नंदा देवी मेले से बढ़ी नैनीताल की रौनक, जानें उत्तराखंड घूमने का सही मौसम और जरूरी ट्रैवल टिप्स

खबर सार :-

उत्तराखंड में नंदा देवी महोत्सव से नैनीताल का ऑफ सीजन पर्यटन फिर रफ्तार पकड़ रहा है। पहाड़ों की खूबसूरती और सुहाने मौसम के बीच यात्रा से पहले मौसम, सड़क, ट्रैफिक और पार्किंग की जानकारी लेना जरूरी है, ताकि सफर सुरक्षित और सुखद रहे।
नंदा देवी मेले से लौटी पहाड़ों की रौनक, उत्तराखंड में फिर बढ़े सैलानी

खबर विस्तार : -

Uttarakhand Tourism: उत्तराखंड में इन दिनों पर्यटन गतिविधियों में फिर तेजी दिखाई दे रही है। नैनीताल में चल रहे 124वें नंदा देवी महोत्सव ने ऑफ सीजन में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ा दी है। नैनी झील, मॉल रोड, बाजारों और मंदिरों के आसपास सैलानियों की चहल-पहल बढ़ी है। धार्मिक आयोजन के साथ मेले की रौनक पर्यटकों के लिए अतिरिक्त आकर्षण बन गई है।

पर्यटक प्राकृतिक नजारों के साथ नंदा देवी महोत्सव का आनंद ले रहे हैं। कई लोग मां नयना देवी मंदिर में दर्शन कर रहे हैं, जबकि नैनी झील में नौकायन भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेले में सजी दुकानें, झूले और स्थानीय गतिविधियां भी पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। मुरादाबाद से पहुंचे पर्यटक मोहित के मुताबिक, मैदानी इलाकों की तुलना में नैनीताल का मौसम इस समय घूमने के लिए सुहावना है। पहाड़ों की ठंडी हवा, हरियाली और झील के नजारे सैलानियों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। हालांकि, महोत्सव के कारण शहर में भीड़ बढ़ी है।

ऑफ सीजन में कारोबार को मिला सहारा

पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ा है। स्थानीय फड़ कारोबारी परवेज के अनुसार, नंदा देवी मेले से पिछले कुछ दिनों में कारोबार में तेजी आई है। ऑफ सीजन में अपेक्षाकृत कम ग्राहकी के बाद पर्यटकों की बढ़ी संख्या स्थानीय व्यापारियों के लिए राहत लेकर आई है। नाव चालक वीरेंद्र पवार ने बताया कि बारिश के दौरान पर्यटकों की आमद कम हो गई थी। पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम और भूस्खलन की घटनाओं के चलते कई लोग यात्रा टाल रहे थे। अब मौसम में सुधार के साथ नैनीताल में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ रही है। उत्तराखंड को धार्मिक पर्यटन के साथ प्राकृतिक, साहसिक और सांस्कृतिक पर्यटन के लिए भी जाना जाता है। राज्य पर्यटन विभाग के अनुसार यहां हिमालयी क्षेत्र, झीलें, धार्मिक स्थल, ट्रेकिंग मार्ग और वन्यजीव पर्यटन के कई विकल्प हैं।

ये भी पढ़ें...नवाबों से लेकर मुगल सल्तनत तक था मुर्शिदाबाद के जगत सेठ परिवार दबदबा, अब ऐतिहासिक बंगला पर्यटन सूची में शामिल

Nainital Tourism-Naini Lake

घूमने का सही मौसम कौन सा?

उत्तराखंड में घूमने का सही समय आपके गंतव्य और यात्रा के उद्देश्य पर निर्भर करता है। नैनीताल के लिए अप्रैल से जून के मध्य और अक्टूबर को मौसम सुहावना माना जाता है। वहीं दिसंबर और जनवरी में ठंड अधिक रहती है और बर्फबारी भी हो सकती है। जून के अंत से सितंबर तक भारी बारिश होती है, इसलिए इस दौरान पहाड़ी यात्रा की योजना बनाते समय मौसम की स्थिति जरूर जांचनी चाहिए। सर्दियों में बर्फ देखने के इच्छुक पर्यटक ऊंचाई वाले इलाकों का रुख कर सकते हैं, जबकि गर्मियों में नैनीताल, मसूरी, रानीखेत, कौसानी और अन्य पर्वतीय स्थल राहत देने वाले विकल्प बनते हैं। धार्मिक यात्राओं और ट्रेकिंग के लिए संबंधित मार्ग के मौसमी हालात और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों की जानकारी लेना जरूरी है।

उत्तराखंड पहुंचने के साधन

उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों तक सड़क, रेल और हवाई मार्ग से पहुंचा जा सकता है। नैनीताल के लिए सड़क मार्ग प्रमुख विकल्प है और दिल्ली, आगरा, देहरादून, हरिद्वार, लखनऊ, कानपुर तथा बरेली से बस सेवाएं उपलब्ध हैं। रेल से आने वाले पर्यटकों के लिए काठगोदाम प्रमुख रेलवे स्टेशन है, जो नैनीताल से करीब 34-35 किलोमीटर दूर है। वहां से टैक्सी और बस के जरिए नैनीताल पहुंचा जा सकता है।  हवाई यात्रा के लिए नैनीताल का निकटतम हवाई अड्डा पंतनगर है, जो करीब 70 किलोमीटर दूर है।

पहाड़ घूमते समय इन बातों का रखें ध्यान

उत्तराखंड की यात्रा में मौसम और सड़क की स्थिति सबसे महत्वपूर्ण है। बारिश के मौसम में निकलने से पहले स्थानीय मौसम और मार्ग की जानकारी लेना बेहतर है। पहाड़ी सड़कों पर तेज गति, गलत ओवरटेक और बिना पर्याप्त आराम के ड्राइविंग से बचना चाहिए। प्रशासन भी पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाने और चढ़ाई की ओर जा रहे वाहनों को रास्ता देने की सलाह देता है। नैनीताल जैसे लोकप्रिय शहरों में पार्किंग और ट्रैफिक नियमों का ध्यान रखना जरूरी है। मॉल रोड पर मौसम और समय के अनुसार वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहता है। यात्रियों को जरूरी दवाइयां, पहचान पत्र, गर्म कपड़े और बारिश की स्थिति में रेनकोट या छाता साथ रखना चाहिए। पहाड़ों में कचरा न फैलाना, स्थानीय संस्कृति और धार्मिक स्थलों की मर्यादा का सम्मान करना और अधिकृत गाइड या सेवा प्रदाताओं का इस्तेमाल करना यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बना सकता है।

ये भी पढ़ें....उत्तराखंड में होम स्टे व्यवसाय से जुड़ रहे युवा, पर्यटन से बदल रही पर्वतीय गांवों की तस्वीर

FAQ (पूछे जाने वाले सामान्य प्रश्न)...

1. उत्तराखंड घूमने का सही समय कौन सा है?

अप्रैल से जून और अक्टूबर का मौसम कई पर्वतीय स्थलों की यात्रा के लिए सुहावना रहता है।

2. नैनीताल कैसे पहुंच सकते हैं?

नैनीताल सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है। रेल से काठगोदाम और हवाई यात्रा के लिए पंतनगर प्रमुख विकल्प हैं।

3. बारिश में उत्तराखंड घूमते समय क्या सावधानी रखें?

यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति जांचें तथा भूस्खलन संभावित मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें।

4. नैनीताल में पर्यटकों के लिए क्या खास है?

नैनी झील में नौकायन, मॉल रोड, नयना देवी मंदिर और नंदा देवी महोत्सव प्रमुख आकर्षण हैं।

अन्य प्रमुख खबरें