Asian Games: 400 मीटर हर्डल्स में विथ्या रामराज ने पीटी उषा का रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास, जीता ब्रॉन्ज मेडल

खबर सार :-

एशियन गेम्स 2026 में विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस दौरान विथ्या रामराज ने दिग्गज भारतीय एथलीट पीटी उषा का 42 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा।
विथ्या रामराज ने पीटी उषा का तोड़ा 42 साल पुराना रिकॉर्ड, जीता ब्रॉन्ज

खबर विस्तार : -

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में विथ्या रामराज ने पीटी उषा का 42 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। एशियन गेम्स में सोमवार को विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में  देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता। विथ्या रामराज ने रोमांचक फाइनल में 54.75 सेकंड के साथ अपना अब तक का पर्सनल बेस्ट निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही विथ्या ने दिग्गज भारतीय एथलीट पीटी उषा के 42 साल पुराने नेशनल रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 

पूरी रेस के दौरान मेडल की दौड़ में बनी रहीं भारतीय एथलीट

भारतीय एथलीट पूरी रेस के दौरान मेडल की दौड़ में बनी रहीं। उन्होंने अंतिम क्षणों में भी अपनी स्थिति बनाए रखी, लेकिन वह मरियम करीम का मुकाबला नहीं कर सकीं। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की मरियम करीम ने 54.31 सेकंड के गेम्स-रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि कजाकिस्तान की एडेलिना जम्स ने 54.58 सेकंड के अपने पर्सनल बेस्ट समय के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। विथ्या रामराज ने 55.42 सेकंड के पिछले नेशनल रिकॉर्ड में 0.67 सेकंड का सुधार किया। यह रिकॉर्ड उषा ने 1984 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में बनाया था, जहां वह ओलंपिक फाइनल में चौथे स्थान पर रही थीं।

1984 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में पीटी उषा ने बनाया था रिकॉर्ड

पीटी उषा का 55.42 सेकंड का रिकॉर्ड 1984 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक से कायम था, जिसमें वह चौथे स्थान पर रहने के कारण बहुत कम अंतर से पोडियम से चूक गई थीं। रामराज ने साल 2023 में इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी, लेकिन एशियन गेम्स 2026 में इसमें सुधार करते हुए नया नेशनल रिकॉर्ड बना लिया। रामराज ने इससे पहले एशियन गेम्स 2023 में उषा के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। तीन साल बाद, आखिरकार वह उस रिकॉर्ड से आगे निकल गईं जो भारतीय एथलेटिक्स में सबसे लंबे समय तक कायम रहने वाले रिकॉर्ड्स में से एक था। अन्य भारतीय एथलीट अनु राघवन ने भी फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। लेन आठ में दौड़ते हुए राघवन ने 55.88 सेकंड (पर्सनल बेस्ट) के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। फाइनल में पहुंचने से पहले उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ समय 56.54 सेकंड था।

ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: स्क्वैश में भारत को दोहरी सफलता, अभय और अनाहत सिंह ने जीता सिल्वर मेडल

पारुल चौधरी ने जीता दूसरा 'ब्रॉन्ज' 

भारत की पारुल चौधरी ने 'एशियन गेम्स 2026' में दूसरा ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया है। पारुल ने महिलाओं की 5000 मीटर फाइनल रेस 15:14.61 के समय के साथ पूरी करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले, पारुल महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में तीसरे स्थान पर रही थीं। बहरीन की विनफ्रेड यावी ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि जापान की नोजोमी तनाका ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। पारुल ने रेस के आखिरी हिस्से में जबरदस्त तेजी दिखाते हुए कजाकिस्तान की नोराह तानुई को पछाड़कर तीसरा स्थान हासिल किया। शुरुआत में तेज रफ्तार के बावजूद, भारतीय एथलीट ज्यादातर समय आगे चल रहे ग्रुप के काफी करीब बनी रहीं। तानुई ने शुरुआत में बढ़त बनाई और शेष धावकों से काफी आगे निकल गईं, जबकि यावी पीछा करने वाले ग्रुप में शामिल हो गईं।

मेडल की दौड़ में बनी रहीं पारुल, सीमा छूट गईं पीछे 

शुरुआत में पारुल और उनकी साथी सीमा कुमारी बीच में चल रही थीं, जबकि तानुई लगातार अपनी रफ्तार बढ़ाती रहीं। यावी ने आधे रास्ते के बाद अंतर कम करना शुरू किया और धीरे-धीरे खिताब के लिए चुनौती देने की स्थिति में आ गईं। जब रेस अपने निर्णायक दौर में पहुंची, तो पारुल मेडल की दौड़ में बनी रहीं, जबकि सीमा पीछे छूट गईं। आखिरकार, यावी ने आखिरी लैप में बढ़त बना ली और अपनी रफ्तार बढ़ाई, जबकि तनाका बहरीन की धावक के साथ बने रहने की कोशिश करती रहीं। इससे पहले, पारुल ने एशियन गेम्स 2022 में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीता था। वह 15:04.26 के सीजन-बेस्ट समय के साथ फाइनल में पहुंची थीं, जबकि जापान की नोजोमी तनाका का सीजन-बेस्ट समय 14:58.35 था, जो उस रेस में सबसे तेज था। यावी 14:30.06 के शानदार सीजन-बेस्ट समय के साथ आई थीं। यावी के लिए, यह जीत एक शानदार 'ट्रेबल' (तीन जीत) पूरी करने जैसी थी। बहरीन की इस धाविका ने जापान में जारी कॉन्टिनेंटल इवेंट में पहले ही 10,000 मीटर और 3000 मीटर स्टीपलचेज के टाइटल जीत लिए थे।

ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: शूटिंग में भारत के लिए एक और मेडल हुआ पक्का, ईशा सिंह ने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में जीता सिल्वर मेडल

अन्य प्रमुख खबरें