इलाइट-शिवपुरी बाईपास मार्ग बनेगा मॉडल रोड: चौड़ी सड़क के साथ फैंसी लाइटिंग और अंडरग्राउंड बिजली लाइनों का होगा काम

खबर सार :-

झांसी में इलाइट चौराहे से शिवपुरी हाईवे तक 4 किलोमीटर लंबे मार्ग को मॉडल रोड बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत सुंदरीकरण कार्य के लिए 12 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं।
इलाइट-शिवपुरी मार्ग बनेगा मॉडल रोड, सौंदर्यीकरण को मिली मंजूरी

खबर विस्तार : -

झांसी: महानगर की प्रमुख सड़कों में शामिल इलाइट चौराहे से शिवपुरी हाईवे तक के मार्ग का अब सुंदरीकरण किया जाएगा। लगभग 4 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के दोनों तरफ नाला, फुटपाथ और फैंसी लाइटिंग के साथ बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने की योजना है। इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत दूसरी किस्त के लगभग 12 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

मार्ग पर चारों तरफ झूलते बिजली के तार

इस योजना के पूरा होने के बाद इस मार्ग पर चारों तरफ झूलते बिजली के तार और ट्रांसफार्मर नजर नहीं आएंगे। नगर विकास विभाग की ओर से इस परियोजना के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है। लगभग 40 करोड़ रुपए की इस पूरी परियोजना में अब तक 8 से 10 करोड़ रुपए का भुगतान भी किया जा चुका है।

 

निर्माण कार्य में जुटे ठेकेदार ने बताया कि मार्ग के दोनों ओर नाला निर्माण के साथ फुटपाथ भी तैयार किया जा रहा है। इस योजना के तहत बिजली की हैवी लाइन और ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने का काम बिजली विभाग द्वारा किया जाएगा, जबकि सड़क, फुटपाथ, नाला और अन्य सिविल कार्य ठेकेदार के माध्यम से कराए जाएंगे। इससे सड़क किनारे बिजली के खंभों और तारों का जाल कम होने के साथ मार्ग को एक सुंदर स्वरूप मिलने की उम्मीद है।

सड़क की उपयोगिता बढ़ने के साथ यातायात में होगी सुगमता

वर्तमान में कई हिस्सों में नाले और फुटपाथ से जुड़े कार्य चल रहे हैं। इन कार्यों के पूरा होने के बाद पूरे मार्ग पर मजबूत सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे सड़क की उपयोगिता बढ़ने के साथ-साथ यातायात में भी काफी सुगमता होगी। शहर के प्रवेश और बाहरी मार्गों से जुड़ने वाले इस महत्वपूर्ण रास्ते के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिछली बार झांसी दौरे के दौरान इस सड़क के झूलते विद्युत तारों को हटाकर अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद परियोजना का विस्तार करते हुए इस मार्ग पर अंडरग्राउंड विद्युत व्यवस्था के काम को शामिल किया गया।

यह भी पढ़ेंः-मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बरस रहे बदरा, आज 16 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

 

अन्य प्रमुख खबरें