कोलकाता : टी20 वर्ल्ड कप 2026 ने अपने पहले ही हफ्ते में एक रोमांचक मुकाबला देखा, जहां हारने वाली टीम ने भी जीतने वाली टीम से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। सोमवार को ईडन गार्डन्स के ऐतिहासिक मैदान पर जब इंग्लैंड और इटली की टीमें आमने-सामने हुईं, तो किसी को उम्मीद नहीं थी कि इटली की टीम साल 2022 की चैंपियन टीम को इतना संघर्ष करने पर मजबूर कर देगी। 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली भले ही 24 रन से मैच हार गया, लेकिन उसने क्रिकेट जगत को एक सीख दी है - अंडरडॉग टीमों को कमतर आंकना खतरनाक हो सकता है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 7 विकेट के नुकसान पर 202 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लेकिन इस पारी की शुरुआत आसान नहीं थी। इटली के गेंदबाजों ने पॉवरप्ले में इंग्लैर्ड को बैकफुट पर धकेल दिया था। 105 रन तक 5 विकेट गिर चुके थे और इंग्लैंड मुश्किल में नजर आ रहा था। हालाँकि, विल जैक्स ने एक छोर संभाले रखा और पारी को गहराई तक ले गए। उनकी शानदार पारी की बदौलत इंग्लैर्ड सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सका। यह वही मोड़ था, जिसने मैच को इटली की पकड़ से थोड़ा सा दूर कर दिया।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में इटली के कप्तान हैरी मानेंटी का आत्मविश्वास देखते ही बनता था। हार के बावजूद उनकी आँखों में गर्व था और चेहरे पर संतोष। उन्होंने कहा, "हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं था। हम यही सोचकर मैदान में उतरे थे। जब आप इंग्लैर्ड जैसी टीम के खिलाफ खेलते हो, तो दबाव उन्हीं पर होता है। हमारा एक ही मकसद था - डटे रहना और उन्हें उनकी सीमा तक धकेलना। पूरे टूर्नामेंट में हम यही करने वाले हैं।" मानेंटी का यह बयान टीम की मानसिकता को साफ दर्शाता है। इटली की टीम में क्रिकेट के दिग्गज तो नहीं हैं, लेकिन जज्बे की कोई कमी नहीं है।
कप्तान ने इंग्लैंड की खेल शैली का विश्लेषण करते हुए बताया कि उनकी योजना क्या थी। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड आक्रामक क्रिकेट खेलने के लिए जाना जाता है, जो दर्शकों को तो भाता है, लेकिन विरोधियों के लिए खतरनाक है। "हमें पता था कि वे शुरू से ताबड़तोड़ हमला करेंगे। हमारी योजना शुरुआती ओवरों में विकेट लेने की थी, ताकि हम मिडिल और डेथ ओवरों में मुकाबले में बने रह सकें।" उनकी यह रणनीति काफी हद तक कामयाब भी हुई, लेकिन विल जैक्स की पारी ने इंग्लैंड को मुश्किल से निकाल लिया।
हैरी मानेंटी ने मैच के टर्निंग प्वाइंट रहे विल जैक्स की जमकर प्रशंसा की। "उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने साबित कर दिया कि अगर आप पारी को गहराई तक ले जाते हैं और मिडिल ऑर्डर में दम है, तो किसी भी लक्ष्य का पीछा किया जा सकता है।" जैक्स के आक्रमण के बावजूद, मानेंटी को लगता है कि उनकी टीम ने इंग्लैंड को 200 रनों तक सीमित रखकर अच्छा काम किया। "ईडन गार्डन्स जैसे छोटे मैदान पर, इतनी मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के खिलाफ 200 रन बहुत बड़ा स्कोर नहीं है। हमें भरोसा था कि हम इसे चेज कर सकते हैं।"
इटली की ओर से जवाबी पारी खेलते हुए बेन मेनांटी ने आते ही पहली गेंद से आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और मैच को रोमांचक बना दिया। कप्तान ने अपने इस साथी की तारीफ में कहा, "बेन की पारी जबरदस्त थी। जब हमने जल्दी विकेट गंवा दिए थे, तो उनका इस तरह आक्रमण करना इंग्लैंड पर दबाव बनाने वाला था।" अंत में ग्रांट स्टीवर्ट ने भी वही किया। छोटी-छोटी साझेदारियों ने इटली को मैच में बनाए रखा। कप्तान मानेंटी का मानना है कि यही छोटी साझेदारियां भविष्य के लिए अच्छा संकेत हैं। "यह साबित करता है कि अगर हम थोड़ी देर टिक जाते हैं और दबाव बनाए रखते हैं, तो कुछ भी हो सकता है।"
हालांकि यह मैच हारने के साथ ही इटली की टीम लगातार दूसरी हार के साथ सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो गई है। ग्रुप-सी की प्वाइंट्स टेबल में टीम फिलहाल चौथे स्थान पर है। लेकिन टीम का मनोबल ऊंचा है। 19 फरवरी को इटली अपने अभियान का आखिरी मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी। वेस्टइंडीज जैसी ताकतवर टीम के खिलाफ भी इटली यही जज्बा दिखाना चाहेगी। कप्तान हैरी मानेंटी के शब्दों में, "हम बगैर किसी डर के खेलना जारी रखेंगे। हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं है और दुनिया को दिखाने के लिए बहुत कुछ है।" इटली की इस टीम ने भले ही ट्रॉफी न जीती हो, लेकिन उसने दिल जीत लिए हैं। उनकी निडर क्रिकेट और कप्तान के बयान ने यह संदेश दे दिया है कि आने वाले समय में यह टीम और बेहतर प्रदर्शन करेगी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली एक ऐसी टीम के रूप में उभरी है, जिसे हल्के में लेना किसी के लिए भी भारी पड़ सकता है।
अन्य प्रमुख खबरें
'बाप तो बाप होता है...' भारत की महाविजय पर बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने पाकिस्तान पर कसा तंज
IND vs PAK: टीम इंडिया ने लगाई जीत की हैट्रिक, भारतीय 'धुरंधरों' ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदा
England vs Scotland : टॉम बैंटन का तूफानी अर्धशतक, इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से रौंदा