गोंडा में दर्दनाक सड़क हादसा: बेटे को बचाने दौड़ी मां भी कंटेनर की चपेट में आई, दोनों की मौत

खबर सार :-

उत्तर प्रदेश के गोंडा से एक भीषण हादसे की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार दो कंटेनरों ने मां और बेटे को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक गाड़ी छोड़कर फरार  हो गया।
गोंडा में दर्दनाक सड़क हादसा: बेटे को बचाने दौड़ी मां भी कंटेनर की चपेट में आई, दोनों की मौत

खबर विस्तार : -

Gonda Road Accident: गोंडा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के शुक्रवार की देर रात दो कंटेनरों ने मां और बेटे को रौंद दिया। सड़क किनारे खड़ी कार के पास महिला का 11 साल का मासूम खड़ा था, तभी सामने से आती हुई बेकाबू कंटेनर ने उसे रौंद दिया। हादसा महिला के घर के सामने हुआ। अपने बेटे को बचाने के लिए दौड़ी मां को सामने से आते हुए दूसरे कंटेनर ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर दोनों के शव के टुकड़े क्षत-विक्षत पड़े थे, जिसे देख हर किसी की रुह कांप गई। कंटेनर चालक मौके से गाड़ी वहीं छोड़ फरार हो गया।

हादसे में दो लोगों की मौत

गोंडा में शुक्रवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार कटरा बाजार थाना क्षेत्र के गंगादीनपुरवा के रहने वाले हरिओम जायसवाल अपनी पत्नी रीता देवी उर्फ खुशबू  और 11 साल के मासूम बेटे लकी एक किराये के मकान में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 13 दिन पहले ही रीता की मां सरोज जायसवाल का लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बीते शुक्रवार को सभी सरोज के अंतिम कार्यक्रम भोज-भात के लिए कौड़िया बाजार आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात करीब 11 बजे तक हरिओम ने घर जाने की बात की, जिसके लिए एक कार भी मंगवाई थी। बताया जा रहा है कि कार घर के पास खड़ी थी, उनका 11 साल का मासूम लकी कार के पास खड़ा था, इसी बीच बहराइच से गोंडा की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बेकाबू होकर लकी को रौंद दिया। 

गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

रीता यह सब दृश्य अपनी आंखों के सामने देख रही थी, वह अपने बेटे को बचाने के लिए दौड़ी कि तभी पीछे से आ रहे एक दूसरे कंटेनर ने उन्हें भी कुचल दिया। दोनों के शरीर के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़कर चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गया। मृतिका के परिजनों का कहना है कि उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, लेकिन पुलिस करीब 1 घंटे बाद वहां पहुंची, जिससे गुस्साए परिजनों ने मां-बेटे का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया और कंटेनर चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के कारण कई घंटों तक सड़क पर जाम लगा रहा। पुलिस के अनुसार करीब दो घंटों तक लोगों को समझाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन परिजन कार्रवाई के आश्वासन की मांग पर अड़े थे। 

13 साल पहले हुई थी शादी

इस दौरान जब घटनास्थल पर स्थिति बेकाबू होने लगी तो अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ करनैलगंज मौके पर पहुंचे और परिजनों को दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस जाम हटाने में कामयाब रही। रात करीब दो बजे पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतिका के पति हरिओम ने बताया कि रीता से उनकी शादी 13 साल पहले हुई थी। उनके दो बेटे लकी और तीन वर्षीय अक्षु है। जिसमें से बड़े बेटे लकी की मौत हो चुकी है। उन्होंने काफी भावुक होते हुए कहा कि अक्षु काफी कम उम्र में अपनी मां और बड़े भाई को खो चुका है, अब तीन वर्षीय बेटे अक्षु की जिम्मेदारी अकेले निभाना उनके लिए काफी कठिन होगा।

अन्य प्रमुख खबरें