MI vs KKR IPL 2026: मुंबई इंडियंस (MI) ने IPL 2026 में अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार जीत के साथ की है। रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन की तूफानी पारियों की बदौलत MI ने रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से हरा दिया। 2012 के बाद ये पहली बार है जब मुंबई ने किसी सीज़न का अपना शुरुआती मैच जीता है। मुंबई की जीत के हीरो रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और रयान रिकेल्टन (Ryan Rickelton) रहे। दोनों ने धमाकेदार अर्धशतकीय पारी खेली।
221 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई को रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने एक धमाकेदार शुरुआत दी। इस जोड़ी ने सिर्फ 11.5 ओवरों में पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी की। रोहित सबसे पहले आउट हुए उन्होंने 78 रनों धुआंधार पारी खेली। रोहित ने अपनी 38 गेंदों की पारी में, 6 चौके और 6 छक्के जड़े। उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया जो IPL में उनका अब तक का सबसे तेज़ अर्धशतक है। यह IPL के इतिहास में रोहित का 50वां अर्धशतक भी था।
रिकेल्टन ने भी 43 गेंदों में 81 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 छक्के और 4 चौके शामिल थे। सूर्यकुमार यादव 8 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा ने 14 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया। हार्दिक 11 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि नमन धीर ने 2 गेंदों में 5 रन बनाकर पारी समाप्त की। MI ने 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर जीत हासिल कर ली। 4 विकेट के नुकसान पर कुल 224 रन बनाकर, MI ने यह मैच 6 विकेट से जीत लिया। KKR की तरफ से वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नरेन ने 1-1 विकेट लिया।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाज़ी करते हुए, KKR ने 4 विकेट के नुकसान पर कुल 220 रन बनाए। KKR के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे, जिन्होंने 67 रन का योगदान दिया। अपनी 40 गेंदों की पारी में, रहाणे ने 5 छक्के और 3 चौके लगाए। इसके अलावा, युवा बल्लेबाज़ अंगकृष रघुवंशी ने भी अर्धशतक बनाया। रघुवंशी ने 29 गेंदों में 51 रन की पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और 6 चौके शामिल थे।
इसके अलावा फिन एलन ने 17 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन की पारी खेली। वहीं कैमरन ग्रीन ने 10 गेंदों में 18 रन का योगदान दिया। मुंबई इंडियंस की तरफ से, शार्दुल ठाकुर ने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या ने 3 ओवर में 39 रन देकर 1 विकेट लिया।
अन्य प्रमुख खबरें
RCB vs KKR IPL 2026: कोलकाता पर जीत देगी आरसीबी को 'प्लेऑफ' का टिकट ! रोमांचक होगा मुकाबला
DC vs PBKS Madhav Tiwari: पहले ही मैच में माधव तिवारी ने मचाया कोहराम, पंजाब के जबड़े से छीनी जीत
PBKS vs DC: पंजाब किंग्स ने लगाया हार का चौका, 3 विकेट से जीती दिल्ली, अक्षर-मिलर ने ठोके अर्धशतक