महोबा में एक ही परिवार से 11 दिन में तीन की मौत, बेटे का सदमे ने ले ली माता-पिता की जान

खबर सार :-
उत्तर प्रदेश के महोबा से एक बेहद विचलित करने वाला मामला सामने आया है। एक परिवार में 11 दिनों के भीतर 3 लोगों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
महोबा में एक ही परिवार से 11 दिन में तीन की मौत, बेटे का सदमे ने ले ली माता-पिता की जान
खबर विस्तार : -

Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा में 25 मई को हीटवेव की चपेट में आने के कारण सुब्हान के 6 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। बेटे की मौत के सदमें ने उसकी मां की भी जान ले ली। पत्नी और बेटे को खोने के बाद पिता सुब्हान ने भी अपनी पत्नी गम में जान दे दी। 

11 दिन में एक ही परिवार में तीन की मौत

महोबा की इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है। मात्र 11 दिन के भीतर तीन लोगों की मौत ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। सुब्हान मूल रुप से मध्य प्रदेश के हरपालपुर के रहने वाले थे। पत्नी और बेटे की मौत का सदमा उन पर इतना हावी हो गया कि वो 11 दिन बाद शुक्रवार की सुबह कब्रिस्तान पहुंच गए और अपनी पत्नी के कब्र से लिपटकर रोने लगे। घरवाले उनका काफी समय तक इंतजार करते रहे लेकिन घंटों बाद भी जब वो नहीं लौटे तो परिजन उन्हें ढूंढते हुए कब्रिस्तान पहुंच गए। वहां उन्होंने सुब्हान को मृत पाया। जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। 

सुब्हान के तीन बच्चे अनाथ

परिजनों के अनुसार सुब्हान की मौत के बाद उनके पैर पर एक निशान मिला है, जिससे इस बात की आशंका जताई जा रही है कि उन्हें किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया है, या पत्नी और बेटे के सदमें ने उनकी जान ले ली। परिवारजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, रिपोर्ट आने के बाद ही उनके मौत के कारण का पता चल पाएगा। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद उनके तीन बच्चों पर दुख का पहाड़ टुट गया है। इस दुखद घटनाक्रम के बाद दंपत्ति के तीनों नाबालिग बच्चे अनाथ हो गए।

सरकार से लगाई मदद की गुहार  

परिवार के सदस्य मोहम्मद सलीम ने बताया कि उनके भांजे हसनैन की हीटवेव के कारण तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद इलाज के लिए उसे छतरपुर ले जा रहा था, लेकिन उसने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया।  एक घर से दो जनाजे एक साथ निकले, जिसे देख हर किसी का दिल दहल गया। अब सुब्हान की मौत के बाद परिवार पर संकट और गहरा गया है। उनके तीनों बच्चों के भरण-पोषण के लिए सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली: छज्जूपुर में संदिग्ध हालात में पिता-बेटे की मौत, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

अन्य प्रमुख खबरें