Asian Games 2026: सेमीफाइनल में हांगकांग से मिली हार के बावजूद भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

खबर सार :-

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने सेमीफाइनल में हांगकांग से हार के बावजूद ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। सेमीफाइनल में अनाहत सिंह और तन्वी खन्ना के शानदार खेल के बावजूद भारत को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।
भारतीय स्क्वैश टीम ने जीता ब्रॉन्ज मेडल, हांगकांग से मिली 1-2 से हार

खबर विस्तार : -

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने भारत के लिए एक और मेडल पक्का कर दिया। भारतीय स्क्वैश टीम ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। हालांकि, टीम को सेमीफाइनल में हांगकांग के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल मुकाबले की शुरुआत भारतीय महिला स्क्वैश टीम के लिए अच्छी नहीं रही। अनाहत सिंह ने चान सिन युक के खिलाफ शानदार शुरुआत की और पहले दो गेम जीते। अनाहत ने पहला गेम 11-9 और दूसरा गेम 11-8 से अपने नाम किया। हालांकि, इसके बाद चान सिन ने शानदार वापसी की और उन्होंने अगले तीन गेम जीतकर मैच को अपने नाम कर लिया। तीसरा गेम चान सिन ने 11-6 से जीता, तो चौथे गेम को 13-11 और पांचवें गेम को 12-10 से जीता। इस जीत के साथ हांगकांग ने मैच में 1-0 की बढ़त बना ली।

निर्णायक मुकाबले में जोशना चिनप्पा ने किया निराश 

हालांकि, इसके बाद तन्वी खन्ना ने भारतीय टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा। उन्होंने अपने से ऊंची रैंकिंग वाली खिलाड़ी ली का यी को बेहतरीन वापसी करते हुए हराया। पहले गेम में तन्वी को 4-11 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद तन्वी ने वापसी की और अगले तीनों गेम जीतकर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। तन्वी ने दूसरा गेम 13-11, तीसरा गेम 11-9 और 13-11 से जीता। निर्णायक मुकाबले में जोशना चिनप्पा ने निराश किया और वह हो त्जे लोक के खिलाफ हार गईं। हो त्जे ने पहला गेम 11-4 से अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे गेम में भी हांगकांग की खिलाड़ी का दबदबा रहा और उन्होंने गेम को 11-7 से जीता। हो त्जे तीसरे गेम में भी हावी नजर आईं और उन्होंने 11-9 से जीतकर हांगकांग को फाइनल का टिकट दिलाया। वहीं, भारतीय टीम को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। एशियन गेम्स 2026 में स्क्वैश में यह चौथा मेडल है। इससे पहले, भारत व्यक्तिगत स्पर्धा में अभय सिंह और अनाहत सिंह ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था, जबकि मिक्स्ड डबल्स में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार की जोड़ी सिल्वर मेडल जीतने में सफल रही थी।

गणेश मणि रत्नम ने पुरुषों के कंपाउंड व्यक्तिगत इवेंट में जीता ब्रॉन्ज मेडल 

भारतीय कंपाउंड आर्चर गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने गुरुवार को पुरुषों के व्यक्तिगत इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उनकी सफलता के बाद आर्चरी में भारत के पदकों की संख्या चार हो गई है। गणेश ने ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पस स्क्वायर में वियतनाम के कांग डुक डांग को 149-144 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। गणेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 बार '10' का स्कोर किया और लगातार तीन बार '10' के साथ 149 का स्कोर बनाकर अपने प्रतिद्वंद्वी से बढ़त बना ली। आइची-नागोया में यह उनका दूसरा मेडल है। इससे पहले बुधवार को उन्होंने पुरुषों की टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता था।

ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: तीरंदाजी में 'गोल्डन' हैट्रिक, शूटिंग में भी स्वर्ण, एक दिन में भारत की झोली आए 4 गोल्ड

कंपाउंड आर्चरी प्रतियोगिता में तीन गोल्ड मेडल, एक ब्रॉन्ज मेडल जीता  

भारत ने कंपाउंड आर्चरी प्रतियोगिता का समापन टीम इवेंट में तीन गोल्ड मेडल और व्यक्तिगत इवेंट में एक ब्रॉन्ज मेडल के साथ किया। इससे पहले, भारत की चिकिथा तनिपार्थी क्वार्टर-फाइनल में इंडोनेशिया की नुरिसा डियान अशरीफाह से 144-143 के करीबी अंतर से हारकर महिलाओं के कंपाउंड व्यक्तिगत इवेंट से बाहर हो गईं। शुरुआती दो राउंड में चिकिथा पीछे थीं, लेकिन तीसरे राउंड में उन्होंने वापसी करते हुए बढ़त बना ली। हालांकि, आखिरी राउंड में 8, 9, 10 का स्कोर भारी पड़ा, क्योंकि नुरिसा ने 10, 10, 9 का स्कोर करके मुकाबला जीत लिया। आइची-नागोया 2026 में व्यक्तिगत कंपाउंड इवेंट्स की दोनों कैटेगरी में भारत हांगझोऊ 2023 में जीते गए अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने में नाकाम रहा। पिछले एशियन गेम्स में भारतीय कंपाउंड आर्चर्स ने सभी पांच गोल्ड मेडल जीते थे।

तीरंदाजी टीम ने चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड मेडल रखा बरकरार 

चिकिथा ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की टीम इवेंट में गोल्ड और मिक्स्ड टीम का खिताब जीतने के साथ-साथ लॉस एंजिल्स ओलंपिक कोटा भी हासिल किया। बुधवार को चिकिथा, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम की भारतीय कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने चीन को 238-234 से हराकर अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखा। भारत ने इस इवेंट में 2018 में सिल्वर और 2014 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। चिकिथा ने साहिल जाधव के साथ मिलकर कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट का भी गोल्ड मेडल जीता। इस जीत से भारत को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक में कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट के लिए कोटा भी मिल गया, जहां यह खेल पहली बार ओलंपिक में शामिल होगा। इसके अलावा, साहिल ने पुरुषों की टीम इवेंट में भी अपना दूसरा गोल्ड मेडल जीता। कुशल दलाल, साहिल और गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु की तिकड़ी ने शानदार वापसी करते हुए चीन को हराया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेडल किया पक्का, गोल्ड मेडल के लिए फाइनल में होगा चीन से मुकाबला

अन्य प्रमुख खबरें