झांसीः थाना प्रेमनगर क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। बिहारीपुरा के खड़इया मोहल्ले में दो भाइयों के बीच संपत्ति बंटवारे के बाद हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। आरोप है कि छोटे भाई मसारिक बेग ने बड़े भाई तारिक बेग (38) की कुल्हाड़ी से हत्या कर शव को घर के पीछे खाली जमीन में दफना दिया।
बताया गया है कि घटना 15 फरवरी की है। हत्या के बाद आरोपी ने खुद ही थाना प्रेमनगर में अपने भाई की गुमशुदगी दर्ज कराई, ताकि किसी को उस पर शक न हो। मृतक तारिक बेग अविवाहित था और बीबीए की पढ़ाई कर चुका था। उसके पिता का देहांत हो चुका है, जबकि मां तहसील के पास रहती हैं। छोटे भाई मसारिक बेग की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के मामा सलीम को मसारिक पर शक हुआ। उन्होंने पुलिस को बताया कि तारिक ने शादी नहीं की थी और उसकी संपत्ति पर छोटे भाई की नजर थी। इसी आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई। मामा की तहरीर पर पुलिस ने मसारिक बेग को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध कबूल कर लिया। मसारिक ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों भाइयों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। इसी दौरान आवेश में आकर उसने कुल्हाड़ी से वार कर तारिक की हत्या कर दी और शव को घर के पीछे दफना दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जमीन की खुदाई कर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। आरोपी द्वारा बताए गए स्थान से आलाकत्ल बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मामा सलीम की तहरीर पर मसारिक बेग के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग हैरान हैं कि संपत्ति विवाद ने भाई-भाई के रिश्ते को खून से रंग दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
अन्य प्रमुख खबरें
नदबई में सर्राफा दुकान पर चोरी, 10 लाख की चांदी के जेवरात ले उड़े अज्ञात चोर
सपा नेता आईपी सिंह पर FIR दर्ज, CM योगी पर की थी विवादित टिप्पणी
शाहपुरा को फिर जिला बनाने का वादा, सियासत में गरमाई बहस
Sriganganagar: सूरतगढ़ सहित पूरे जोन में 20 नई पिट लाइनों का होगा निर्माण
सनातन जागृति के लिए बढ़ा सहयोग का हाथ: हरि शेवा चैरिटेबल ट्रस्ट ने दिया दान
Pilibhit: 9 दिन बाद भी लापता युवती का नहीं मिला सुराग, पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
जिला कारागार में संदिग्ध मौत: सुरक्षा पर उठे सवाल, न्यायिक जांच की मांग तेज