LSG vs PBKS Live Score: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 68वां मैच आज यानी शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) बनाम पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम (Ekana Cricket Stadium) में खेला जाएगा। इस मैच में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) को अपनी प्लेऑफ़ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए लखनऊ (Lucknow Super Giants) के खिलाफ़ हर हाल में जीत हासिल करनी होगी। जबकि लखनऊ पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
बता दें कि IPL 2026 की एक अच्छी शुरुआत के बाद पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की फ़ॉर्म अचानक से गायब होती दिख रही है। PBKS को अपने पिछले छह मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है। बल्लेबाजी के मोर्चे पर प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर को छोड़कर पंजाब के बल्लेबाज़ों को हाल के मैचों में रन बनाने के लिए संघर्ष करते देखा गया है। RCB के ख़िलाफ़ अपने पिछले मैच में, टीम का टॉप ऑर्डर भी बुरी तरह फ़ेल रहा। वहीं, गेंदबाज़ी पंजाब के लिए एक बड़ी सिरदर्दी बनी हुई है; अर्शदीप सिंह अपनी लय खोते दिख रहे हैं, जबकि लॉकी फ़र्ग्यूसन पिछले मैच में काफ़ी महंगे साबित हुए। प्लेऑफ में पहुचने के लिए पंजाब को यह मैच हर हाल में जीतना होगा।
दूसरी तरफ, प्लेऑफ की रेस से पहले से बाहर हो चुकी लखनऊ पंजाब किंग्स का खेल बिगाड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। LSG की बैटिंग लाइनअप ने अपने पिछले दो मैचों में शानदार फ़ॉर्म दिखाया है। खासकर, मिचेल मार्श ने राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़ सिर्फ़ 57 गेंदों में 96 रनों की ज़बरदस्त पारी खेली थी। इसके अलावा, जोश इंग्लिस ने 29 गेंदों में तेज़ी से 60 रनों का योगदान दिया। निकोलस पूरन भी अच्छी फ़ॉर्म में दिख रहे हैं। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़, टीम के गेंदबाज़ 221 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव करने में नाकाम रहे थे। लखनऊ की टीम अपना सम्मान बचाने के लिए शनिवार को मैदान पर उतरेगी।
पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक कुल 7 मैच खेले गए हैं; इनमें से PBKS ने 4 मैच जीते हैं, जबकि LSG 3 मैचों में विजयी रही है। शनिवार को होने वाले मुकाबले में काटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
इकाना स्टेडियम की पिच को गेंदबाज़ों के लिए मददगार माना जाता है। विशेष रूप से स्पिनरों को यहां काफ़ी मदद मिलती है। गेंद बल्ले पर थोड़ी देर रुकती है, जिससे बल्लेबाजों को अपने शॉट्स खेलने में मुश्किल होती है। AccuWeather की एक रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को लखनऊ में बारिश की संभावना न के बराबर है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
लखनऊ : मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, आयुष बदोनी, शाहबाज अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, हरप्रीत बरार, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल/विजयकुमार वैशाख।