआर के अंतर्गत नोएडा की स्थिति भी खराब है। यहां सेक्टर-62 में एक्यूआई 474 दर्ज किया गया है, जो सीवियर प्लस श्रेणी में आता है। गाजियाबाद की हवा भी जहरीली हो रही है। यहां इंदिरापुरम में एक्यूआई 432, वसुंधरा में 405, न्यू तहसील-लोनी में 398, वेव सिटी में 396 और संजय नगर में 391 दर्ज किया गया है। 

समाधान पर चर्चा नहीं, विवाद पर दे रहे जोर

दिल्ली में प्रदूषण बढ़ रहा है। यहां पर राजनीतिक विवाद चल रहा है। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने पंजाब में दीपावली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी को प्रदुषण के लिए जिम्मेदार माना है। हालांकि, सरकार ने वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने की दिशा में कई तरह के प्रयास करने के दावे किए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने इन आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पंजाब से दिल्ली तक धुआं पहुंचने में दो से तीन दिन लग सकते हैं।

ठंड बढ़ने के साथ ही हवा की गति धीमी होने और प्रदूषकों के नीचे बैठने की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा और स्मॉग जारी रहेगा। ऐसे में दिक्कतें और बढ़ सकती हैं। एक ओर शहर में प्रदूषण को लेकर चिंता जताई जा रही है,वहीं दूसरी ओर इसके समाधान के प्रयास भी नहीं किए जा रहे हैं। सरकार पंजाब में पराली जलाने के आंकड़े दे रही है तो दूसरी ओर पंजाब दिल्ली सरकार को फेल साबित करने पर लगी है। यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में सांस लेना भी मुश्किल हो जाएगा। 

यह भी पढ़ें : लखनऊ में 47 प्रमुख घाटों पर कराई जा रही सजावट, गोमती के तट पर भी बनाया गया घाट

अन्य प्रमुख खबरें