Ghaziabad: रामलीला मैदान में रावण का पुतला तैयार करते समय विस्फोट, सामुदायिक केंद्र में लगी आग, पांच घायल

खबर सार :-

गाजियाबाद के साहिबाबाद रामलीला मैदान के सामुदायिक केंद्र में रावण का पुतला तैयार करते समय विस्फोट के बाद आग लग गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं।
गाजियाबाद में रामलीला मैदान के सामुदायिक केंद्र में आग, पांच घायल

खबर विस्तार : -

गाजियाबादः गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह रामलीला मैदान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सामुदायिक केंद्र भवन के एक बड़े हॉल में अचानक आग लग गई। शुरुआती सूचना में रामलीला मैदान स्थित पटाखों की दुकान में आग लगने की बात सामने आई थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। हालांकि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद स्थिति अलग मिली। आग पटाखों की दुकान में नहीं, बल्कि रामलीला मैदान के पीछे स्थित सामुदायिक केंद्र भवन के बड़े हॉल में लगी थी। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी दी। घायलों में दो की पहचान ऋषभ और हरेंद्र के रूप में हुई है, जबकि तीन अन्य के नाम फिलहाल सामने नहीं आए हैं।

सुबह 9:26 बजे मिली आग की सूचना

फायर विभाग के अनुसार, सोमवार 5 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 9:26 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद के कंट्रोल रूम को रामलीला मैदान, शनि चौक स्थित पटाखों की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी साहिबाबाद और फायर स्टेशन साहिबाबाद से तीन फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए। दमकल की टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो पता चला कि आग पटाखों की दुकान में नहीं, बल्कि रामलीला मैदान के बैक साइड स्थित सामुदायिक केंद्र भवन के एक बड़े हॉल में लगी थी। इसके बाद फायर यूनिट ने तत्काल अग्निशमन वाहनों से पंपिंग शुरू की और आग बुझाने का अभियान चलाया। कुछ ही देर में दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। आग पूरी तरह बुझने के बाद टीम ने हॉल का बारीकी से निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि भीतर किसी हिस्से में आग या धुआं बाकी न हो।

रावण का पुतला तैयार करने के दौरान हुआ विस्फोट

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सामुदायिक केंद्र के हॉल में रामलीला कार्यक्रम यानी दशहरा के लिए रावण का पुतला तैयार करने का काम चल रहा था। फायर विभाग के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आशंका है कि पुतला तैयार करने के दौरान आतिशबाजी या किसी अन्य विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल के कारण विस्फोट हुआ। इसके बाद हॉल में आग फैल गई। विस्फोट इतना तेज बताया जा रहा है कि सामुदायिक केंद्र भवन की दो दीवारें भी गिर गईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया।

पांच लोग घायल, जीटीबी अस्पताल रेफर

घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। फायर यूनिट की ओर से अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी भी ली गई। अस्पताल की ओर से बताया गया कि घायलों को बेहतर उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है। फायर विभाग के अनुसार हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें ऋषभ और हरेंद्र की पहचान हो चुकी है, जबकि तीन अन्य घायलों के नाम अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

विस्फोट के कारणों की जांच जारी

फिलहाल सामुदायिक केंद्र के हॉल में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। दमकल विभाग ने घटनास्थल का आवश्यक निरीक्षण भी किया है। अब जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि रावण का पुतला तैयार करने के दौरान किस तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था और क्या उसमें आतिशबाजी या विस्फोटक सामग्री मौजूद थी। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि पुतला तैयार करने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। आग और विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद रामलीला आयोजन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।

यह भी पढ़ेंः-झारखंड के खूंटी जिले में स्कूल ट्रिप पर गए 30 छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ी, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच

अन्य प्रमुख खबरें