मोबाइल फोन ढूंढने डिमना लेक में उतरे MGM मेडिकल काॅलेज के दो जूनियर डाॅक्टर डूबे, तलाश जारी

खबर सार :-

बोडाम थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रमुख पर्यटन स्थल डिमना झील में गुरुवार देर रात घूमने गए दो जूनियर डाॅक्टर गहरे पानी में डूब गए, जिनकी तलाश जारी है। इनके साथ गए एक और जूनियर डाॅक्टर तैरकर बाहर निकल आए और अपने साथियों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। आज सुबह से गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
मोबाइल फोन ढूंढने डिमना लेक में उतरे MGM मेडिकल काॅलेज के दो जूनियर डाॅक्टर डूबे, तलाश जारी

खबर विस्तार : -

जमशेदपुर: महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज के तीन जूनियर डॉक्टर बोडाम थाना क्षेत्र स्थित शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल डिमना झील में डूब गए। उनमें से एक तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा। 

शुक्रवार सुबह से ही पुलिस, स्थानीय गोताखोर और NDRF की टीम बाकी दो डॉक्टरों की तलाश में जुटी हुई है। यह घटना गुरुवार देर रात हुई। डूबने वाले डॉक्टरों की पहचान डॉ. समीर और डॉ. सक्षम के तौर पर हुई है। तैरकर बाहर निकलने वाले जूनियर डॉक्टर का नाम डॉ. यश है और पुलिस घटना के बारे में उनसे पूछताछ कर रही है।

"डेंजर जोन" में घूमने गए थे तीनों

डॉ. सक्षम पलामू (मेदिनीनगर) के रहने वाले हैं, जबकि डॉ. समीर जमशेदपुर के काशिडीह इलाके के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों जूनियर डॉक्टर देर रात डिमना झील पहुंचे थे। वे ऐसे इलाके में चले गए थे जिसे प्रशासन ने पहले ही "डेंजर जोन" घोषित कर रखा था और वहां आम लोगों के जाने पर रोक थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब वे पानी के किनारे थे, तो एक डॉक्टर का मोबाइल फोन पानी में गिर गया। फोन निकालने की कोशिश में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दो साथी भी पानी में कूद पड़े। 

बताया जा रहा है कि डॉ. यश को तैरना आता था और वह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन डॉ. समीर और डॉ. सक्षम गहरे पानी में फंस गए। बाहर निकलने के बाद डॉ. यश ने अपने साथियों और बोडाम थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। 

dimna lake

जलस्तर बढ़ने से बचाव अभियान में कठिनाई

बताया जा रहा है कि रेडियल गेट के नीचे बना यह तालाबनुमा गड्ढा काफी गहरा है और लगातार बारिश के कारण डिमना झील में पानी का स्तर बढ़ा हुआ है, जिससे राहत एवं बचाव अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से गोताखोरों और NDRF की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।  शुक्रवार सुबह से झील में व्यापक स्तर पर खोजबीन की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों डॉक्टरों का कोई पता नहीं चल सका था।

ये भी पढ़ें: Gujarat Accident: जूनागढ़ में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई कार, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

दोनों डॉक्टरों की चप्पलें और अन्य सामान मिले

मौके पर दोनों डॉक्टरों की चप्पलें और अन्य सामान मिला है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह एक हादसा था, हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों डॉक्टरों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान जारी है और प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि यह मिशन जल्द ही सफल होगा। 

घटनास्थल पर पहुंचे प्राचार्य व वरिष्ठ अधिकारी

dimna lake

घटना की खबर मिलने पर MGM मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जूनियर डॉक्टर, फिजिशियन और कर्मचारी डिमना झील पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। अपने साथियों के लापता होने की खबर के बाद अस्पताल परिसर में उदासी छा गई है।

 

ये भी पढ़ें: Rajasthan Accident: बालोतरा में अज्ञात वाहन से टकराई स्कॉर्पियो, पांच की मौत, 3 की हालत गंभीर

अन्य प्रमुख खबरें