मूसलाधार बारिश के बीच बरल गांव पहुंचे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जल संरक्षण का दिलाया संकल्प

खबर सार :-

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने  बताया कि जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक नल से जल पहुंचाने के साथ-साथ मुफ्त राशन, घर-घर बिजली, पक्की सड़क, किसान सम्मान निधि और बच्चों के लिए पोषण जैसी योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
मूसलाधार बारिश के बीच बरल गांव पहुंचे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जल संरक्षण का दिलाया संकल्प

खबर विस्तार : -

झांसी: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मूसलाधार बारिश के बीच शनिवार को झांसी जिले के चिरगांव विकासखंड स्थित बरल गांव पहुंचकर जल जीवन मिशन के तहत आयोजित ‘जल अर्पण कार्यक्रम’ में हिस्सा लिया। खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के बावजूद तय कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण का संदेश दिया और ग्राम पंचायत को पेयजल योजना के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी। मंत्री के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और सरकार की जलापूर्ति योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाना नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक में जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा, "बचाए जल, तभी संवरेगा आने वाला कल।" उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और वर्षा जल संचयन सहित जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं ताकि आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना न करना पड़े।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की सफलता तभी संभव है जब स्थानीय समुदाय भी इनके संरक्षण और संचालन में अपनी जिम्मेदारी निभाए।

बारिश के बावजूद तय समय पर पहुंचे मंत्री

बरल गांव में कार्यक्रम शुरू होने से पहले तेज बारिश हो रही थी, जिससे ग्रामीणों को आशंका थी कि मंत्री का दौरा स्थगित हो सकता है। हालांकि स्वतंत्र देव सिंह ने मौसम की परवाह किए बिना निर्धारित समय पर गांव पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया। उनके साथ नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, जिलाधिकारी गौरांग राठी, जल निगम के अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी बारिश में भीगते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

मंत्री के पहुंचते ही ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान कई लोगों ने मोदी और योगी सरकार के समर्थन में नारे लगाए। ग्रामीणों ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में नल से जल की सुविधा मिलने से वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान हुआ है और लोगों का जीवन काफी आसान हो गया है।

ग्रामीणों को दिलाई जल संरक्षण की शपथ

‘जल अर्पण कार्यक्रम’ के दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यदि आज जल स्रोतों की सुरक्षा नहीं की गई तो भविष्य में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने लोगों से तालाबों, कुओं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के साथ वर्षा जल संचयन को अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी से चलने वाला अभियान है। प्रत्येक परिवार यदि पानी की एक-एक बूंद बचाने का संकल्प ले तो भविष्य में जल संकट को काफी हद तक रोका जा सकता है।

महिलाओं ने साझा किए पुराने संघर्ष

कार्यक्रम के दौरान गांव की महिलाओं और ग्राम प्रधान ने जल जीवन मिशन से पहले की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि पहले उन्हें प्रतिदिन 5 से 7 किलोमीटर तक पैदल चलकर पानी लाना पड़ता था। गर्मियों के मौसम में पेयजल की समस्या और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे परिवार के दैनिक जीवन और बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ता था।

महिलाओं ने कहा कि अब हर घर तक नल से पानी पहुंचने के बाद उनकी दिनचर्या में बड़ा बदलाव आया है। पानी लाने में लगने वाला समय बचने से वे अन्य घरेलू और आर्थिक गतिविधियों पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छ पेयजल मिलने से परिवारों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और बच्चों को भी बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

भूजल संरक्षण और नदी पुनर्जीवन पर दिया जोर

बरल और भुजौंद गांव के कार्यक्रमों से पहले जलशक्ति मंत्री ने झांसी के एक निजी होटल में राज्य स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा आयोजित भूजल संवर्धन सेमिनार में भी भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और नदियों के पुनर्जीवन के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण की दिशा में सामुदायिक भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और सरकार इसी उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। सेमिनार के दौरान जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली ‘जल सहेलियों’ को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक जवाहर लाल राजपूत, विधायक राजीव सिंह परीछा, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, जिलाधिकारी गौरांग राठी, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) योगेंद्र कुमार, जल निगम के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह, सहायक अभियंता नितेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के प्रभाव, जल संरक्षण की आवश्यकता और जनभागीदारी के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।

यह भी पढ़ेंः-Sonam Wangchuk: सफदरजंग में ही रहेंगे सोनम वांगचुक, हाईकोर्ट का मेदांता शिफ्ट करने से इनकार

अन्य प्रमुख खबरें