NEET Paper Leak : सुल्तानपुर में फूटा कांग्रेस का गुस्सा, सड़क पर उतरे सैकड़ों कार्यकर्ता; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग से गूंजा कलेक्ट्रेट!

खबर सार :-
NEET Paper Leak : सुल्तानपुर में नीट (NEET Paper Leak) परीक्षा घोटाले और बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

NEET Paper Leak : सुल्तानपुर में फूटा कांग्रेस का गुस्सा, सड़क पर उतरे सैकड़ों कार्यकर्ता; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग से गूंजा कलेक्ट्रेट!
खबर विस्तार : -

सुल्तानपुर: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (NEET Paper Leak) में सामने आई कथित अनियमितताओं और आसमान छूती महंगाई (Inflation) को लेकर अब सियासी पारा पूरी तरह गरमा चुका है। शनिवार को सुल्तानपुर जिला मुख्यालय पर इसका सीधा असर देखने को मिला, जहाँ जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के साझा बैनर तले पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ एक बड़ा और आक्रामक मोर्चा खोल दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में इकट्ठा हुए सैकड़ों कांग्रेसियों ने सरकार की नीतियों और प्रशासनिक विफलता के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और कड़ा विरोध दर्ज कराया।

NEET Paper Leak :  भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: कांग्रेस

इस पूरे विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने किया, जबकि शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की अगुवाई में भारी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी नीट (NEET Paper Leak) के आयोजन में बरती गई घोर लापरवाही ने देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य को दांव पर लगा दिया है। साल भर कड़े परिश्रम करने वाले युवाओं के सपनों को इस कथित घोटाले (NEET Paper Leak Scandal) ने तोड़कर रख दिया है। कांग्रेस नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की साख अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है और इसके शीर्ष अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच होनी चाहिए।

NEET Paper Leak :  महंगाई की मार से बेहाल आम जनता

प्रदर्शन के दौरान केवल छात्रों का मुद्दा ही नहीं, बल्कि आम आदमी की जेब पर पड़ रही चौतरफा मार का मामला भी प्रमुखता से उठा। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम परिवार का बजट बिगाड़ कर रख दिया है। एक तरफ युवा बेरोजगार घूम रहा है, वहीं दूसरी तरफ कमरतोड़ महंगाई (Rising Inflation) ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

NEET Paper Leak : राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा

कलेक्ट्रेट में हंगामेदार प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस ज्ञापन के जरिए मांग की गई है कि नीट (NEET Paper Leak) मामले की एक स्वतंत्र, उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि पर्दे के पीछे छिपे असली दोषियों को बेनकाब कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके। साथ ही पीड़ित छात्रों को मानसिक प्रताड़ना के लिए उचित न्याय और मुआवजा देने की वकालत की गई।

जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, "यह नीट (NEET Paper Leak) का महाघोटाला केंद्र सरकार की प्रशासनिक नाकामी का सबसे बड़ा सबूत है। अगर सरकार में जरा सी भी नैतिकता बची है, तो देश के शिक्षा मंत्री को अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।" वहीं, शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि देश का युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। यदि इस नीट (NEET Paper Leak) मामले में छात्रों को जल्द न्याय नहीं मिला और महंगाई पर लगाम नहीं कसी गई, तो कांग्रेस इस आंदोलन को जिला स्तर से उठाकर राष्ट्रव्यापी रूप देगी।

इस बड़े प्रदर्शन में स्थानीय स्तर पर पार्टी के तमाम दिग्गज और जमीनी कार्यकर्ता एकजुट नजर आए। मौके पर मुख्य रूप से सलाहुद्दीन हाशमी, हौसला प्रसाद भीम, मनोज तिवारी, आरबी पांडे, अतहर नवाब, कमर खान एडवोकेट, ममनून आलम, सुब्रत सिंह सनी, रणजीत सिंह सलूजा, अमोल बाजपेयी, श्याम किशोर, अवधेश गौतम, गुड्डू जायसवाल, मानस तिवारी, हामिद राईन, मोहसिन सलीम, देवेंद्र तिवारी, इमरान अहमद, विवेक सिंह, सुरेश चंद्र मिश्रा, अविनाश हंटर, आवेश अहमद, देवेंद्र श्रीवास्तव, विनय त्रिपाठी, आशीष पाण्डेय और राना पांडेय समेत भारी तादाद में कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।

अन्य प्रमुख खबरें