Iran US Talks: पाकिस्तान पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री, बोले- अमेरिका के साथ वार्ता नहीं

खबर सार :-
Iran US Talks: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं। लेकिन, ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी बातचीत से इंकार कर दिया है।

Iran US Talks: पाकिस्तान पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री, बोले- अमेरिका के साथ वार्ता नहीं
खबर विस्तार : -

तेहरान: ईरान ने साफ कर दिया है कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची की इस्लामाबाद यात्रा के दौरान अमेरिका के साथ बातचीत की अभी कोई योजना नहीं है। अराघची के नेतृत्व में एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच गया है। ईरान ने कहा है कि इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कोई सीधी बैठक तय नहीं है। गौरतलब है कि अमेरिका ने घोषणा की है कि अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और व्हाइट हाउस के सलाहकार जेरेड कुशनर ईरान के साथ बातचीत के लिए शनिवार को इस्लामाबाद जाएंगे।

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के नेतृत्व में एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार रात पाकिस्तानी नेताओं के साथ चर्चा के लिए इस्लामाबाद पहुंचा। संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने इसकी जानकारी दी। वहीं, पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरानी विदेश मंत्री शुक्रवार देर रात इस्लामाबाद पहुंचे। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म X पर उनके आगमन की घोषणा की। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई भी प्रतिनिधिमंडल के साथ हैं।

परमाणु वार्ता नहीं होगीः अजीजी

एक सोशल मीडिया पोस्ट में अजीजी ने लिखा: "मैं तेहरान में विदेशी पत्रकारों से मिला और हमारे देश की सही तस्वीर पेश करने के लिए आने पर उन्हें धन्यवाद दिया। बैठक के दौरान मैंने यह साफ कर दिया कि विदेश मंत्री अराघची की पाकिस्तान यात्रा पूरी तरह से द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा के लिए है और उन्हें परमाणु वार्ताओं से संबंधित कोई भी काम नहीं सौंपा गया है। यह एक ऐसा मामला है जो ईरान की प्रमुख 'रेड लाइन्स' (सीमाओं) में से एक के अंतर्गत आता है।"

इस्लामाबाद आएंगे अमेरिकी विशेष दूत

अमेरिका का कहना है कि तेहरान द्वारा ट्रंप प्रशासन के साथ संपर्क शुरू किए जाने के बाद अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और व्हाइट हाउस के सलाहकार जेरेड कुशनर ईरान के साथ बातचीत के लिए शनिवार को इस्लामाबाद जाएंगे। एक बयान में, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि ईरान ने आमने-सामने की बातचीत का अनुरोध किया है।

अन्य प्रमुख खबरें