Asian Games 2026: महिला कबड्डी टीम ने भारत को दिलाया तीसरा गोल्ड, फाइनल में ईरान को 37-34 से हराया

खबर सार :-

Asian Games 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर भारत के पदक अभियान में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ा। फाइनल में उनकी 37-34 की जीत ने यह भी दिखाया कि बड़े मंच पर दबाव के बीच मानसिक मजबूती कितनी निर्णायक साबित हो सकती है।
Asian Games 2026: महिला कबड्डी टीम ने भारत को दिलाया तीसरा गोल्ड

खबर विस्तार : -

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शनिवार को भारतीय महिला कबड्डी टीम ने देश के लिए तीसरा गोल्ड मेडल जीता है। भारतीय टीम ने फाइनल मैच में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने हांग्जो 2023 एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीता था। भारत की इस जीत में संजू देवी ने एक बार फिर अहम भूमिका निभाई।

रोमांचक रहा मुकाबला

इस रोमांचक और कड़े मुकाबले वाले मैच में भारत ने आखिर तक अपनी पकड़ बनाए रखी। कई मौकों पर ऐसा लगा कि ईरान भारतीय टीम पर भारी पड़ सकता है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के बीच धैर्य बनाए रखा और निर्णायक पलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। ईरान भी वापसी करने की पूरी कोशिश कर रहा था। आखिरी मिनट में, ईरान को मुकाबले में बने रहने के लिए पॉइंट्स की जरूरत थी। भारत के डिफेंस ने ऐनाज पर एक अहम टैकल करके आसानी से जीत पक्की कर ली। 37-34 से मैच जीतकर भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल हासिल किया। 

ऐतिहासिक जीत का जश्न

फाइनल जीतने के बाद, भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ मैदान का चक्कर लगाया। इस दौरान भारतीय टीम ने 'वंदे मातरम' के नारे लगाए और अपनी ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया। यह जीत भारतीय महिला कबड्डी के लिए भी बहुत अहम है; 2018 के जकार्ता एशियाई खेलों को छोड़कर, भारत ने महिला कबड्डी के हर टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीता है। जकार्ता में, ईरान से हारने के बाद भारत को सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा था।

 पूरे टूर्नामेंट संजू देवी ने किया शानदार प्रदर्शन

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली संजू देवी ने एक बार फिर अहम भूमिका निभाई। भारतीय महिला कबड्डी टीम में पूजा, राज रानी, सोनाली विष्णु शिंगटे, पुष्पा, भावना देवी, रितु, संजू देवी, रितु नेगी, मनीषा कुमारी, पिंकी रॉय, ज्योति और निकिता शामिल थीं।

ये भी पढ़ेंः- Asian Games 2026: मीराबाई चानू ने रचा इतिहास, वेटलिफ्टिंग में 28 साल बाद भारत को दिलाया मेडल

पुरुष कबड्डी के फाइनल आज ईरान से भिड़ेगा भारत

भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का फाइनल मैच भी शनिवार को खेला जाना है। भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला भी ईरान से होगा। मौजूदा चैंपियन के तौर पर, भारतीय टीम ईरान के खिलाफ अपना खिताब बचाने के लिए मैट पर उतरेगी। एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में अपने चिर- प्रतिद्वंद्वी ईरान को कांटे की टक्करे देगी। यह स्वर्ण पदक मुकाबला शनिवार को भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले को भारत में लाइव स्ट्रीमिंग और टेलीकास्ट पर देखा जा सकेगा।

दरअसल एशियाई खेलों की मौजूदा कबड्डी चैंपियन भारत ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 66-28 के बड़े अंतर से हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली। इससे पहले, टीम ने ग्रुप A में शानदार प्रदर्शन किया था और पूरे ग्रुप स्टेज के दौरान अजेय रही थी। बीजिंग एशियन गेम्स 1990 से पुरुषों की कबड्डी को गेम्स में शामिल किया गया था। तब से अब तक हुए नौ टूर्नामेंटों में से आठ बार भारत ने खिताब जीता है।

इन खेलों में भारत ने जीते पदक

बता दें कि शनिवार का दिन भारतीय दल के लिए सफल रहा। कबड्डी के अलावा भारत ने अन्य खेलों में दमखम दिखाया। सावन बरवाल ने पुरुषों की मैराथन में 2:11:37 के नेशनल रिकॉर्ड समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। बरवाल ने एशियन गेम्स मैराथन में मेडल के लिए भारत के 44 साल के इंतजार को खत्म किया। वहीं भारत ने महिलाओं के 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीता, जिसमें आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदर्शा विनोद का अहम योगदान रहा। स्क्वैश में, हांगकांग के तांग मिंग-होंग और ली का-यी के खिलाफ मिक्स्ड डबल्स का सेमीफाइनल हारने के बाद जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।

ये भी पढ़ेंः- Asian Games 2026: कमलजीत-सुरुचि की जोड़ी ने किया कमाल, 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता गोल्ड

 

अन्य प्रमुख खबरें