UGC NET Answer Key 2026 OUT: यूजीसी नेट प्रोविजनल आंसर की जारी, जानें आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तारीख

खबर सार :-

UGC NET Answer Key 2026 Out: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने UGC NET की प्रोविज़नल आंसर की और रिस्पॉन्स शीट जारी कर दी है। उम्मीदवार वेबसाइट पर दिए गए लिंक के ज़रिए आंसर की देख सकते हैं।
UGC NET प्रोविजनल आंसर की जारी, जानें आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तारीख

खबर विस्तार : -

UGC NET Answer Key 2026 Out: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। उत्तर कुंजी ऑनलाइन माध्यम से एनटीए की अधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जारी की गई है। इस आंसर की में UGC-NET परीक्षा के 84 विषयों को शामिल किया गया है। साथ ही, आंसर की के संबंध में आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उम्मीदवार संबंधित प्रश्नों और उत्तरों की समीक्षा कर सकते हैं और तय समय सीमा के भीतर अपनी आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।

22 जून से 5 जुलाई तक हुई थी परीक्षा

बता दें कि UGC NET जून 2026 की परीक्षा पूरे देश में अलग-अलग चरणों में आयोजित की गई थी। यह परीक्षा 22, 23, 24, 25, 29 और 30 जून को हुई थी। इसके अलावा, 5 जुलाई 2026 को कुछ परीक्षा केंद्रों पर दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी। यह परीक्षा 87 विषयों के लिए आयोजित की गई थी। दरअसल UGC-NET परीक्षा असिस्टेंट प्रोफेसर और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के पदों के लिए पात्रता निर्धारित करती है।

ये भी पढ़ेंः- IREL Recruitment 2026: 73 पदों पर भर्ती, 17 अगस्त तक करें आवेदन, 2.40 लाख तक सैलरी

आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तारीख 18 अगस्त

NTA द्वारा जारी आंसर की को चुनौती देने की प्रक्रिया 16 अगस्त से शुरू होकर 18 अगस्त को रात 11:59 बजे तक चलेगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी आपत्तियां दर्ज करें। समय सीमा समाप्त होने के बाद कोई भी चुनौती स्वीकार नहीं की जाएगी। जो उम्मीदवार प्रोविजनल की में किसी प्रश्न या उत्तर को चुनौती देना चाहते हैं, उन्हें प्रति प्रश्न 200 रुपये का शुल्क देना होगा। यह शुल्क प्रत्येक चुनौती के लिए अलग-अलग लागू होगा। आपत्ति दर्ज करने के लिए, उम्मीदवारों को विशिष्ट प्रश्न का चयन करना होगा और अपने दावे के समर्थन में उचित आधार और प्रमाण देने होंगे।

प्रोविजनल आंसर की के संबंध में प्राप्त चुनौतियों की जांच विषय विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी और इस समीक्षा के आधार पर अंतिम आंसर की तैयार की जाएगी। केवल आपत्ति दर्ज करना ही पर्याप्त नहीं है; उम्मीदवारों को समय सीमा के भीतर निर्धारित शुल्क का भुगतान भी करना होगा। शुल्क भुगतान की समय सीमा 18 अगस्त को रात 11:59 बजे तक है।

UGC NET आंसर की 2026 कैसे डाउनलोड करें?

  • उम्मीदवार नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके प्रोविजनल आंसर डाउनलोड कर सकते हैंः-
  • सबसे पहले, ऑफ़िशियल वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।
  • होम पेज पर 'UGC NET June 2026 Answer Key' लिंक पर क्लिक करें।
  • अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड या जन्म तिथि (date of birth) डालें।
  • लॉग इन करने के बाद, प्रोविज़नल आंसर की, प्रश्न पत्र और रिस्पॉन्स शीट स्क्रीन पर दिखाई देगी।
  • आंसर की डाउनलोड करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट या PDF सेव कर लें।

फाइनल आंसर-की के आधार पर आएगा परिणाम

NTA आपत्तियों की समीक्षा के बाद फाइनल आंसर की जारी करेगा। UGC NET जून 2026 का नतीजा इसी फाइनल आंसर की के आधार पर तैयार किया जाएगा। इसलिए, प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बाद उम्मीदवारों के लिए अपने सभी जवाबों को ध्यान से जांचना जरूरी है। दरअसल यूजीसी नेट परीक्षा के माध्यम से उम्मीदवारों की जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी प्रवेश के लिए पात्रता निर्धारित की जाएगी।

NTA ने उम्मीदवारों को दी ये सलाह

NTA उम्मीदवारों को सलाह देता है कि वे अंतिम क्षण तक प्रतीक्षा न करें और आपत्ति जमा करने तथा शुल्क भुगतान की प्रक्रिया समय पर पूरी करें। NTA ने यह भी बताया है कि तीन विषयों - अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र - के लिए एक अलग प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इन तीन विषयों के प्रश्न पत्रों में विभिन्न त्रुटियों के संबंध में शिकायतों की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया था। समिति इन शिकायतों की जांच करेगी और अपनी सिफारिशें सौंपेगी। इन सिफारिशों के आधार पर, अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र के संबंध में एक अलग सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अनुसार, इन तीन विषयों के लिए उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों को अलग सार्वजनिक सूचना की प्रतीक्षा करनी चाहिए। एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे UGC-NET जून 2026 के लिए आंसर की, आपत्ति प्रक्रिया, फीस, समय-सीमा और आगे की कार्यवाही के बारे में केवल आधिकारिक वेबसाइट और एजेंसी के वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट्स पर दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें। प्रोविजनल आंसर की पर उठाई गई आपत्तियों की विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा के बाद फाइनल आंसर की जारी की जाएगी। परीक्षा के नतीजे भी फाइनल आंसर की के आधार पर ही तैयार किए जाएंगे।

ये भी पढ़ेंः- SBI Clerk Recruitment 2026: क्लर्क के 9 हजार से ज्यादा पदों पर निकली बंपर भर्ती, जानें आवेदन की अंतिम तिथि

अन्य प्रमुख खबरें