Indian Premier League 2026 : गुजरात टाइटंस के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की बड़ी हार के बाद एसआरएच कप्तान पैट कमिंस पर लगा 12 लाख का जुर्माना

खबर सार :-
आईपीएल 2026 में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रनों से हरा दिया। इस मैच में स्लो ओवर रेट के चलते एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है। जीटी के खिलाफ 82 रनों की बड़ी हार के साथ ही एसआरएच की टीम अंकतालिका में पहले स्थान से फिसलकर तीसरे नंबर पर आ गई है।

Indian Premier League 2026 : गुजरात टाइटंस के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की बड़ी हार के बाद एसआरएच कप्तान पैट कमिंस पर लगा 12 लाख का जुर्माना
खबर विस्तार : -

Indian Premier League 2026 : आईपीएल 2026 में मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। एसआरएच को इस मुकाबले में 82 रन से हार का सामना करना पड़ा। हार के साथ ही एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस पर 12 लाख का जुर्माना लगा है। पैट कमिंस पर धीमे ओवर रेट की वजह से 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है।

श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, शुभमन गिल पर भी लग चुका है जुर्माना 

आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "यह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत उनकी टीम का इस सीजन का पहला उल्लंघन था, जो मिनिमम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, इसलिए कमिंस पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया। सीजन में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर, दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल और जीटी के कप्तान शुभमन गिल पर भी धीमे ओवर रेट की वजह से जुर्माना लग चुका है।

'हर टीम को ऐसी दिक्कतों से गुजरना पड़ता है : डेनियल विटोरी 

गुजरात टाइटंस से 82 रनों की बड़ी हार से एसआरएच अंकतालिका में पहले स्थान से फिसलकर तीसरे स्थान पर आ गई है। एसआरएच के रन रेट में भी गिरावट आई है। एसआरएच की हार के बाद हेड कोच डेनियल विटोरी ने कहा कि हर टीम को टूर्नामेंट में कभी-कभी ऐसी स्थिति से गुजरना पड़ता है। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में विटोरी ने कहा, "हमें पता था कि हमें अच्छी शुरुआत करनी है, लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए। मेरा मतलब है कि अगर उन्होंने 200 रन बनाए होते, तो हमें पता होता कि यह बहुत मुश्किल होगा।

लक्ष्य 169 रन होने की वजह से हमारे पास मौका था। लेकिन हम बेहतर शुरुआत नहीं कर सके। हालांकि, मैं बल्लेबाजों पर कोई दोष नहीं लगाना चाहता। वे इस साल बहुत बढ़िया रहे हैं। सीजन में हर टीम को कभी-कभी छोटी-मोटी दिक्कतें का सामना करना पड़ता है। हमारे साथ भी इस मैच में दिक्कत रही। विटोरी ने कहा कि हमें अच्छी शुरुआत नहीं मिलने का उन्होंने फायदा उठाया और बेहतरीन गेंदबाजी की। हमें उनके तेज गेंदबाजों और राशिद खान को खेलने की चुनौती का अंदाजा पहले से था। 

कगिसो रबाडा-जेसन होल्डर के आगे एसआरएच के बल्लेबाज हुए धराशायी

मैच पर नजर डालें तो गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साई सुदर्शन के 61 और वाशिंगटन सुंदर के 50 रनों की मदद से 5 विकेट पर 168 रन बनाए थे। 169 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी एसआरएच की बल्लेबाजी 14.5 ओवर में 86 रन पर सिमट गई और 82 रन से मैच हार गई। जीटी के लिए कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 और जेसन होल्डर ने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए। सिराज और राशिद को 1-1 विकेट मिला।  
 

अन्य प्रमुख खबरें