बहराइच : जिलाधिकारी मोनिका रानी को नागरिक सेवा क्षेत्र में प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री पुरस्कार (समग्र विकास श्रेणी) से सम्मानित किये जाने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य स्वागत/सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर बड़े हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया।
समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से समारोह से सम्बन्धित वीडियो क्लिप भी दिखायी गयी, जिससे सभी को अपने दायित्वों के प्रति एक नई ऊर्जा प्राप्त हो। इस अवसर पर सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा जनपद में चलाये गये सेवा संतृप्ति अभियान के दौरान प्राप्त अनुभवों को भी साझा किया गया। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमारी सफलता के पीछे समाज का भी अप्रत्यक्ष रूप से योगदान होता है, अतः हम सभी का यह कर्तव्य है कि हम अपने पद के अनुरूप समाज की सेवा में अपना अधिकतम योगदान दें।
उन्होंने कहा कि परिस्थितियों को अनुकूल बनाते हुए प्रतिदिन निरन्तर प्रयास करने के परिणाम की अनुभूति सदैव सुखद होती है। इसलिए हमारा लक्ष्य सदैव लोगों को लाभान्वित करने के लिए प्रयासरत रहना होना चाहिए। उन्होंने सभी को क्षेत्र में जाकर आमजन की समस्याओं का समाधान करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए भी प्रेरित किया। डीएम ने कहा कि प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त करना सुखद अनुभव है। लेकिन इसका दूसरा पहलू यह है कि अब लोगों को हमसे अधिक अपेक्षाएं होना स्वाभाविक है।
इसलिए हमें पहले से अधिक प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह ने कहा कि संतृप्ति अभियान से जिले को नई ऊर्जा मिली है, आप भी इसे शक्ति अभियान के रूप में स्वीकार करें। उन्होंने कहा कि किसी भी भूमिका को निभाने के लिए नेतृत्व की आवश्यकता होती है, जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में आप सभी अधिकारियों ने जो भूमिका निभाई है, उसका परिणाम है कि जिले को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे इसी प्रकार प्रयास करते रहें, ताकि आकांक्षी जिला बहराइच देश के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान बना सके। समारोह को संबोधित करते हुए सीडीओ मुकेश चंद्र ने कहा कि जिलाधिकारी के कुशल मार्गदर्शन एवं अथक प्रयासों के फलस्वरूप यह सफलता प्राप्त हुई है।
अन्य प्रमुख खबरें
Sriganganagar: सूरतगढ़ सहित पूरे जोन में 20 नई पिट लाइनों का होगा निर्माण
सनातन जागृति के लिए बढ़ा सहयोग का हाथ: हरि शेवा चैरिटेबल ट्रस्ट ने दिया दान
Pilibhit: 9 दिन बाद भी लापता युवती का नहीं मिला सुराग, पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
जिला कारागार में संदिग्ध मौत: सुरक्षा पर उठे सवाल, न्यायिक जांच की मांग तेज
दिल्ली विधानसभा में बैरियर तोड़कर घुसी थी कार, पीलीभीत का आरोपी गिरफ्तार
UPPCS में अनामिका ने रोशन किया जिले का नाम, विधायक ने मुलाकात कर दी बधाई
अयोध्या पुलिस की सराहनीय कार्रवाई, 30 लाख रुपए के खोए फोन किए बरामद
संविदा बिजली कर्मियों का प्रदर्शन, निष्कासन के खिलाफ बहाली की मांग तेज
पीलीभीत: मकान पर लिखा 'विवादित' विज्ञापन बना चर्चा का विषय, विरोध के बाद बदला गया पोस्टर
अयोध्या में निषाद राज जयंती की धूम: भव्य शोभायात्रा के साथ 11 जोड़ों ने रचाया ब्याह