झांसी में स्कॉर्पियो लूट का 15 घंटे में खुलासा, GPS लोकेशन से पुलिस ने बरामद की लूटी कार

खबर सार :-

झांसी में थार से टक्कर मारकर लूटी गई स्कॉर्पियो को पुलिस ने GPS लोकेशन के जरिए 15 घंटे में बरामद कर लिया। पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं, वही एक अभी भी फरार है।
झांसी में स्कॉर्पियो लूट का 15 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

खबर विस्तार : -

झांसीः सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो लूट की घटना का पुलिस ने महज 15 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने लूटी गई सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो एन को मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा थाना क्षेत्र से बरामद करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

थार से टक्कर मारकर स्कॉर्पियो लूटी

पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर 2026 की रात करीब 9:50 बजे खाती बाबा निवासी मनीष कुमार शर्मा अपनी सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो एन UP32YN5050 से जा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की काली रंग की महिंद्रा थार ने उनकी स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद थार सवार आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट की और स्कॉर्पियो की चाबी छीनकर वाहन लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना पुलिस सक्रिय हो गई।

GPS लोकेशन ने आरोपियों तक पहुंचाया

पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराई गई GPS लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने लूटी गई स्कॉर्पियो को ट्रेस करना शुरू किया। पुलिस लगातार वाहन की लोकेशन पर नजर रखते हुए आरोपियों का पीछा करती रही। पुलिस की कार्रवाई के दौरान 2 सितंबर 2026 की रात करीब 12:52 बजे मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा थाना क्षेत्र में ओरछा से बंगाय जाने वाले मार्ग पर लूटी गई स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजेंद्र यादव पुत्र राजकुमार यादव, निवासी ग्राम खैलार, थाना बबीना, झांसी, उम्र करीब 25 वर्ष और प्रद्युम यादव पुत्र धनीराम यादव, निवासी ग्राम वनगाय, थाना ओरछा, जनपद निवाड़ी, मध्य प्रदेश, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों की घटना में संलिप्तता सामने आई है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान राहुल यादव पुत्र मांशाराम यादव, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी ग्राम खोड़न अठोदना, थाना रक्सा, झांसी के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

लूटी गई स्कॉर्पियो बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो एन UP32YN5050 बरामद की है। वाहन की बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। मामले में थाना सीपरी बाजार में मु0अ0सं0 412/2026, धारा 115(2)/309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बृजेंद्र यादव के खिलाफ थाना नवाबाद में वर्ष 2025 का एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्तमान लूट का मुकदमा भी उसके खिलाफ दर्ज है। प्रद्युम यादव के खिलाफ वर्तमान मामले का मुकदमा दर्ज है। वहीं फरार आरोपी राहुल यादव के खिलाफ रक्सा, प्रेमनगर और सीपरी बाजार थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, जुआ अधिनियम, मारपीट, धमकी सहित गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बरामद हुई कार

स्कॉर्पियो लूट की सूचना मिलने के बाद GPS लोकेशन के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और लगातार वाहन का पीछा किया। इसी का परिणाम रहा कि करीब 15 घंटे के भीतर लूटा गया वाहन बरामद कर लिया गया। कार्रवाई में सीपरी बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश चौबे, उपनिरीक्षक विनय कुमार, उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा समेत पुलिस टीम के अन्य कर्मचारियों की भूमिका रही। झांसी पुलिस के अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में दो आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई स्कॉर्पियो की बरामदगी पुलिस की त्वरित कार्रवाई के रूप में सामने आई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ेंः-अपराध नियंत्रण से साइबर फ्रॉड तक SSP की सख्ती, मासिक अपराध गोष्ठी में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

अन्य प्रमुख खबरें