जन चौपाल में गिनाई गईं सरकार की उपलब्धियां, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

खबर सार :-
जन चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, पेंशन योजनाएं, कृषि विभाग की योजनाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, सिंचाई सुविधाएं और अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतें और सुझाव भी प्राप्त किए।
जन चौपाल में गिनाई गईं सरकार की उपलब्धियां, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
खबर विस्तार : -

सुलतानपुर: तहसील क्षेत्र के हेमनापुर स्थित बाबा जंगली नाथन धाम, वलीपुर में शुक्रवार को आयोजित जन चौपाल में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, आवास, पेंशन, सिंचाई और राजस्व संबंधी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जन चौपाल में मुख्य रूप से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) शैलेन्द्र प्रताप सिंह, इसौली विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश पाण्डेय ‘बजरंगी’, भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री बबिता तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश पाण्डेय ‘बजरंगी’ ने कहा कि डबल इंजन सरकार की जन चौपाल योजना का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें। इसी सोच के तहत एक ही मंच पर राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, वन, विद्युत, पंचायत और विकास विभागों के अधिकारियों को उपस्थित किया गया है, ताकि ग्रामीण सीधे अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकें।

उन्होंने कहा कि जन चौपाल केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने का माध्यम भी है। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलती है और पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलती है।

एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास और कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क मरम्मत, विद्युत आपूर्ति, सिंचाई व्यवस्था, आवास स्वीकृति, पेंशन भुगतान और राजस्व संबंधी मामलों को प्रमुखता से उठाया। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बल्दीराय प्रवीण कुमार, क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार, थाना प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री बबिता तिवारी, मंडल अध्यक्ष जगप्रसाद वर्मा, व्यापार मंडल वलीपुर अध्यक्ष ऋषभ जायसवाल, भाजपा नेता अवधेश दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जन चौपाल के समापन के बाद एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश पाण्डेय ‘बजरंगी’, भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री बबिता तिवारी, क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार तथा उपजिलाधिकारी प्रवीण कुमार ने बाबा जंगली नाथन धाम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ और ग्रामीणों ने इसे जनहित की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

यह भी पढ़ेंः-विश्व प्रसिद्ध फड़ कला में जीवंत हुई हल्दीघाटी की गाथा, विवेक जोशी ने रंगों से उकेरा महाराणा प्रताप का शौर्य
 

अन्य प्रमुख खबरें