Full Moon : 31 मई को आसमान में फिर दिखेगा चांद का खूबसूरत नजारा, नासा ने शेयर किए फोटोग्राफी टिप्स, मोबाइल से खींच सकते हैं चांद की मनमोहक तस्वीर

खबर सार :-
31 मई को आसमान में एक बार फिर फुल मून का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा। चांद की खूबसूरत तस्वीर हर कोई अपने मोबाइल में कैद करना चाहेगा। हालांकि स्मार्टफोन से चांद की अच्छी तस्वीर लेने में कई चुनौतियां भी हैं। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने मोबाइल फोटोग्राफी के कुछ ऐसे टिप्स बताए हैं जिन्हें फॉलो कर हर कोई चांद की खूबसूरत तस्वीर ले सकता है। नासा के अनुसार, चांद की तस्वीर खींचने के लिए फोन बिल्कुल स्थिर होना चाहिए।
Full Moon : 31 मई को आसमान में फिर दिखेगा चांद का खूबसूरत नजारा, नासा ने शेयर किए फोटोग्राफी टिप्स, मोबाइल से खींच सकते हैं चांद की मनमोहक तस्वीर
खबर विस्तार : -

Full Moon : 31 मई को आसमान में एक बार फिर खूबसूरत नजारा यानी कि 'फुल मून' देखने को मिलेगा। इस रात चांद की खूबसूरत तस्वीर हर कोई अपने मोबाइल में कैद करना चाहेगा, लेकिन स्मार्टफोन से चांद की अच्छी तस्वीरें लेने में कई चुनौतियां भी हैं। 

Full Moon : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने मोबाइल फोटोग्राफी के बताए हैं कुछ टिप्स 

आमतौर पर स्मार्टफोन से ली गई चांद की तस्वीर एक धुंधले सफेद धब्बे या रोशनी के गोले जैसी दिखती है। अगर ऐसा आपके साथ भी होता है, तो निराश बिल्कुल भी न हों। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने मोबाइल फोटोग्राफी के कुछ ऐसी टिप्स बताई हैं, जिन्हें अपनाकर हर कोई चांद की खूबसूरत तस्वीर ले सकता है।

Full Moon : चांद की तस्वीर लेने के लिए बिल्कुल स्थिर रहना चाहिए आपका फोन 

नासा के अनुसार, चांद की तस्वीर लेने के लिए आपका फोन बिल्कुल स्थिर रहना चाहिए। यदि आपके पास ट्राइपॉड नहीं है, तो फोन को किसी दीवार या अन्य स्थिर वस्तु के सहारे रख दें। इसके बाद तस्वीर की कंपोजिशन पर ध्यान दें। चांद को फ्रेम करने, उसे कोई संदर्भ देने या तस्वीर को अधिक आकर्षक बनाने के लिए आसपास मौजूद वस्तुओं का उपयोग किया जा सकता है।

Full Moon : फोटो खींचते समय बंद रखें फोन का फ्लैश, सीधे चांद पर करें कैमरे का फोकस 

चांद की फोटो खींचते समय अपने फोन का फ्लैश हमेशा बंद रखें और कैमरे का फोकस आसमान के बजाय सीधे चांद पर करें। इसके लिए स्क्रीन पर जहां चांद दिखाई दे रहा हो, वहां टैप करें। इसके बाद ब्राइटनेस को थोड़ा कम कर दें। चांद को एकदम सफेद और अत्यधिक चमकीला दिखाने के बजाय उसकी प्राकृतिक बनावट बनाए रखने की कोशिश करें, ताकि उसकी सतह के निशान और डिटेल्स साफ नजर आ सकें। इससे तस्वीर अधिक प्रभावशाली और आकर्षक लगती है। अगर आपके फोन में फोटो टाइमर की सुविधा है, तो उसका इस्तेमाल करें। इससे तस्वीर खींचते समय फोन को छूने या उसके हिलने-डुलने की संभावना कम हो जाती है।

Full Moon : बेहतरीन तस्वीर लेने के लिए सही समय का चुनाव बेहद जरूरी 

बेहतरीन तस्वीर लेने के लिए सही समय का चुनाव भी बेहद जरूरी है। चांद की फोटोग्राफी के लिए बिल्कुल घने अंधेरे के बजाए आप अपनी फोटो शाम के धुंधलके या भोर के समय लें। इस समय आसमान और चांद की रोशनी में बहुत ज्यादा अंतर नहीं होता, जिससे आपके फोन का कैमरा फोटो को बेहतर तरीके से कैप्चर कर पाएगा। इसके अलावा, जब चांद क्षितिज से ऊपर उठ रहा होता है, तब वह अपेक्षाकृत बड़ा दिखाई देता है, इसलिए उस समय भी अच्छी तस्वीरें ली जा सकती हैं।

Full Moon : फोन में ऑप्टिकल जूम हो, तभी करें इस्तेमाल 

अगर आपके फोन में ऑप्टिकल जूम है, तभी उसका इस्तेमाल करें। डिजिटल जूम वास्तव में तस्वीर को केवल क्रॉप करता है, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित होती है। ऐसे में आप चाहें तो प्रयोग के तौर पर चांद को फोकस करके जूम कर सकते हैं। एक-दो फोटो क्लिक से यह अंदाजा लग सकता है कि जूम करना आपके लिए बेहतर रहेगा या नहीं। 

Full Moon : इन सावधानियों से खींच सकते हैं साफ और स्पष्ट तस्वीर

यदि आपके फोन में प्रो मोड या मैनुअल मोड उपलब्ध है, तो आईएसओ सेटिंग को कम रखें, ताकि तस्वीर में नॉइस न आए। अगर संभव हो, तो शटर स्पीड के साथ भी प्रयोग करें, ताकि चांद की रोशनी सही तरीके से तस्वीर में कैद हो सके। शुरुआत में शटर स्पीड तेज रखें और फिर आवश्यकता के अनुसार उसे समायोजित करें। ध्यान रहे कि जितनी धीमी शटर स्पीड होगी, उतना ही मोबाइल का स्थिर रहना महत्वपूर्ण होता जाएगा। अगर आपके पास टेलीस्कोप (दूरबीन) उपलब्ध है, तो आप अपने फोन को उसके आई-पीस (आंख से देखने वाली जगह) पर सावधानीपूर्वक टिका सकते हैं। सही तरीके से सेट करने पर आप चांद की बेहद साफ और स्पष्ट तस्वीर खींच सकते हैं।

अन्य प्रमुख खबरें