पश्चिम बंगाल के सभी मदरसों में अब गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, आदेश जारी

खबर सार :-
पश्चिम बंगाल में सभी सरकारी स्कूलों में ‘वंदे मातरम्’ अनिवार्य होने के बाद अब मदरसा शिक्षा निदेशालय ने एक आदेश जारी कर सभी मदरसों में कक्षाएं शुरू होने से पहले ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य कर दिया है।

पश्चिम बंगाल के सभी मदरसों में अब गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, आदेश जारी
खबर विस्तार : -

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में कक्षाएं शुरू होने से पहले होने वाली सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान 'वंदे मातरम' गाना अब सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त मदरसों में अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य के अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा मंत्री, खुदीराम टुडू ने इस बात की पुष्टि की है।

उन्होंने कहा कि, राज्य के अन्य सरकारी स्कूलों की तरह ही अब मान्यता प्राप्त मदरसों में भी 'वंदे मातरम' गाना अनिवार्य होगा। टुडू ने कहा, "पश्चिम बंगाल में कई ऐसे सरकारी स्कूल हैं जहाँ संथाली भाषा में पढ़ाई होती है। अगर उन स्कूलों में 'वंदे मातरम्' गाना अनिवार्य है, तो मान्यता प्राप्त मदरसों में इसे अनिवार्य क्यों नहीं किया जा सकता?" इस संबंध में, पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा निदेशालय ने एक आधिकारिक आदेश जारी किया है, जिसमें राज्यभर के सभी सहायता प्राप्त मदरसों में 'वंदे मातरम' गाना अनिवार्य कर दिया गया है।

क्या है आदेश

मदरसा शिक्षा निदेशक द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पहले जारी किए गए सभी आदेशों और मौजूदा प्रथाओं को रद्द करते हुए कक्षाएं शुरू होने से पहले होने वाली प्रार्थना सभा के दौरान 'वंदे मातरम्' गाना अब तत्काल प्रभाव से सभी सरकारी मॉडल मदरसों (अंग्रेजी माध्यम), मान्यता प्राप्त सहायता प्राप्त मदरसों, अनुमोदित MSK (मदरसा शिक्षा केंद्र), अनुमोदित SSK (शिशु शिक्षा केंद्र) और मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त मदरसों में अनिवार्य किया जाता है; ये सभी पश्चिम बंगाल अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा विभाग के दायरे में आते हैं।

सभी स्कूलों में ‘वंदे मातरम’ अनिवार्य

इससे पहले, 13 मई को पश्चिम बंगाल शिक्षा विभाग ने भी एक अधिसूचना जारी की थी जिसमें राज्यभर के सभी सरकारी स्कूलों में 'वंदे मातरम्' गाना अनिवार्य किया गया था। राज्य के नए और नौवें मुख्यमंत्री, सुवेंदु अधिकारी ने 14 मई को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शिक्षा विभाग की इस अधिसूचना को साझा किया था। अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा जारी इस अधिसूचना में कहा गया था कि पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी स्कूलों में क्लास शुरू होने से पहले होने वाली सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' गाना तत्काल प्रभाव से अनिवार्य कर दिया है।

अन्य प्रमुख खबरें