पीलीभीतः जनपद पीलीभीत के विकासखंड पूरनपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत दिलाबरपुर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गांव की गलियों में गंदगी का अम्बार लगा है और जगह–जगह गंदा पानी जमा होने से ग्रामीण गंभीर बीमारियों के खतरे में जीने को मजबूर हैं। जल निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण गलियां बदबूदार पानी से लबालब भरी हुई हैं, जिससे डेंगू जैसी खतरनाक बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की आशंका लगातार बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव ने मिलकर साफ-सफाई के नाम पर कागजों में लाखों रुपये निकाल लिए, लेकिन जमीन पर कोई काम नहीं कराया गया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में न तो सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति रहती है और न ही नालियों की सफाई की जाती है।
सबसे चिंताजनक स्थिति गांव के प्राथमिक विद्यालय के सामने देखने को मिलती है, जहां नालियां पूरी तरह जाम हैं और उनके सामने गंदगी जमा है। यहां पढ़ने आने वाले छोटे-छोटे बच्चों को रोजाना गंदे पानी और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है, जिससे किसी बड़ी बीमारी का खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान द्वारा सफाई कार्य के नाम पर 1 लाख रुपये से अधिक का भुगतान निकाला गया है, जबकि गांव में एक इंच भी सफाई नहीं कराई गई। भुगतान आखिर किसकी जेब में गया, यह बड़ा सवाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सीडीओ राजेंद्र प्रताप श्रीवास्तव जांच कमेटी गठित कर गांव में हुए कार्यों की वास्तविकता की जांच कराएं तो ग्राम प्रधान और संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई संभव है। फिलहाल ग्रामीण बदहाल सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही के बीच खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
अन्य प्रमुख खबरें
Sriganganagar: सूरतगढ़ सहित पूरे जोन में 20 नई पिट लाइनों का होगा निर्माण
सनातन जागृति के लिए बढ़ा सहयोग का हाथ: हरि शेवा चैरिटेबल ट्रस्ट ने दिया दान
Pilibhit: 9 दिन बाद भी लापता युवती का नहीं मिला सुराग, पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
जिला कारागार में संदिग्ध मौत: सुरक्षा पर उठे सवाल, न्यायिक जांच की मांग तेज
दिल्ली विधानसभा में बैरियर तोड़कर घुसी थी कार, पीलीभीत का आरोपी गिरफ्तार
UPPCS में अनामिका ने रोशन किया जिले का नाम, विधायक ने मुलाकात कर दी बधाई
अयोध्या पुलिस की सराहनीय कार्रवाई, 30 लाख रुपए के खोए फोन किए बरामद
संविदा बिजली कर्मियों का प्रदर्शन, निष्कासन के खिलाफ बहाली की मांग तेज