मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

खबर सार :-

सुल्तानपुर के बल्दीराय में मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। संवेदनशील स्थानों की हॉटस्पॉट मैपिंग होगी।
मिशन शक्ति अभियान: छात्राओं को किया जागरूक

खबर विस्तार : -

सुल्तानपुर: मिशन शक्ति अभियान के तहत बल्दीराय पुलिस ने गनापुर स्थित सेंट जॉन्स कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल में छात्राओं को महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम स्कूल पहुंची और छात्राओं से संवाद कर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। पुलिस टीम ने छात्राओं से अपील की कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर वे घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने 1090, 112, 181 और 1930 समेत अन्य हेल्पलाइन के बारे में बताते हुए कहा कि छेड़खानी, पीछा करने, अभद्र व्यवहार या साइबर अपराध जैसी किसी भी स्थिति में छात्राएं चुप न रहें। उन्होंने कहा कि समय पर पुलिस को सूचना मिलने से कार्रवाई करने में मदद मिलती है और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस त्वरित कदम उठा सकती है।

फीडबैक फॉर्म के जरिए जुटाई जानकारी

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं से फीडबैक फॉर्म भी भरवाए। इसके माध्यम से स्कूल आने-जाने के दौरान छात्राओं को होने वाली परेशानियों और ऐसे स्थानों की जानकारी जुटाई गई, जहां उन्हें असुरक्षित महसूस होता है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि छात्राओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर संबंधित संवेदनशील स्थानों की हॉटस्पॉट मैपिंग कराई जाएगी। चिह्नित स्थानों पर पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाने की योजना है, ताकि छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

अभद्रता करने वालों को रेड कार्ड से चेतावनी

थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ अभद्रता, छींटाकशी या आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। ऐसे लोगों को रेड कार्ड के माध्यम से चेतावनी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चेतावनी के बावजूद यदि कोई व्यक्ति दोबारा इस तरह की हरकत करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को अपनी समस्याएं पुलिस और संबंधित अधिकारियों के सामने खुलकर रखने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता के साथ-साथ समय पर सूचना देना भी महत्वपूर्ण है।

कई गणमान्य रहे मौजूद

कार्यक्रम में स्कूल के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य शिवम श्रीवास्तव, मिशन शक्ति प्रभारी राजदेव यादव, कांस्टेबल अंकित साहू, महिला कांस्टेबल सविता और ममता समेत पुलिसकर्मी एवं स्कूल से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान जयदीप पाठक, सत्येंद्र कुमार, धीरेंद्र मूर्ति पाठक, संजय यादव, विनोद त्रिपाठी, ज्योति दुबे, पंकज श्रीवास्तव, विकास जी शुक्ला, अरमान मलिक, कृष्ण मौर्य, तबस्सुम बानो, रेखा श्रीवास्तव, जीनत, शुभ्रा दुबे, अरुण कुमार श्रीवास्तव, अलशबा, रितेश श्रीवास्तव, उमेश तिवारी और अरविंद पांडेय आदि उपस्थित रहे। पुलिस ने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी आपात स्थिति में उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल करें और अपनी सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी बिना संकोच पुलिस को दें।

यह भी पढ़ेंः-प्रदेश की धरोहरों को सजाएंगे कलाकार, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या में होंगे आयोजन

अन्य प्रमुख खबरें