KKR vs GT: कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम गुजरात टाइटंस मुकाबले में बना महारिकॉर्ड, T20 क्रिकेट में पहली बार हुआ ऐसा

खबर सार :-
KKR vs GT IPL 2026: KKR बनाम GT मैच में शनिवार को खूब रन बने। दोनों टीमों ने मिलकर कुल 465 रन बनाए। यह बात ध्यान देने लायक है कि इस दौरान किसी भी बल्लेबाज़ ने शतक नहीं बनाया। छह बल्लेबाज़ों ने अर्धशतक बनाए, जो एक विश्व रिकॉर्ड है।

KKR vs GT: कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम गुजरात टाइटंस मुकाबले में बना महारिकॉर्ड, T20 क्रिकेट में पहली बार हुआ ऐसा
खबर विस्तार : -

KKR vs GT, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के (IPL 2026) के 60वें मुकाबले में 16 मई की रात कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान में एक ऐसा धमाका हुआ, जिसने T20 क्रिकेट के इतिहास को पूरी तरह से बदल दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) बनाम गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेले गए एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में, एक ऐसा विश्व रिकॉर्ड बना जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले कभी नहीं देखा गया था।

KKR vs GT: छह बल्लेबाजों ने ठोके अर्धशतक

दरअसल इस मुकाबले में चौकों और छक्कों की जमकर बरसात हुई, और दोनों पारियों को मिलाकर कुल 465 रन बने। इस मैच में छह बल्लेबाजों ने अर्धशतक बनाए। टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका था जब एक ही मैच में छह बल्लेबाजों ने 50 या उससे ज़्यादा रन बनाए। कोलकाता नाईट राइडर्स (kolkata knight riders) की तरफ से फिन एलन ने 93 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अंगकृष रघुवंशी 82 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, कैमरन ग्रीन ने 52 रनों की नाबाद पारी खेली। जबकि गुजरात (gujarat titans) की तरफ से शुभमन गिल (85 रन), जोस बटलर (57 रन) और साई सुदर्शन (53 रन) ने 50 से ज्यादा का स्कोर किया। 

KKR vs GT मैच में बने कई रिकॉर्ड

इसके अलावा, इस मैच के दौरान कई और रिकॉर्ड भी बने। IPL 2026 में अब तक 200 रन का आंकड़ा 52 बार पार किया जा चुका है। पिछले सीज़न में भी यह उपलब्धि इतनी ही बार हासिल की गई थी। मौजूदा सीज़न में अभी 74 मैच बाकी हैं, ऐसे में आईपीएल 2026 में 200+ स्कोर का एक नया रिकॉर्ड बनना तय है। इतना ही नहीं सुदर्शन ने इस मैच में अपना लगातार चौथा अर्धशतक पूरा किया। वह गुजरात के लिए एक ही IPL सीज़न में सबसे ज़्यादा लगातार अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। यह रिकॉर्ड पहले हार्दिक पांड्या के नाम था, जिन्होंने लगातार तीन मैचों में तीन अर्धशतक बनाए थे। यह इस सीज़न में सुदर्शन का 50 से ज़्यादा का सातवां स्कोर है।

केकेआर ने दिया था 248 रनों का लक्ष्य

मैच की बात करें तो टॉस जीतने के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान ने कोलकाता को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। ईडन गार्डन्स में अपना 100वां मैच खेल रही केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही; कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ 14 रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बन गए। हालांकि, इसके बाद फिन एलन और अंगकृष रघुवंशी ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 41 गेंदों में 95 रनों की साझेदारी की। आखिरी ओवरों में कैमरन ग्रीन ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 28 गेंदों में 52 रन ठोक दिए। इसके परिणामस्वरूप, KKR ने अपने निर्धारित 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर कुल 247 रन का स्कोरबोर्ड खड़ा करने में सफलता हासिल की। केकेआर के लिए एलन (93),अंगकृष ( 82) और कैमरन ग्रीन ने 52 रनों की दमदार पारी खेली।

KKR vs GT:  218 रनों पर ही सिमट गई गुजरात

248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, गुजरात टाइटंस 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर केवल 218 रन ही बना सकी। GT की ओर से, शुभमन गिल ने 49 गेंदों में 85 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे, जबकि साई सुदर्शन ने 28 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। इसके अलावा, जोस बटलर ने 35 गेंदों में 57 रनों का योगदान दिया। केकेआर ने इस मुकाबले में 29 रन से जीत लिया। इसी के साथ ही गुजरात टाइटंस की लगातार पांच मैचों की जीत की लय टूट गई। साथ ही प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को भी जिंदा रखा।

अन्य प्रमुख खबरें