25 हजार का इनामी शूटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, संजय सिंह हत्याकांड का खुलासा

खबर सार :-

झांसी में चर्चित संजय सिंह हत्याकांड के मुख्य शूटर और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश हुसैन उर्फ खड्डा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पूछताछ में प्रॉपर्टी विवाद में सुपारी देकर हत्या कराने का खुलासा हुआ।
25 हजार का इनामी शूटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, संजय सिंह हत्याकांड का खुलासा

खबर विस्तार : -

झांसी: झांसी के चर्चित संजय सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नवाबाद थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के मुख्य शूटर और ₹25 हजार के इनामी बदमाश हुसैन उर्फ खड्डा को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी जितेंद्र उर्फ जीतू यादव मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध .32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 की रात संजय सिंह दतिया स्थित मां पीताम्बरा देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद झांसी लौटे थे। इसके बाद वह मैड किचन रेस्टोरेंट में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान एक हमलावर ने उनके सिर में बेहद करीब से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल संजय सिंह को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद नवाबाद थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पूछताछ में प्रॉपर्टी विवाद का खुलासा

गिरफ्तार आरोपी हुसैन उर्फ खड्डा से पूछताछ में हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद की साजिश सामने आई है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक संजय सिंह प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त का कारोबार करते थे। इसी कारोबार को लेकर उनका अजय यादव और धर्मेंद्र सिंह परिहार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते अजय यादव और धर्मेंद्र सिंह परिहार ने संजय सिंह की हत्या की योजना बनाई। इसके लिए जितेंद्र यादव उर्फ जीतू, हुसैन उर्फ खड्डा और अजीम उर्फ शफी को सुपारी दी गई। आरोपी के अनुसार, हत्या के लिए ₹50 हजार अग्रिम दिए गए थे, जबकि बाकी रकम वारदात को अंजाम देने के बाद देने की बात तय हुई थी।

रेस्टोरेंट में की रेकी, फिर मारी गोली

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वारदात से पहले उसने अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट की रेकी की थी। संजय सिंह के भोजन करने के दौरान मौका देखकर उसने बेहद नजदीक से उनके सिर में गोली मार दी और साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि हत्या पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई थी और इसमें कई लोग शामिल थे। मामले में फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार हुसैन उर्फ खड्डा के खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः-मेरठ में सिरफिरे प्रेमी का खूनी खेल, गर्लफ्रेंड को 3 गोलियां मार खुद भी की आत्महत्या, टैटू बना विवाद की वजह
 

अन्य प्रमुख खबरें