आगरा में सपा ने भाजपा को दी पटखनी, शिक्षक MLC सीट पर आकाश अग्रवाल दूसरी बार जीते

खबर सार :-

UP MLC Elections Results 2026: आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल विजयी रहे। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार हरि किशोर तिवारी को हराया। अग्रवाल ने 2020 में निर्दलीय के रूप में उसी सीट से जीत हासिल की थी।
UP MLC Election Results : आगरा में सपा ने भाजपा को दी पटखनी

खबर विस्तार : -

UP MLC Elections Results 2026: देश के चार राज्यों बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) चुनावों के परिणाम लगभग घोषित कर दिए गए हैं।  उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों के नतीजे आगरा में समाजवादी पार्टी (SP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP), दोनों के लिए मिले-जुले रहे हैं। आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा उम्मीदवार डॉ. आकाश अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी को पटखनी देते हुए लगातार दूसरी बार जीत दर्ज। वहीं, आगरा मंडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ 'गुरुजी' ने सपा के शशांक यादव को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी।

शिक्षक MLC सीट पर आकाश अग्रवाल दूसरी बार जीते

जानकारी के मुताबिक, सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने बीजेपी प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को हराकर जीत हासिल की है। ​उन्होंने 2020 में भी इसी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की थी। वहीं दूसरी बार इस सीट पर अपना दबदबा बनाए रखा। इस बार उन्होंने एसपी उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की है।  शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी जीत की घोषणा के बाद, बुधवार को रिटर्निंग ऑफिसर नरेंद्र प्रताप ने डॉ. आकाश अग्रवाल को चुनाव प्रमाण पत्र सौंपा। 

हालांकि, प्रशासन की ओर से वोटों की अंतिम आधिकारिक गिनती तुरंत उपलब्ध नहीं कराई गई। प्रमाण पत्र मिलने के बाद आकाश अग्रवाल को मीडिया से मुखातिब नहीं हो गए। उन्हें भारी संख्या में मौजूद अपने समर्थकों के बीच, पुलिस सुरक्षा में मतगणना स्थल के पिछले दरवाजे से बाहर ले जाया गया।

ये भी पढ़ेंः- Karnataka MLC Elections Results: कर्नाटक में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, NDA ने सभी चारों सीटें जीतीं

सपा ने आकाश अग्रवाल को दी बधाई

आकाश अग्रवाल की जीत के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। अखिलेश यादव ने एक्स हैंडल पर कहा कि ‘PDA’ में ‘A’ का मतलब अब 'अग्रवाल-अग्रवंशी' भी है। डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ बीजेपी और उनके संगी-साथियों ने जिस तरह आंखों में आंसू लाने व कपड़े फाड़ने का दुर्व्यवहार किया है, वह पूरा अग्रहरि समाज 'पीड़ित, दुखी, शिक्षित' स्वभाव का है। आज अग्रहरि समाज अपने को ठगा और पीड़ित-उत्पीड़ित महसूस कर रहा है, और 'जो पीड़ित, वो पीडीए!' ही हमारा नारा है।

वोटिंग के दौरान आकाश ने लगाए थे बूथ कैप्चरिंग के आरोप

दरअसल आकाश अग्रवाल ने वोटिंग के दौरान बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया था। जीत के बाद उन्होंने कहा कि हमारे शिक्षक साथियों को परेशान किया गया। बूथ कैप्चरिंग भी हुई। दुख की बात है। शिक्षकों के एमएलसी चुनाव में अब बदलाव हो गया है। मुझे लगता है कि शिक्षक अब कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार की छवि थी कि वह आतंकवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ है, लेकिन जब मैंने देखा कि मेरे साथियों को डराया जा रहा है और बूथ कैप्चरिंग हो रही है, तो वह छवि टूट गयी। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम करते हैं।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में BJP ने दर्ज की जीत

दूसरी ओर, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी जीत के बाद,भाजपा उम्मीदवार डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने पार्टी की सफलता का श्रेय जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और सरकार के कामकाज को दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को शिक्षकों, स्नातकों, वकीलों और पत्रकारों का समर्थन मिला, जिससे पार्टी की जीत हुई। डॉ. सिंह ने बताया कि BJP ने अपने किए गए वादों को पूरा करने की कोशिश की है। उन्होंने रोजगार सृजन, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और 'एक ज़िला, एक उत्पाद'  जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अब राज्य में सरकारी नौकरियां बिना किसी रिश्वत या पक्षपात के दी जा रही हैं।

उम्मीदवारों के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम  

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जीतने वाले दोनों उम्मीदवारों को सुरक्षा मुहैया कराई गई है। शहर में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने के कारण, किसी भी तरह के विजय जुलूस की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में उम्मीदवारों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं। रात में मतगणना के दौरान हुए हंगामे से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए, दीपक कुमार ने स्पष्ट किया कि यह घटना मतगणना स्थल के अंदर हुई थी, और बाहर कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले में किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस कमिश्नर ने मतगणना स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों, चुनाव कर्मचारियों और पत्रकारों का भी आभार जताया। उन्होंने बताया कि मतपत्रों की गिनती की प्रक्रिया में काफी समय लगता है, और पुलिसकर्मी सुबह 5:00 बजे से लगातार ड्यूटी पर थे।

गौरतलब है कि यूपी एमएलसी चुनाव में बीजेपी ने 11 में से चार सीटों पर जीत हासिल कर ली है जबकि दो सीटों पर आगे है। इनमें मेरठ, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट और लखनऊ शिक्षक सीट की दोनों सीटें शामिल हैं। मुख्य विपक्षी दल सपा दो सीटों पर चुनाव जीत चुकी है, जबकि तीन सीटों पर आगे है। सपा ने वाराणसी और आगरा शिक्षक सीट पर जीत हासिल की।

ये भी पढ़ेंः- UP एमएलसी चुनावों में भाजपा-सपा के बीच कड़ा मुकाबला, लखनऊ में उमेश द्विवेदी ने लगाई जीत की हैट्रिक

अन्य प्रमुख खबरें