जम्मू-कश्मीर मंत्रिमंडल में चार नए मंत्रियों की इंट्री, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिलायी शपथ

खबर सार :-

जम्मू-कश्मीर मंत्रिमंडल में चार नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। उमर अब्दुल्ला कैबिनेट में अब मंत्रियों की कुल संख्या नौ हो गई है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।
उमर अब्दुल्ला कैबिनेट विस्तार: उपराज्यपाल ने 4 मंत्रियों को दिलाई शपथ

खबर विस्तार : -

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ है। उमर अब्दुल्ला कैबिनेट में 4 नए मंत्रियों को जगह मिली है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कैबिनेट में वरिष्ठ नेताओं को मंत्री बनाया गया है। इनमें जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (जेकेएनसी) के वरिष्ठ नेता और श्रीनगर के खानयार विधानसभा क्षेत्र से विधायक अली मोहम्मद सागर शामिल हैं। मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले वरिष्ठ नेता अली मोहम्मद सागर रिकॉर्ड सात बार विधायक का चुनाव जीत चुके हैं।  

कुर्सी बचाने में सफल रहे कई मंत्री   

जम्मू-कश्मीर मंत्रिमंडल में शामिल किए गए अन्य मंत्रियों में शमीमा फिरदौस, मीर सैफुल्लाह और अल्ताफ अहमद वानी है। शमीमा श्रीनगर के हब्बा कदल विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुनी गई हैं। मीर सैफुल्लाह कुपवाड़ा जिले के त्रेहगाम क्षेत्र से विधायक हैं। अल्ताफ अहमद वानी उर्फ अल्ताफ कालू अनंतनाग जिले के पहलगाम क्षेत्र से विधायक शामिल हैं। कैबिनेट में शामिल होने वाले चारों विधायक सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस से हैं। वहीं, कैबिनेट में जो मंत्री बरकरार रखे गए हैं उनमें उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी, सकीना इटू, जावेद राणा और जावेद अहमद डार शामिल हैं। कैबिनेट में अब मंत्रियों की संख्या नौ हो गई है। पुनर्गठन अधिनियम 2019 के बाद मंत्रिमंडल की यह अधिकतम संख्या है। जम्मू-कश्मीर कैबिनेट में 90 सदस्यों वाली विधानसभा की संख्या का अधिकतम 10 प्रतिशत यानी 9 मंत्री हो सकते हैं।

शासन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया गया विस्तार

शासन व्यवस्था की बेहतरी के लिए उमर अब्दुल्ला कैबिनेट का विस्तार किया गया है। सीएम उमर अब्दुल्ला ने पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला के सुझाव से अली मोहम्मद सागर, मीर सैफुल्लाह और शमीमा फिरदौस जैसे वरिष्ठ नेताओं को कैबिनेट में जगह दी है। मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह श्रीनगर शहर के चश्मा शाही इलाके में लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था। समारोह में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, एनसी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, कैबिनेट में बरकरार रखे गए मंत्री, मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, एनसी के वरिष्ठ नेता और विधायक मुबारक गुल, सिविल और पुलिस अधिकारी तथा उपराज्यपाल द्वारा आमंत्रित कई प्रमुख नागरिक उपस्थित थे। अब जम्मू-कश्मीर सरकार में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित 9 मंत्री हैं, जिनमें सकीना इटू, जावेद डार, जावेद राणा, अली सागर, शमीमा फिरदौस, अल्ताफ कालू, मीर सैफुल्लाह और सुरिंदर चौधरी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- कभी यूपी में Investment से कतराते थे उद्योगपति, आज 50 लाख करोड़ के प्रस्तावः CM Yogi

अन्य प्रमुख खबरें