उरई सिलेंडर ब्लास्ट: झांसी मेडिकल कॉलेज में 17 घायल भर्ती, 13 बच्चे शामिल

खबर सार :-

उरई में गैस रिसाव के बाद हुए सिलेंडर विस्फोट में 23 लोग झुलस गए। झांसी मेडिकल कॉलेज में 17 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें 13 बच्चे हैं। मुख्यमंत्री ने बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं, जबकि पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
उरई सिलेंडर ब्लास्ट में 23 झुलसे, 13 बच्चों समेत 17 झांसी रेफर

खबर विस्तार : -

झांसी/उरईः उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई में गैस सिलेंडर विस्फोट की दर्दनाक घटना ने कई परिवारों को दहशत में डाल दिया है। शांतिनगर मोहल्ले में रविवार शाम चाय बनाते समय गैस रिसाव के बाद सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में 23 लोग झुलस गए, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं। गंभीर हालत में 19 घायलों को बेहतर उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। इनमें से 17 घायलों के नाम सामने आए हैं। वहीं, चार घायलों का उपचार उरई में जारी है।

रेगुलेटर से गैस रिसाव के बाद हुआ जोरदार धमाका

जानकारी के मुताबिक, उरई के शांतिनगर मोहल्ले के वार्ड नंबर-7 स्थित एक मकान में रविवार शाम चाय बनाई जा रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते गैस में आग लग गई और कुछ ही देर में सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि सिलेंडर के टुकड़े दूर तक जा गिरे। मकान में लगी आग ने आसपास मौजूद लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई।

स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद आसपास के लोग तत्काल बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने मकान और आसपास मौजूद झुलसे लोगों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। सभी घायलों को उरई के जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से झुलसे 19 लोगों को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

ये भी पढ़ें...झांसी में 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान की शुरुआत

झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती 17 घायलों के नाम आए सामने

झांसी मेडिकल कॉलेज में उपचार करा रहे 17 घायलों की सूची सामने आई है। इनमें 13 बच्चे और चार वयस्क शामिल हैं। घायलों में सान्या (13 वर्ष), कीर्ति (8 वर्ष), अजीत (12 वर्ष), बबलू (45 वर्ष), अभिनव (9 वर्ष), कृष (8 वर्ष), दयावती (24 वर्ष), अंशिका (10 वर्ष), आकाश (24 वर्ष), दीपेश (9 वर्ष), दयानंद (41 वर्ष), सोमवती (45 वर्ष), वैष्णवी (8 वर्ष), मुन्नी देवी (62 वर्ष), उमंग (9 वर्ष), अमृता (14 वर्ष) और निखिल (16 वर्ष) शामिल हैं। झांसी रेफर किए गए घायलों के अलावा चार अन्य लोगों का उपचार उरई में जारी है। इनमें राममोहन (30), पुत्र रामनारायण कुशवाहा, पुष्पेंद्र (25), पुत्र अरविंद, रौनक (15), पुत्र रविंद्र और डॉली (17), पुत्री राज राजक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, जांच के लिए कमेटी गठित

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने भी घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को सभी घायलों को बेहतर और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जालौन के पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने घटना की जांच के लिए कमेटी गठित की है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और प्रशासन की टीमें विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। गैस रिसाव के बाद हुए इस भीषण विस्फोट ने घरेलू गैस सिलेंडरों की सुरक्षा और सावधानी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें...बहन की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे तीन दोस्तों की खड़े ट्रक से टकराने से मौत

अन्य प्रमुख खबरें