Census 2027 Jhansi: अब 'डिजिटल' होगी जनगणना-2027, जिलाधिकारी गौरांग राठी ने परखा प्रशिक्षण शिविर, दिए खास निर्देश

खबर सार :-
Census 2027 Jhansi: झांसी में जनगणना-2027 की तैयारी तेज! जिलाधिकारी गौरांग राठी ने राजकीय इंटर कॉलेज में डिजिटल जनगणना प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। जानें कैसे मोबाइल ऐप और स्वगणना पोर्टल से दर्ज होगी आपकी जानकारी।

Census 2027 Jhansi: अब 'डिजिटल' होगी जनगणना-2027, जिलाधिकारी गौरांग राठी ने परखा प्रशिक्षण शिविर, दिए खास निर्देश
खबर विस्तार : -

झांसी: भारत की भावी तस्वीर को आकार देने वाली 'जनगणना-2027' की तैयारियां अब धरातल पर उतरने लगी हैं। इसी क्रम में झांसी के राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) में चल रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को जिलाधिकारी और प्रमुख जनगणना अधिकारी गौरांग राठी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि प्रशिक्षण ले रहे प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इस राष्ट्रीय कार्य की बारीकियां भी समझाईं।

Census 2027 Jhansi:  डिजिटल युग की पहली 'स्मार्ट' जनगणना

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि इस बार की जनगणना पारंपरिक कागजों के बजाय पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। उन्होंने कहा, "पहली बार हम मोबाइल ऐप और रियल-टाइम डेटा का उपयोग कर रहे हैं, जिससे त्रुटियों की गुंजाइश खत्म होगी और डेटा सीधे सर्वर पर अपलोड होगा।"  प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने पीपीटी (PPT) के माध्यम से डिजिटल ऐप के संचालन और 'नजरी नक्शा' तैयार करने की प्रक्रिया समझाई। प्रगणकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने आवंटित हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में भौतिक रूप से जाकर ही डेटा फीड करें।

Census 2027 Jhansi: आम जनता के लिए 'स्वगणना' का सुनहरा मौका

इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी विशेषता 'स्वगणना पोर्टल' है। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि नागरिक अब खुद भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।  स्वगणना की अवधि: 07 मई से 21 मई तक नागरिक पोर्टल के जरिए अपनी जानकारी भर सकते हैं।  प्रथम चरण का समय: मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का मुख्य कार्य 22 मई से शुरू होकर 20 जून तक चलेगा।

Census 2027 Jhansi: प्रशिक्षण की सघन प्रक्रिया और फील्ड वर्क

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वरुण कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में चल रहे इस शिविर में प्रगणकों को 34 महत्वपूर्ण प्रश्नों की सूची और मकानों के प्रकार, सुविधाओं और परिवार के सदस्यों से जुड़े 33 सवालों को पूछने का विशेष अभ्यास कराया गया। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि प्रत्येक कर्मी को अपने क्षेत्र का सटीक नक्शा बनाना अनिवार्य होगा ताकि कोई भी घर या व्यक्ति गणना से छूट न जाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान श्रीमती पूजा पाल (जिला प्रभारी), तहसीलदार सदर विवेक कुमार, नायब तहसीलदार नसीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जीआईसी में संचालित इस शिविर में प्रगणकों को सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक गहन तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

अन्य प्रमुख खबरें