सोनभद्र : विन्ध्याचल मण्डल के आयुक्त राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में सोनभद्र में खनन और वन से जुड़े विभागों की एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में खनन गतिविधियों की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा मानकों के अनुपालन और लंबित स्वीकृतियों की प्रगति की समीक्षा करना रहा। इसमें जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, वन व खनन विभाग, राजस्व विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि और खनन पट्टाधारक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मण्डलायुक्त ने खान सुरक्षा निदेशालय (डीजीएमएस) द्वारा बंद की गई 37 खदानों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनकी जांच के लिए एक उच्चस्तरीय संयुक्त समिति के गठन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समिति एक सप्ताह के भीतर सभी तथ्यों की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। समिति में उपजिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, वन विभाग, डीजीएमएस, खनन विभाग के अधिकारी और भू-वैज्ञानिक शामिल किए जाएंगे, ताकि तकनीकी और प्रशासनिक दोनों पहलुओं की समग्र समीक्षा हो सके। आयुक्त ने यह भी संकेत दिया कि जिन खदानों ने डीजीएमएस द्वारा मांगे गए सरफेस प्लान और सुधारात्मक कार्य योजनाएं निर्धारित समय में प्रस्तुत कर दी हैं, उन्हें आवश्यक जांच के बाद पुनः संचालन की अनुमति देने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। इससे जिले में खनन गतिविधियों को सुरक्षित और नियमानुसार आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बैठक में जिले में लंबित विभिन्न स्वीकृतियों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि वन अनापत्ति के लिए 13 क्षेत्र, पत्थर और मोरम से जुड़े 24 क्षेत्र, पर्यावरण स्वीकृति के लिए 12 क्षेत्र तथा डीएसआर में शामिल 10 क्षेत्र—इस प्रकार कुल 59 क्षेत्र अभी प्रक्रियाधीन हैं। मण्डलायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इन सभी मामलों में शीघ्र आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें विज्ञापित किया जाए, ताकि आम जनता को गिट्टी, बालू जैसे उपखनिजों की उपलब्धता बाधित न हो।
इस अवसर पर आयुक्त ने वाराणसी क्षेत्र के खान सुरक्षा निदेशक द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर खनन पट्टाधारकों से सीधा संवाद किया और बंद खदानों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को समझा। जिलाधिकारी ने पट्टाधारकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खदानों में केवल प्रशिक्षित और दक्ष कर्मियों की तैनाती की जाए तथा डीजीएमएस के निरीक्षण के समय संबंधित खदान स्वामी की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि दिए गए सुझावों और निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन हो सके। बैठक में कैमूर वन्य विहार प्रभाग के डीएफओ तापस मिहिर, डीएफओ राबर्ट्सगंज, ओबरा और रेनुकूट, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप, खनन व्यवसाय संगठन के अध्यक्ष, पदाधिकारी और अन्य व्यवसायी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि नियमों के अनुरूप खनन को बढ़ावा देते हुए सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
अन्य प्रमुख खबरें
बिहार में दामाद की हत्या, गड्ढे में दफनाया शव, 4 महिलाएं गिरफ्तार
मुस्तरा रेलवे स्टेशन पर चला मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान, पकड़े गए 265 अनियमित यात्री
विश्व हिंदू महासंघ किन्नर प्रकोष्ठ की क्षेत्रीय महामंत्री बनने पर माँ किरन नंदगिरी का भव्य स्वागत
अवैध खनन पर तमिलनाडु सरकार सख्त, पूरे राज्य में खदानों का होगा निरीक्षण
जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण कार्य शुरू, डीएम ने लोगों से की सहयोग की अपील
जिला अधिकारी के निर्देश पर ओबरा में शुरू हुआ पानी छिड़काव अभियान, धूल और प्रदूषण से मिलेगी राहत
UPRVUNL अधिकारी एसोसिएशन की बड़ी मांग, स्थानांतरण नीति शून्य करने का प्रस्ताव
अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर “पानी पेड़ बचाओ अभियान” की भव्य गोष्ठी आयोजित
सोनभद्र पुलिस का अनोखा जागरूकता अभियान, “सेल्फी स्टेशन” से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए बना रेवेन्यू रिफॉर्म सेल, कर वसूली व्यवस्था होगी मजबूत
दिल्ली दंगा केस में तस्लीम अहमद और खालिद सैफी को अंतरिम जमानत
ओडिशा में लू लगने से 3 की मौत, कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
केदारनाथ मार्ग पर हादसा: सोनप्रयाग में पहाड़ी से गिरे पत्थर, युवक की मौत, एक घायल
Iqra Hasan FIR: कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के खिलाफ FIR दर्ज, जानें किस मामले में हुई कार्रवाई