Asian Games: बॉक्सिंग में भारत का छठा मेडल पक्का,मुक्केबाज कपिल ने पुरुषों के 90 किग्रा सेमीफाइनल में बनाई जगह

खबर सार :-

एशियन गेम्स 2026 में मुक्केबाज कपिल पोखरिया ने भारत के लिए छठा मेडल पक्का कर दिया। बाक्सर कपिल ने पुरुषों के 90 किलोग्राम वर्ग में क्वार्टरफाइनल में साउथ कोरिया के किम गिचे पर 5-0 से शानदार जीत दर्ज की।
बॉक्सिंग में मुक्केबाज कपिल ने भारत का छठा मेडल किया पक्का

खबर विस्तार : -

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में मुक्केबाज कपिल पोखरिया ने देश के लिए एक और मेडल पक्का कर लिया है। एशियन गेम्स 2026 में मुक्केबाज कपिल पोखरिया ने पुरुषों के 90 किलोग्राम वर्ग में देश के लिए इस खेल का छठा मेडल सुनिश्चित कर लिया है। कपिल ने सोमवार को निशियो जिम्नेजियम में खेले गए क्वार्टरफाइनल में साउथ कोरिया के किम गिचे पर 5-0 से शानदार जीत दर्ज की। अब सेमीफाइनल में उनका मुकाबला वर्ल्ड चौंपियनशिप 2025 के गोल्ड मेडलिस्ट तुराबेक खबीबुल्लाएव से होगा। इस मुकाबले में कपिल का दबदबा रहा और उन्होंने सभी पांच जजों के वोट जीते। चार जजों ने उन्हें 30-27 और एक जज ने 30-26 का स्कोर दिया।

बॉक्सिंग में भारत का प्रदर्शन रहा बहुत अच्छा 

भारतीय बॉक्सर ने अपने सटीक और जोरदार पंचों की बदौलत पहला राउंड 5-0 से जीता। कपिल ने दूसरे राउंड में भी अपना दबदबा बनाए रखा और किम के खिलाफ 'स्टैंडिंग काउंट' की स्थिति भी पैदा की, जिससे यह राउंड भी 5-0 से उनके नाम रहा। तीसरे राउंड में कपिल ने समझदारी से कभी-कभी पंच मारे, क्योंकि उन्हें पता था कि वे पिछले दो राउंड में ही जीत और सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। एशियन गेम्स 2026 में बॉक्सिंग में भारत का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है। सोमवार को रिंग में उतरे तीनों बॉक्सरों ने अपने-अपने मुकाबले जीते। इनमें प्रिया घांघस और लवलीना बोरगोहेन शामिल हैं। प्रिया ने क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान की मिजगोना समादोवा पर 5-0 से एकतरफा जीत के साथ महिलाओं के 60 किग्रा कैटेगरी में अपना मेडल पक्का कर लिया। वहीं, लवलीना ने महिलाओं के 75 किग्रा क्वार्टर फाइनल में कोरिया की सियोंग सुयोन के खिलाफ 5-0 से जीत के साथ मेडल सुनिश्चित किया।

बॉक्सिंग में रविवार को तीन मेडल हुए थे पक्के

इससे पहले, रविवार को अंकुश पंघाल, परवीन हुड्डा और नरेंद्र ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर मेडल सुनिश्चित किए थे। मौजूदा कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन अंकुश ने पुरुषों के 80 किग्रा क्वार्टर-फाइनल में ताजिकिस्तान के नेक्रुज सलीमोव को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर इन गेम्स में भारत के लिए पहला बॉक्सिंग मेडल पक्का कर लिया। वहीं, परवीन ने भी महिलाओं के 65 किग्रा कैटेगरी के क्वार्टरफाइनल में उज्बेकिस्तान की नवबखोर खमिदोवा को 5-0 से हराकर मेडल पक्का किया। इसके बाद, नरेंद्र ने पुरुषों के 90+ किग्रा क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के अथापोंग सेंगटेप को शिकस्त देकर मेडल सुनिश्चित किया।

बॉक्सर प्रिया घांघस ने विमेंस 60 किग्रा क्वार्टर फाइनल में दर्ज की जीत 

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सर प्रिया घांघस ने सोमवार को ताजिकिस्तान की मिजगोना समदोवा के खिलाफ महिलाओं के 60 किलोग्राम कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल में 5-0 से सर्वसम्मति से जीत हासिल की। इसी के साथ प्रिया ने अपना मेडल भी पक्का कर लिया है। निशियो जिम्नेजियम में प्रिया पहले राउंड के बाद 2-3 से पीछे चल रही थीं, लेकिन अगले दो राउंड में वापसी करते हुए उन्होंने 5-0 से शानदार जीत दर्ज की और कम से कम ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित किया। प्रिया और समदोवा दोनों ने पहले राउंड में जबरदस्त प्रदर्शन किया। संभलकर शुरुआत करने के बाद, ताजिक बॉक्सर ने कुछ पंच मारे, जबकि प्रिया ने भी आखिरी 90 सेकंड में कुछ पंच जड़े। हालांकि, हांगझोऊ गेम्स में 57 किलोग्राम कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली समदोवा ने पहला राउंड 3-2 से जीता। दूसरे राउंड में प्रिया ज्यादा आक्रामक दिखीं और उन्होंने कुछ अच्छे कॉम्बिनेशन पंच मारे, साथ ही ताजिक बॉक्सर को एक प्वाइंट्स की पेनाल्टी भी मिली। प्रिया ने दूसरा राउंड 5-0 से जीता और समदोवा को पेनाल्टी मिली।

सेमीफाइनल में प्रिया का मुकाबला चीन की यांग चेंग्यु से होगा

आखिरी राउंड में ताजिक बॉक्सर जीत के लिए बेताब दिखीं और उन्होंने पूरी ताकत लगा दी। उनके कुछ पंच लगे, लेकिन जब प्रिया ने समदोवा को बैकफुट पर देखा तो उन्होंने भी कुछ पंच मारे और भारतीय बॉक्सर ने तीसरा राउंड भी 5-0 से जीत लिया। सभी पांच जजों ने प्रिया के पक्ष में वोट दिया, तीन जजों ने स्कोर 29-27 प्रिया के पक्ष में दिया और दो जजों ने तीनों राउंड में उन्हें 30-26 का स्कोर दिया। अब सेमीफाइनल में प्रिया का मुकाबला एक बहुत मजबूत प्रतिद्वंद्वी से होगा। गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाने के लिए बुधवार को उनका सामना चीन की यांग चेंग्यु से होगा। चेंग्यु दो बार की वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडलिस्ट हैं; उन्होंने 2023 एआईबीए वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड और 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। यह आइची-नागोया गेम्स में भारत का बॉक्सिंग में पांचवां पक्का मेडल है। इससे पहले दिन में, लवलीना बोरगोहेन ने कोरिया की सियोंग सुयोन के खिलाफ महिलाओं के 75 किग्रा क्वार्टर फाइनल में 5-0 से शानदार जीत के साथ अपना मेडल पक्का कर लिया। 2023 हांगझोऊ गेम्स की सिल्वर मेडलिस्ट बोरगोहेन ने इस कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अब अपना दूसरा एशियन गेम्स का मेडल पक्का कर लिया है।

ये भी पढ़ें- Asian Games: 400 मीटर हर्डल्स में विथ्या रामराज ने पीटी उषा का रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास, जीता ब्रॉन्ज मेडल

अन्य प्रमुख खबरें