बबीना में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आईं मां-बेटी, दोनों की मौत

खबर सार :-

बबीना में रेलवे क्रॉसिंग के पास अनियंत्रित ट्रक पलटने से महिला और उसकी आठ वर्षीय बेटी की मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से महिला और 8 वर्षीय बेटी की मौत

खबर विस्तार : -

झांसी/बबीनाः सैन्य क्षेत्र में ठाकुर बाबा मंदिर के पास रेलवे क्रॉसिंग बैरियर के नजदीक शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में महिला और उसकी आठ वर्षीय बेटी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण अनियंत्रित हुआ ट्रक अचानक पलट गया, जिसकी चपेट में आने से मां-बेटी दोनों ट्रक के नीचे दब गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के चकरपुर निवासी अंगूरी अहिरवार (47) अपनी आठ वर्षीय बेटी सेजल अहिरवार के साथ बबीना स्थित कारसदेव मंदिर में आयोजित भंडारे में शामिल होने आई थीं। भंडारे में शामिल होने के बाद दोनों घर लौट रही थीं। बताया गया कि वापस लौटते समय मां-बेटी जिस ऑटो से जा रही थीं, वह रास्ते में खराब हो गया। ऑटो खराब होने के बाद दोनों अन्य लोगों के साथ पैदल ही अपने घर की ओर जाने लगीं। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग बैरियर के पास सामने से आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पलट गया।

ट्रक के नीचे दब गईं मां-बेटी

ट्रक के पलटते ही वहां से गुजर रहीं अंगूरी अहिरवार और उनकी बेटी सेजल उसकी चपेट में आ गईं। दोनों ट्रक के नीचे दब गईं। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने बचाव और राहत कार्य शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसपी रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। इसके अलावा सीओ सदर सिमरन सिंह, बबीना थाना प्रभारी राहुल सिंह राठौर समेत पुलिस अधिकारी और जवान भी मौके पर पहुंचे।

आर्मी गेट नंबर 357 के पास हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, हादसा आर्मी गेट नंबर 357 के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ। प्रारंभिक जांच में ट्रक में तकनीकी खराबी आने के बाद उसके अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद रेलवे क्रॉसिंग और आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ेंः-UP में खुली मिठाइयों की बिक्री पर प्रशासन सख्त, 15 अक्टूबर से ‘यूज बाय डेट’ दिखाना जरूरी, कमिश्नर ने दिए आदेश

अन्य प्रमुख खबरें