Himachal Rain: लाहौल-स्पीति में बाढ़, पुल बहा, 5 जिलों में रेड अलर्ट
खबर सार :-
Himachal Rain: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन भारी बारिश की चेतावनी दी है। सोमवार को लाहौल-स्पीति जिले के जाहलमा नाले में आई बाढ़ से अस्थायी पुल बह गया।
खबर विस्तार : -
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है और अगले चार से पांच दिन भारी बारिश की चेतावनी के बीच कई इलाकों में प्रशासन अलर्ट पर है।
सोमवार को सबसे गंभीर स्थिति लाहौल-स्पीति जिले में सामने आई, जहां जाहलमा नाले में अचानक आई बाढ़ से वैकल्पिक अस्थायी पुल बह गया। इसके बाद तांदी-तिंदी-उदयपुर सड़क मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया। बाढ़ के कारण चंद्रभागा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और जोबरंग पुल के ऊपर तक पानी पहुंच गया।
सड़क को दुरुस्त करने के निर्देश
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष किरण भड़ाना ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को पानी का स्तर सामान्य होते ही सड़क को युद्ध स्तर पर बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माणाधीन स्थायी पुल का काम तेज करने को भी कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से नाले को पार नहीं करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसानों और बागवानों की फसलों को समय पर मंडियों तक पहुंचाने के लिए भी मार्ग जल्द बहाल करने पर जोर दिया गया है।
बांधों और जलविद्युत परियोजनाओं से भी चेतावनी
मौसम की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड और अन्य विभागों को पूरी तरह तैयार रखा है। संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी बीच करछम-वांगतू जलविद्युत परियोजना प्रबंधन ने बताया है कि करछम बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है और जरूरत पड़ने पर कभी भी अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है। लोगों से सतलुज नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है।
पुलगा बांध से 39 क्यूमेक अतिरिक्त पानी छोड़ा
कुल्लू जिले में एनएचपीसी की पार्वती पावर स्टेशन-दो परियोजना ने भी सोमवार शाम पुलगा बांध से करीब 39 क्यूमेक अतिरिक्त पानी छोड़ने की सूचना जारी की है। इसके बाद पार्वती नदी में कुल पानी का बहाव करीब 174 क्यूमेक रहने का अनुमान है। परियोजना प्रबंधन ने कहा है कि पानी की आवक बढ़ने पर और पानी छोड़ा जा सकता है। लोगों, पर्यटकों, होटल, होमस्टे और कैंप संचालकों से नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है। पानी छोड़ने से पहले हूटर, सायरन और सार्वजनिक घोषणाओं के जरिए लोगों को सतर्क किया जाएगा।
36 सड़कें बंद, 43 पेयजल सेवाएं प्रभावित
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सोमवार शाम तक भूस्खलन के कारण प्रदेश में 36 सड़कें बंद थीं। इनमें मंडी में 11, चंबा में 10, कुल्लू में सात, शिमला और कांगड़ा में चार-चार, ऊना में दो तथा लाहौल-स्पीति में एक सड़क बंद रही। प्रदेश में पांच बिजली ट्रांसफार्मर और 43 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित रहीं। चंबा जिले में 43 बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। प्रशासन का कहना है कि सड़कें खोलने और बिजली-पानी की सेवाएं बहाल करने का काम लगातार जारी है।
कई जगह भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 21 जुलाई के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट रहेगा। विभाग के अनुसार 22 जुलाई को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 23 और 24 जुलाई को भी कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 25 जुलाई को भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, अचानक बाढ़, मलबा आने, नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने तथा सड़कों के बंद होने का खतरा रहेगा। बागवानी, खड़ी फसलों और कमजोर ढांचों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
मंगलवार को कई जिलों में स्कूल रहेंगे बंद
रेड अलर्ट के बावजूद सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान भी कुछ जगह बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार हमीरपुर जिले के मैहरे में सबसे अधिक 40 मिलीमीटर बारिश हुई। बिलासपुर के ब्रह्माणी और कुल्लू के मनाली में 30-30 मिलीमीटर, चंबा के सलूणी में 20 मिलीमीटर और छतराड़ी में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शिमला समेत कई इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई।
कई जिलों में बंद रहे शिक्षण संस्थान
मौसम की चेतावनी को देखते हुए मंडी, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में मंगलवार को सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, तकनीकी संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। चंबा जिले में सोमवार को भी शिक्षण संस्थानों में अवकाश रखा गया था। मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और खड्डों से दूर रहने, ट्रैकिंग और अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम और प्रशासन की ओर से जारी ताजा चेतावनियों पर लगातार नजर रखने की अपील की है।
ये भी पढ़ेंः- Himachal Rain: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट, 4 जिलों में स्कूल-काॅलेज बंद
अन्य प्रमुख खबरें
-
जन्माष्टमी से पहले CM योगी ने ब्रजवासियों को दी बड़ी सौगात
2026-09-03
-
झांसी में स्कॉर्पियो लूट का 15 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
2026-09-03
-
SSP की सख्ती: साइबर फ्रॉड से अपराध नियंत्रण तक कड़े निर्देश
2026-09-03
-
गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू के 12 और डेंगू के 3 नए मरीजों की पुष्टि
2026-09-03
-
‘बाढ़ की स्थिति में राहत-बचाव में न हो देरी’, CM सम्राट ने दिए निर्देश
2026-09-03
-
हमीरपुर: 191 साल पुराने राधा-कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी की धूम
2026-09-03
-
MP: ग्वालियर में भारी बारिश के बीच गिरा मकान, दो की मौत
2026-09-03
-
Varanasi Flood : PM मोदी ने मेयर और DM से फोन पर की बात
2026-09-03
-
मध्य प्रदेश में मानसून का असरः 40 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना
2026-09-03
-
रीवा में बस-बल्कर की भिड़ंत में 5 की मौत, सीएम ने की मुआवजे की घोषणा
2026-09-03
-
इंदौर: चाॅकलेट फैक्ट्री में मिला ज्यादा स्टाॅक, 375 क्विंटल चीनी जब्त
2026-09-03
-
सतना में भारी बारिश का अलर्ट, मंदाकिनी नदी उफान पर, प्रशासन अलर्ट
2026-09-02
-
लखनऊ ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार, आरटीसी परियोजना लागू
2026-09-02
-
बलिया की रागिनी को आप पार्टी का समर्थन, मिला कृत्रिम पैर का आश्वासन
2026-09-02
-
मध्य प्रदेश के सभी 55 जिलों में मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
2026-09-02