Sultanpur: तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान महिला की मौत

खबर सार :-
बलदीराय पुलिस स्टेशन इलाके की केवटली ग्राम सभा के पूरे निर्घिन की रहने वाली और बजरंगबली की पत्नी धनपता की शुक्रवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना शाम कुड़वार में रामलीला मैदान के पास हुई, पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार मोटरसाइकिल सवार की तलाश कर रही है।
Sultanpur: तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान महिला की मौत
खबर विस्तार : -

सुल्तानपुर: जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका की पहचान बल्दीराय क्षेत्र की ग्राम सभा केवटली, पूरे निरघिन निवासी धनपता (पत्नी बजरंगबली) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, धनपता शुक्रवार शाम अपनी छोटी बेटी के साथ कुड़वार बाजार खरीदारी करने गई थीं। उनकी छोटी बेटी की शादी करीब तीन माह पहले ही हुई थी। बाजार में आवश्यक सामान खरीदने के बाद धनपता सड़क किनारे स्थित तेल पेराई मशीन से सरसों का तेल लेने के लिए सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान सुल्तानपुर-हलियापुर मार्ग पर सुल्तानपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि धनपता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मां को घायल अवस्था में देखकर बेटी चीख-पुकार करने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला की मदद में जुट गए। सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई। डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजने की सलाह दी, लेकिन परिजन उन्हें वहां तक ले जा पाते, उससे पहले ही जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

धनपता अपने पीछे पति, तीन पुत्र और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिवार का जीवनयापन खेती-किसानी और मजदूरी पर निर्भर है। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है।

परिजनों ने कुड़वार थाने में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार बाइक चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने जल्द आरोपी को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।

यह भी पढ़ेंः-Punjab Ferozepur Accident News: फिरोजपुर में पिकअप-ट्रक की भिड़ंत, 9 की मौत, अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा
 

अन्य प्रमुख खबरें