Delhi Lal Kila Blast: नई दिल्ली में लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार बम धमाके ने देश की राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने इस घटना को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली पुलिस सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है, तो इतनी बड़ी सुरक्षा चूक कैसे हो सकती है?
अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “दिल्ली के लालकिला के पास हुए विस्फोट की खबर से मैं बेहद दुखी हूं। कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है और कई घायल हुए हैं। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच कोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल (SIT) से कराई जाए ताकि असल जिम्मेदारों तक पहुंचा जा सके और किसी निर्दोष को सजा न मिले।
अभिषेक बनर्जी ने अपने पोस्ट में यह भी उल्लेख किया कि एक दिन पहले हरियाणा के फरीदाबाद से करीब 350 किलोग्राम विस्फोटक और एक असॉल्ट राइफल बरामद हुई थी। उन्होंने कहा कि इन दोनों घटनाओं को एक साथ देखने की जरूरत है क्योंकि यह देश की आंतरिक सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की तत्परता पर गंभीर सवाल उठाता है। सूत्रों के अनुसार, धमाके में इस्तेमाल की गई कार दक्षिण कश्मीर के पुलवामा निवासी डॉ. उमर नबी के नाम से रजिस्टर्ड थी। फिलहाल यह जांच का विषय है कि वाहन असल में किसके कब्जे में था और इसे दिल्ली तक कैसे लाया गया।
धमाके के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार रात घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि जांच के सभी कोणों से पड़ताल की जा रही है और किसी भी साजिशकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा। इस जांच में दिल्ली पुलिस, एनआईए, एनएसजी और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीमें शामिल की गई हैं। गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को अलर्ट जारी करते हुए सार्वजनिक स्थानों, मॉल, धार्मिक स्थलों और परिवहन केंद्रों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। विशेष रूप से भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे जैसलमेर जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने देर रात से ही पूरे जिले में व्यापक नाकाबंदी के आदेश दिए। शहर के प्रवेश द्वारों, राष्ट्रीय राजमार्गों, पोकरण-जैसलमेर मार्ग और सीमा से लगते रास्तों पर पुलिस टीमें वाहनों की गहन जांच कर रही हैं। जैसलमेर में इन दिनों पर्यटन सीजन चरम पर है, जिसके चलते हजारों पर्यटक रोज़ाना यहां पहुंच रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और धर्मशालाओं में आईडी जांच और सामान की तलाशी को अनिवार्य कर दिया है। शहर कोतवाल प्रेमदान रतनू के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। हर वाहन और व्यक्ति की जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को पहले ही रोका जा सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह धमाका न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक गंभीर चेतावनी है। फरीदाबाद से मिले विस्फोटक और लालकिला धमाके के बीच कोई लिंक मिलने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। अब सवाल यह है कि क्या खुफिया तंत्र समय रहते इन घटनाओं को रोकने में विफल रहा, या फिर इसमें कोई बड़ी साजिश काम कर रही थी। फिलहाल जांच एजेंसियां हर संभावित एंगल पर काम कर रही हैं।
अन्य प्रमुख खबरें
WHO ने इबोला को घोषित किया ग्लोबल हेल्थ एमरजेंसी, भारत के इस राज्य में बढ़ी सतर्कता
तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़, DRI ने जब्त की 60 हजार किलोग्राम विदेशी सुपारी, 5 गिरफ्तार
सड़क पर नमाज पढ़ने वालों को CM धामी की खुली चेतावनी, कहा- यात्रियों को हुई परेशानी तो...
भारत-साइप्रस के बीच रणनीतिक साझेदारी, सुरक्षा-शिक्षा समेत कई अहम समझौतों पर बनी सहमति
भारत दौरे पर आए साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स, पीएम मोदी ने की मुलाकात
CBI raids: सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, बैंक फ्रॉड मामले में सात ठिकानों पर छापेमारी
उमर को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत,1 लाख रुपये के निजी मुचलके पर मिली अंतरिम जमानत
Twisha Sharma Death Case: मध्य प्रदेश सरकार ने की CBI जांच की सिफारिश, केंद्र को भेजा प्रस्ताव
नई दिल्ली में होगी QUAD विदेश मंत्रियों की अहम बैठक, हिंद-प्रशांत रणनीति पर रहेगा फोकस