Stock Market Today: धनतेरस से पहले शेयर बाजार में तूफानी तेजी, सेंसेक्स 1600 तो निफ्टी 450 अंक उछला

खबर सार :-

Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जोरदार तेजी के साथ शुरुआत हुई। निफ्टी और सेंसेक्स, दोनों प्रमुख सूचकांकों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई।
धनतेरस से पहले शेयर बाजार में तूफानी तेजी, सेंसेक्स 1600 अंक उछला

खबर विस्तार : -

Stock Market Today: धनतेरस से एक दिन पहले गुरुवार, 5 नवंबर को शेयर बाजार में तूफानी तेजी देखने को मिली। यह तेजी अमेरिकी मध्यावधि चुनावों (मिडटर्म इलेक्शन) में डोनाल्ड ट्रंप को मिली करारी हार के बाद आई है। अमेरिकी संसद के दोनों सदनों हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट में डेमोक्रेट्स की सफलता के बाद वॉल स्ट्रीट के मजबूत प्रदर्शन और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के चलते, गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत काफी मजबूत रही। 

प्रमुख सूचकांकों, सेंसेक्स और निफ्टी में लगभग 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार शुरू हुआ और सभी प्रमुख सेक्टर्स में खरीदारी देखी गई। शुरुआती कारोबार में, BSE सेंसेक्स 1,609.54 अंक की तेजी के साथ 78,910.94 पर खुला, जबकि NSE निफ्टी-50, 450 अंक की बढ़त के साथ 24,378.05 पर खुला। दिन के कारोबार के दौरान, सेंसेक्स 78,922.44 के उच्च स्तर तक पहुंच गया, जबकि निफ्टी ने 24,391.95 का उच्च स्तर छुआ।

इन सेक्टरों में रही तेजी

सेक्टर के हिसाब से देखें तो,फाइनेंशियल शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही, जिसमें निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 2 प्रतिशत से अधिक चढ़ गया। रियल्टी सेक्टर ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 1.86 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा, सीमेंट, ऑटो, IT, ऑयल एंड गैस और PSU बैंक सेक्टर के शेयरों में भीतेजी देखने को मिली। इस बीच, FMCG, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल, मीडिया और केमिकल सेक्टर के शेयरों में भी तेजी रही। इससे पूरे बाजार में चौतरफा खरीदारी का माहौल रहा। फार्मा और हेल्थकेयर इंडेक्स लाल निशान में कामकाज करने वाले इडेक्सों में शामिल रहे।

इस उछाल का असर निवेशकों की कुल संपत्ति पर भी पड़ा। शुरुआती कारोबार के दौरान BSE पर सूचीबद्ध कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 8 लाख करोड़ बढ़ गया। मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों में भी खरीदारी देखी गई। लगातार पांच कारोबारी सत्रों में बढ़त के बाद, गुरुवार की तेजी के साथ बाजार में रिकवरी का सिलसिला छठे दिन भी जारी रहा। इस दौरान, सेंसेक्स में कुल मिलाकर लगभग 5,500 अंकों की तेजी दर्ज की गई है।

बाजार में तेजी की वजह

दरअसल भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को आई तेजी में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों ने अहम भूमिका निभाई। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरकर दो महीने के निचले स्तर पर आ गई हैं। इसके अलावा अमेरिका के मध्यावधि चुनावों (मिडटर्म इलेक्शन) में डेमोक्रेट्स के प्रदर्शन के बाद, भू-राजनीतिक हालात बदलते दिख रहे हैं। निवेशकों को उम्मीद है कि राजनीतिक परिदृश्य में आए इस बदलाव से अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का जल्द समाधान निकल सकता है। भू-राजनीतिक मोर्चे पर राहत मिलने की इसी उम्मीद के चलते, ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 1% गिरकर 93.5 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इससे पहले के कारोबारी सत्र में इसमें 8.7% की भारी गिरावट दर्ज की गई थी।

ये भी पढ़ेंः- ग्लोबल मार्केट में उथल-पुथल, अमेरिकी और एशियाई बाजार कमजोर; गिफ्ट निफ्टी में 160 अंकों का उछाल

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी चुनाव नतीजों पर शुरुआती सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद, निवेशकों का ध्यान वापस अमेरिकी राजनीति और नीतिगत दिशा की ओर जाएगा। उनका मानना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कांग्रेस के बीच संभावित राजनीतिक टकराव आगे चलकर बाजारों के लिए एक अहम मुद्दा बन सकता है। उनका मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, अमेरिकी डॉलर का कमजोर होना, विदेशी निवेशकों की वापसी और भू-राजनीतिक तनाव में कमी आना भारतीय बाजारों के लिए सकारात्मक कारक हैं। अगर यह रुझान बना रहता है, तो निकट भविष्य में बाजार की तेजी और मजबूत हो सकती है।

वैश्विक बाजारों में भी जोरदार तेजी 

वैश्विक बाजारों में भी जोरदार तेजी देखने को मिली। अमेरिकी शेयर बाजार में, डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 3 प्रतिशत से अधिक उछल गया - जो पिछले चार दशकों में मध्यावधि चुनाव के बाद का सबसे मजबूत प्रदर्शन है। वहीं, S&P 500 और नैस्डैक कंपोजिट में भी 1.4 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। खासतौर पर बैंकिंग, ऑटो और आईटी शेयरों में मजबूती देखने को मिली। अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में डेमोक्रेटिक पार्टी की स्पष्ट जीत के बाद राजनीतिक अनिश्चितता कम हुई, जिस पर निवेशकों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी ने भी बाजार को मजबूती दी। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 4 नवंबर को विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में लगभग 7,284 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। लगातार चार सत्रों से जारी इस खरीदारी ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।

FAQ (पूछे जाने वाले सामान्य प्रश्न)....

1. गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार कैसे खुला?

भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को मजबूती के साथ खुला। सेंसेक्स 1600 अंक चढ़कर 78,910.94 और निफ्टी 450 अंक की बढ़त के साथ 24,378.05 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।

2. किन शेयरों और सेक्टरों में सबसे ज्यादा खरीदारी रही?

शुरुआती कारोबार में पीएसयू शेयरों में खरीदारी का जोर रहा। निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी पीएसई प्रमुख बढ़त वाले सूचकांकों में रहे। एनर्जी, ऑयल एंड गैस, मेटल और इंफ्रा सेक्टर भी मजबूत रहे।

3. बाजार के लिए अहम सपोर्ट लेवल कौन से हैं?

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार 21,743 और 22,182 के स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट जोन हैं। इनके टूटने पर बाजार में ज्यादा गिरावट का जोखिम बढ़ सकता है, जबकि इनके ऊपर टिकाव से रिकवरी को समर्थन मिल सकता है।

ये भी पढ़ेंः- सपाट शुरुआत के बावजूद शेयर बाजार में दमदार हलचल, मिडकैप-स्मॉलकैप में खरीदारी से निवेशकों का बढ़ा भरोसा

अन्य प्रमुख खबरें