Asian Games 2026: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने मेडल किया पक्का, बांग्लादेश को हराकर हासिल किया सेमीफाइनल का टिकट

खबर सार :-

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने बांग्लादेश को 48-25 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ टीम ने मेडल भी पक्का कर लिया। भारत गुरुवार को चीनी ताइपे के खिलाफ अपने ग्रुप-स्टेज अभियान का समापन करेगा।
Asian Games: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

खबर विस्तार : -

Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने मेडल पक्का कर लिया है। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने बुधवार को टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में ग्रुप ए के मुकाबले में बांग्लादेश को 48-25 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सुनील कुमार की कप्तानी में यह ग्रुप स्टेज में भारत की लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले टीम ने टूर्नामेंट का आगाज जापान के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ किया था। वहीं, दूसरे मैच में टीम ने साउथ कोरिया को 63-31 से शिकस्त दी थी। भारत ने मैच की शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया और बांग्लादेश पर दबाव बनाए रखा। टीम ने मजबूत रेडिंग और अनुशासित डिफेंस के दम पर पहले हाफ में ही बड़ी बढ़त हासिल कर ली। भारतीय खिलाड़ियों ने सफल रेड के जरिए 18 अंक जुटाए और सात बोनस अंक भी हासिल किए। इसके अलावा, टीम ने बांग्लादेश को दो बार ऑलआउट भी किया।

भारतीय डिफेंस के सामने बांग्लादेश को प्वाइंट्स जुटाने में हुई मुश्किल 

बांग्लादेश को भारतीय डिफेंस के सामने प्वाइंट्स जुटाने में काफी मुश्किल हुई। मैच के शुरुआती हिस्से में वह रेडिंग में सिर्फ 5 प्वाइंट् तीन बोनस प्वाइंट ही हासिल कर सका। एक सुपर टैकल के जरिए बांग्लादेश को एक अतिरिक्त प्वाइंट मिला, लेकिन इससे मैच पर कोई खास असर नहीं पड़ा। भारत ने पूरे समय खेल पर अपना नियंत्रण बनाए रखा और लगातार शानदार रेड तथा मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। इसी दमदार खेल के चलते भारतीय टीम हाफ-टाइम तक 29-9 की बड़ी बढ़त लेने में सफल रही। दूसरे हाफ की शुरुआत में भारत ने एक बदलाव किया और अर्जुन देशवाल को देवांक दलाल की जगह मैदान पर उतारा, ताकि टीम की गति और दबदबा बना रहे। 

भारतीय टीम ने पूरे मैच में बनाए रखा नियंत्रण

हालांकि, ब्रेक के बाद बांग्लादेश ने पहले के मुकाबले बेहतर खेल दिखाया। टीम ने आक्रामक अंदाज में रेड की और भारतीय खिलाड़ियों को चुनौती देने की कोशिश की। दूसरे हाफ में बांग्लादेश ने रेडिंग में 8 प्वाइंट और 8 बोनस प्वाइंट हासिल किए। हालांकि, फिर भी भारत की मजबूत बढ़त और संतुलित प्रदर्शन के सामने बांग्लादेश की वापसी काफी नहीं रही। भारतीय टीम ने पूरे मैच में नियंत्रण बनाए रखा और अपनी बढ़त को सुरक्षित रखा। भारत गुरुवार को चीनी ताइपे के खिलाफ अपने ग्रुप-स्टेज अभियान का समापन करेगा। सेमीफाइनल में जगह पक्की होने के बाद भारतीय टीम नॉकआउट स्टेज में भी अपनी अजेय लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी।

ये भी पढ़ें- Asian Games: जुगराज सिंह के चार गोल, अभिषेक की हैट्रिक से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने श्रीलंका को 16-1 से रौंदा

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-23 से हराया

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय टीम ने कड़े मुकाबले में ईरान को 37-23 से हराते हुए टूर्नामेंट की अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत और ईरान के बीच पहले हाफ में खासतौर पर कांटे की टक्कर देखने को मिली। ईरान ने मुकाबले में शुरुआती बढ़त बनाई। 10-6 के स्कोर पर भारतीय टीम ऑलआउट होने की दहलीज पर थी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी पूजा ने बेहतरीन रेड करते हुए दो प्वाइंट अर्जित किए। पूजा की यह रेड मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई और इसके बाद भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी की। जल्द ही भारतीय टीम ने स्कोर को 11-11 से बराबर कर दिया। हाफ टाइम का अंत होने तक भारत ने 19-15 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में भारतीय टीम ईरान के डिफेंस पर पूरी तरह से हावी नजर आई। हालांकि, ईरान के रेडर ऐनाज जोब्रान की तीन प्वाइंट की सुपर रेड ने टीम को मैच में वापस लाने का काम किया।

टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरी है भारतीय टीम 

दबाव में भारतीय डिफेंस और रेडर्स ने कमाल का संयम दिखाया। भारत ने सुपर टैकल करते हुए मुकाबले में 26-21 की बढ़त बनाई। इसके बाद ईरान के रेडर्स ने एक के बाद एक गलती की, जिसका भरपूर फायदा भारतीय टीम को मिला। प्वाइंट्स के अंतर को कम करने की जल्दबाजी में ईरान के रेडर्स ने भारतीय डिफेंस को तोहफे के तौर पर कई अहम प्वाइंट्स दिए, जिससे भारत की लीड बढ़ती चली गई। यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले, टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की थी। टीम की ग्रुप ए में अगली भिड़ंत अब जापान से गुरुवार को होगी। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरी है। एशियन गेम्स 2026 में कुल 8 कबड्डी टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत को ईरान, बांग्लादेश और जापान के साथ रखा गया है। वहीं, ग्रुप बी में श्रीलंका, थाईलैंड, चीनी ताइपे और नेपाल मौजूद है।

ये भी पढ़ें- Asian Games 2026 में भारत की उम्मीदों को लगा तगड़ा झटका, शूटर मनु भाकर मेडल से चूकीं

अन्य प्रमुख खबरें