Sunday Cycle Rally: पुलिसकर्मियों ने दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खबर सार :-
पुलिस विभाग की ओर से थाना कोतवाली प्रभारी हनुमान सिंह, थाना भीमगंज प्रभारी सुनील कुमार, थाना पुर प्रभारी कन्हैयालाल सहित कई पुलिस अधिकारी और जवानों ने पूरी दूरी तक साइकिल चलाकर आमजन को प्रेरित किया। पुलिस की यह सकारात्मक और जनहितैषी पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
Sunday Cycle Rally: पुलिसकर्मियों ने दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
खबर विस्तार : -

भीलवाड़ाः रविवार सुबह भीलवाड़ा की सड़कों पर एक अलग ही नजारा देखने को मिला। जहां आम दिनों में पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालते नजर आते हैं, वहीं इस बार वे साइकिल की सवारी करते हुए लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते दिखाई दिए। ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के तहत निकाली गई भव्य साइकिल रैली ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमंत नोगिया के निर्देशन में भीलवाड़ा पुलिस विभाग, भीलवाड़ा साइकिल क्लब एवं प्राकृतिक कुल्हड़ ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली को सिटी कंट्रोल रूम, स्टेशन चौराहा से सीओ सिटी सज्जन सिंह, सीओ सदर भवानी सिंह तथा वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष मदन खटोड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः सिटी कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज”, “साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ” और “साइकिल चलाओ, स्वास्थ्य बनाओ” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। राहगीरों ने भी इस पहल का स्वागत किया और कई लोगों ने रैली की सराहना की।

अभियान की खास बात यह रही कि इसमें युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों और नन्हे बालक-बालिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों का जोश और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी यह संदेश दे रही थी कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए उम्र नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति जरूरी होती है।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, बदलती जीवनशैली और असंतुलित खान-पान के दौर में साइकिल सबसे सरल, सस्ती और प्रभावी स्वास्थ्य साथी है। नियमित साइकिल चलाने से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, ईंधन की बचत होती है और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से साइकिल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में नियमित साइकिल चलाने की आदत विकसित करना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए पुलिस विभाग, जिला प्रशासन और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ेंः-जन-कल्याण और जन-जागरूकता अभियान को लेकर प्रशासन सक्रिय, 21 जून तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

अन्य प्रमुख खबरें