लखनऊ में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच : इकाना स्टेडियम के पास यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू

खबर सार :-

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच के लिए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। जानें रूट और नियम।
लखनऊ इकाना स्टेडियम टी20 मैच: ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग गाइड

खबर विस्तार : -

लखनऊ: यातायात पुलिस कमिश्नरेट, लखनऊ द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को इकाना स्टेडियम में इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। मैच के दौरान दर्शकों और आम नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए विभिन्न वाहन श्रेणियों के लिए रूट डायवर्जन, पार्किंग स्थल और प्रवेश से जुड़े कड़े नियम लागू किए गए हैं। यह व्यवस्था दोपहर 3:00 बजे से मैच समाप्त होने तक लागू रहेगी।

बसों और व्यावसायिक वाहनों के लिए डायवर्जन

मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज बसों, अन्य सभी प्रकार की बसों और छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, निजी वाहनों और किराए की टैक्सी या कारों पर कोई रोक नहीं होगी। जिन रोडवेज और व्यावसायिक वाहनों को सुल्तानपुर की तरफ जाना है, वे तेलीबाग से पीजीआई होते हुए हरिकंश गढ़ी से किसान पथ से कबीरपुर उतरकर सुल्तानपुर की ओर जा सकेंगे। सुल्तानपुर रोड पर ऐसे वाहन अमूल तिराहा से डायवर्ट किए जाएंगे, जबकि अर्जुनगंज और कैंट की तरफ से आने वाले वाहन कटाई पुल से मोड़े जाएंगे। रोडवेज की ओर से जारी डायवर्जन प्लान का पालन निजी बसों को भी सख्ती से करना होगा।

सिटी बस, ऑटो और ई-रिक्शा के नियम

मैच के दौरान सिटी बसें चलेंगी, लेकिन वे शहीद पथ पर हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच नहीं रुकेंगी और सड़क की दाईं ओर चलेंगी। ई-रिक्शा और ऑटो का संचालन शहीद पथ और उसकी सर्विस रोड पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अर्जुनगंज की तरफ से आने वाले ई-रिक्शा और ऑटो अहिमामऊ से बाएं मुड़कर पीएचक्यू, यूपी-112 और मातृत्व अस्पताल के पीछे ई-मार तिराहा (टी-पॉइंट) पर सवारियां उतारेंगे और पीएचक्यू के सामने से होते हुए जी-20 तिराहे से गोमतीनगर की तरफ जाएंगे। इसी प्रकार, सुल्तानपुर रोड से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा बाएं मुड़कर लूलू मॉल की तरफ जाकर सवारियां उतारेंगे। अहिमामऊ से 500 मीटर की परिधि में किसी भी दशा में सवारी न तो उतारी जाएगी और न ही बैठाई जाएगी। ओला, उबर और अन्य किराए के वाहन भी सिटी बसों की तरह हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर सवारी नहीं बैठाएंगे और न ही उतारेंगे।

पार्किंग और निजी वाहनों की व्यवस्था

जिन वाहन स्वामियों के पास वाहन पास होगा, वे अहिमामऊ से एचसीएल की तरफ जाकर वाटर टैंक तिराहा से प्लासियों मॉल होते हुए चिन्हित पार्किंग में अपने वाहन खड़े करेंगे। जिनके पास पास नहीं है, वे भी अहिमामऊ से एचसीएल होकर जाएंगे और पहले आने वाले वाहनों को प्लासियों मॉल में पार्किंग दी जाएगी। मॉल की पार्किंग भरने के बाद वाटर टैंक तिराहे से एचसीएल के बीच पार्किंग की व्यवस्था होगी। सभी दो पहिया वाहन अहिमामऊ से एचसीएल तिराहा होते हुए प्लासियों मॉल के पीछे पार्क किए जाएंगे। स्टेडियम के पास किसी भी स्थिति में वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी और अवैध पार्किंग पाए जाने पर टोइंग तथा क्लैंप लगाने की कार्रवाई की जाएगी। टिकट पर क्यूआर कोड दिया गया है, जिसे स्कैन करने पर मैप सहित पार्किंग स्थलों की जानकारी मिल जाएगी।

स्टेडियम में प्रवेश और सुरक्षा निर्देश

मैच के लिए स्टेडियम के अंदर टिकटों की बिक्री का कोई काउंटर नहीं होगा, इसलिए दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे ऑनलाइन बुकिंग की स्थिति में भी टिकट की हार्ड कॉपी साथ लेकर आएं। हार्ड कॉपी न होने पर प्रवेश वर्जित होगा। मैच शुरू होने से 3 घंटे पहले स्टेडियम के दरवाजे खोल दिए जाएंगे और अंतिम प्रवेश दूसरी पारी के मध्य तक ही मिल सकेगा। एक बार स्टेडियम से बाहर निकल जाने पर दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आईसीसी और बीसीसीआई के निर्देशों के अनुसार सिक्का, ईयरफोन और ज्वलनशील पदार्थ ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। सुरक्षा के मद्देनजर दर्शकों से अपील की गई है कि वे शाम 6:00 बजे से रात 20:00 बजे तक के पीक आवर से बचने का प्रयास करें और इसके पूर्व या बाद में स्टेडियम पहुंचें।

ये भी पढ़ेंः- उस्मानपुर यमुना खादर में देर रात मुठभेड़ के बाद लॉरेंस बिश्नोई और रसीद केवल गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

अन्य प्रमुख खबरें